A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केसीआर की बेटी के. कविता ने लॉन्च की नई पार्टी TRS, BRS से बगावत के बाद उठाया बड़ा कदम

केसीआर की बेटी के. कविता ने लॉन्च की नई पार्टी TRS, BRS से बगावत के बाद उठाया बड़ा कदम

पार्टी के भीतर मतभेद और विवादों के चलते 2025 में उन्हें BRS से सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी और ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (TRS) के गठन के साथ नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की।

K Kavita- India TV Hindi
Image Source : PTI के कविता

हैदराबाद: तेलंगाना की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। यहां केसीआर की बेटी के कविता ने शनिवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (TRS) लॉन्च कर दी। उन्होंने हैदराबाद के बाहरी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में नई पार्टी के गठन का ऐलान किया।

कैसे बीआरएस से अलग हुईं कविता?

कविता के चंद्रशेखर राव की बेटी हैं। पहले वहभारत राष्ट्र समित (BRS) से जुड़ी थीं। सितंबर 2025 में कविता को बीआरएस से तब निलंबित कर दिया गया था जब उन्होंने अपने चचेरे भाई एवं पार्टी नेता टी.हरीश राव तथा रिश्तेदार जे.संतोष कुमार पर बीआरएस के शासन के दौरान निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना को लेकर अपने पिता और बीआरएस अध्यक्ष के.चंद्रशेखर राव की छवि को ''खराब'' करने का आरोप लगाया था। 

निलंबन के बाद से कविता अपने संगठन तेलंगाना जागृति के जरिए सामाजिक और जनता से जुड़े मुद्दों पर एक्टिव रहीं। अब नई पार्टी के गठन के साथ उन्होंने सीधे राजनीतिक मैदान में वापसी की है।

BRS का पुराना नाम भी टीआरएस था

गौरतलब है कि उनके पिता की पार्टी BRS का पुराना नाम भी ‘तेलंगाना राष्ट्र समिति’ (TRS) था, जिसे 2022 में बदल दिया गया था। ऐसे में के कविता का उसी नाम से नई पार्टी बनाना तेलंगाना की सियासत में नई बहस और टकराव को जन्म दे सकता है।

कविता ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत तेलंगाना राष्ट्र समिति (अब Bharat Rashtra Samiti) से की। वे 2014 में निजामाबाद लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं और संसद में सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में वे राज्यसभा सदस्य भी बनीं। कविता को एक आक्रामक, स्पष्टवादी और जमीनी मुद्दों को उठाने वाली नेता के रूप में जाना जाता है, जिनकी राजनीति में पकड़ लगातार मजबूत होती रही है।

Latest India News