Kerala Local Body Elections 2025: केरल में स्थानीय निकाय चुनावों में 70.90 फीसदी वोटिंग, सबसे ज्यादा मतदान एर्नाकुलम में
Kerala Local Body Elections 2025: चुनाव के पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में वोटिंग संपन्न हो गई है। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग 11 दिसंबर होगी।

Kerala Local Body Elections 2025: केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 7 जिलों में मतदान मंगलवार को संपन्न हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक निर्धारित था, लेकिन कतार में खड़े लोगों को इसके बाद भी वोट डालने का मौका दिया गया। शाम 6:30 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 70.90 रहा। सबसे अधिक मतदान एर्नाकुलम जिले में 73.96% हुआ, जबकि सबसे कम मतदान पत्तनमथिट्टा (पथुनमथिट्टा) जिले में 66.35% दर्ज किया गया। वहीं दूसरे चरण की वोटिंग 11 दिसंबर होगी। केरल स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे 13 दिसंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।
Live updates : Kerala Local Body Elections 2025 LIVE
-
December 09, 2025 7:43 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पहले चरण में 7 जिलों में मतदान संपन्न
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 7 जिलों में मतदान संपन्न हो गया। जिला-वार मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा:
- तिरुवनंतपुरम: 66.53%
- कोल्लम: 69.08%
- कोट्टयम: 70.33%
- इडुक्की: 70.98%
- आलप्पुझा: 73.32%
- एर्नाकुलम: 73.96%
- पथुनमथिट्टा: 66.35%
इन 7 जिलों में आज मतदान पूरा हो गया। वहीं, शेष सात जिलों में 11 दिसंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा। इन जिलों में आज शाम चुनाव प्रचार पूरी तरह थम गया।
-
December 09, 2025 4:09 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
3 बजे तक कहां कितना मतदान? देखें
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण में दोपहर 3 बजे तक का मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा- तिरुवनंतपुरम जिले में 53.63%, कोल्लम में 57.57%, पत्तनमथिट्टा में 55.54%, अलप्पुझा में 60.08%, कोट्टयम में 57.97%, इडुक्की में 56.6%, तथा एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 61.05% मतदान दर्ज किया गया। सबसे कम मतदान तिरुवनंतपुरम में और सबसे ज्यादा एर्नाकुलम में हुआ।
-
December 09, 2025 4:05 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने वोट डाला
केरल स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने जवाहर नगर एलपी स्कूल में अपना वोट डाला।
-
December 09, 2025 4:05 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
एक्टर दिलीप ने वोट डाला
किडनैपिंग और रेप मामले में कोर्ट से सोमवार को बरी हुए एक्टर दिलीप ने आलुवा के एक बूथ पर अपना वोट डाला।
-
December 09, 2025 4:04 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
ज़िलेवार वोटिंग प्रतिशत
ज़िलेवार वोटिंग प्रतिशत इस प्रकार रहा कोल्लम (47.31%), पत्तिनमथिट्टा 46.08%, कोट्टयम (47.29%), इडुक्की (45.45%), और एर्नाकुलम (50.01%)।
-
December 09, 2025 3:36 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
सबसे कम वोटिंग तिरुवनंतपुरम में
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों में सबसे कम वोटिंग तिरुवनंतपुरम (43.54%) में हुई। सबसे ज़्यादा वोटिंग आल्लप्पुझा (50.02%) में हुई।
-
December 09, 2025 3:36 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
7 घंटे में कुल 53.54% वोटिंग
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण में 7 घंटे की वोटिंग के बाद, कुल 53.54% लोगों ने अपने वोट डाले हैं।
-
December 09, 2025 2:29 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
हमें शानदार जीत मिलेगी: एमए बेबी
CPI-M नेता एमए बेबी ने तिरुवनंतपुरम के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "हम लोगों को समझा रहे हैं कि लेफ्ट पंचायती राज सिस्टम के प्रति कितना कमिटेड है, हमें शानदार जीत मिलेगी।"
-
December 09, 2025 1:41 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी ने मतदान किया
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया। आज सुबह से निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी है।
-
December 09, 2025 1:24 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
विझिंजम और ओनाक्कुर वार्ड में वोटिंग टली
तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन के विझिंजम वार्ड और एर्नाकुलम जिले की पंबक्कुडा ग्राम पंचायत के ओनाक्कुर वार्ड में आज होने वाली वोटिंग टाल दी गई है। दोनों जगहों पर उम्मीदवारों की मौत के कारण वोटिंग टाली गई है। मलप्पुरम की मूठेदम ग्राम पंचायत के सातवें वार्ड में, जहाँ वोटिंग हो रही है, उम्मीदवार की मौत के कारण दूसरे चरण की वोटिंग भी टाल दी गई है।
-
December 09, 2025 12:39 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
के.सी. वेणुगोपाल ने आल्लप्पुझा में डाला वोट
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण की वोटिंग जारी है। AICC के जनरल सेक्रेटरी के.सी. वेणुगोपाल ने आल्लप्पुझा म्युनिसिपैलिटी के कैथवना वार्ड में मातानिकेतन ऑडिटोरियम के बूथ पर अपना वोट डाला। (रिपोर्ट-टी राघवन)
-
December 09, 2025 12:07 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पहले 4 घंटे की वोटिंग के बाद 26.04% मतदान
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण में 4 घंटे की वोटिंग के बाद, कुल 26.04% मतदान हुआ है। सबसे कम वोटिंग तिरुवनंतपुरम (23.91%) में हुई। सबसे ज़्यादा वोटिंग आल्लप्पुझा (27.74%) में हुई। जिलेवार वोटिंग प्रतिशत इस प्रकार रहा: कोल्लम (26.07%), पत्तिनमथिट्टा (25.73%), कोट्टयम (26.01%), इडुक्की (24.54%), और एर्नाकुलम (27.59%)। (रिपोर्ट-टी राघवन)
-
December 09, 2025 11:58 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
तिरुवनंतपुरम में शशि थरूर ने किया मतदान
केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए वोटिंग जारी है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आज तिरुवनंतपुरम के कॉटनहिल यूपीएस वझुथकाड, बूथ नंबर 005 में अपना वोट डाला।
-
December 09, 2025 11:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
बदलाव का समय आ गया: शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "तिरुवनंतपुरम केरल की राजधानी है, और हम पिछले 45 सालों से खराब शासन से परेशान हैं। हमारा मानना है कि बदलाव का समय आ गया है। UDF और कांग्रेस ने युवा उम्मीदवारों को आगे बढ़ाया है। हमारे लिए युवा चेहरों को आगे लाने का मतलब है कि हम बदलाव चाहते हैं। मैं वोट देने आया हूं ताकि यह संदेश दे सकूं कि बदलाव ज़रूर आना चाहिए।"
-
December 09, 2025 11:34 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
केरल स्थानीय निकाय चुनाव: 2020 में क्या हुआ था
2020 के केरल स्थानीय निकाय चुनावों में, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) ने निर्णायक जीत हासिल की थी और राज्य भर में अधिकांश स्थानीय निकायों पर कंट्रोल कर लिया था। वोटर टर्नआउट: 76.2% रहा जो 2015 में हुए निकाय चुनाव में मतदान से 1.5% कम रहा।
-
December 09, 2025 11:23 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
2 करोड़ 84 लाख से ज्यादा वोटर
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। दो चरणों में हो रहे इस चुनाव में मतदाताओं की कुल संख्या 2,84,30,761 है जिनमें 1,34,12,470 पुरुष, 1,50,18,010 महिलाएं और 281 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
-
December 09, 2025 11:16 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
अडूर प्रकाश के बयान पर राज्य मंत्री वीना जॉर्ज का बयान
केरल स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इस बीच एक्टर दिलीप पर UDF संयोजक अडूर प्रकाश के बयान पर राज्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा, "यह नेता और जिस पार्टी का वह प्रतिनिधित्व कर रहे हैं - यह साफ है कि उनकी महिलाओं के खिलाफ एक पॉलिसी है और यह स्वीकार्य नहीं है। यह पार्टी की पॉलिसी और विज़न भी है। सरकार पीड़ित लड़की के साथ लगातार खड़ी है।"
-
December 09, 2025 9:59 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
केरल निकाय चुनाव में सुबह 9 बजे तक कितनी वोटिंग?
केरल स्थानीय निकाय चुनाव में सुबह 9 बजे तक तिरुवनंतपुर में 13.75%, कोल्लम में 15.27% और एर्नाकुलम में 14.30% वोटिंग होने की खबर है।
-
December 09, 2025 9:30 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी-राज्य चुनाव आयुक्त
केरल के राज्य चुनाव आयुक्त ए. शाहजहां ने स्थानीय निकाय चुनावों के लिए तिरुवनंतपुरम में एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा-"हर पोलिंग स्टेशन पर शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है। पहले चरण की वोटिंग 7 जिलों में हो रही है। राज्य चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण वोटिंग प्रक्रिया के लिए सभी इंतज़ाम किए हैं। वोटिंग टोकन सिस्टम की मदद से की जा रही है। हमें अच्छे वोटर टर्नआउट की उम्मीद है। तिरुवनंतपुरम की एक नगर पालिका विझिंजम में 10 पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन वोटिंग शुरू होने से ठीक पहले एक उम्मीदवार की मौत के कारण हमें वहां वोटिंग प्रक्रिया रोकनी पड़ी। आयोग नए सिरे से चुनाव की घोषणा करेगा और उसी के अनुसार वोटिंग होगी।"
-
December 09, 2025 8:58 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
हमें पूरा भरोसा है कि UDF ये चुनाव जीतेगी:अडूर प्रकाश
UDF संयोजक अडूर प्रकाश ने पथानामथिट्टा स्थित पोलिंग स्टेशन पर मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा, "यह चुनाव हम बिना किसी शक के जीतेंगे। हमें पूरा भरोसा है कि UDF ये चुनाव जीतेगी।" सबरीमाला सोने की चोरी के मुद्दे पर, उन्होंने कहा, "लोग सबरीमाला का मुद्दा उठाएंगे, और इसे अलग से उठाया जाएगा।" 2017 में एक्ट्रेस पर हमले के मामले में एक्टर दिलीप के बरी होने पर, उन्होंने कहा, "...उन्हें कोर्ट से न्याय मिला।"
-
December 09, 2025 8:28 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
कुशासन, भ्रष्टाचार और विकास की कमी को खत्म कर देंगे-राजीव चंद्रशेखर
केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम में जवाहरनगर GLPS के एक पोलिंग बूथ पर केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने वोटिंग के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, "चुनाव हमारे लोकतंत्र का उत्सव है। इस मामले में, स्थानीय निकाय चुनाव लोगों के लिए अपनी चिंताओं के बारे में सोचने और अपने भविष्य के लिए वोट डालने का मौका है। मैं सभी मलयाली लोगों से बड़ी संख्या में बाहर आकर वोट डालने की अपील करता हूं। स्थानीय निकाय चुनावों में पारंपरिक रूप से कम वोटिंग होती है, यही वजह है कि कई सालों तक स्थानीय निकायों में कोई विकास या शासन नहीं हुआ। वोटिंग बदलाव ला सकती है और लोग जो विकास चाहते हैं, वह हो सकता है। इन चुनावों में असली मुद्दे वही हैं जिनका वे हर दिन सामना करते हैं - सड़कें, पीने का पानी, कचरा, सीवेज, ड्रेनेज। लोगों ने LDF और UDF को कई बार मौका दिया है और चुनाव यह जानने का समय है कि उन्होंने क्या किया। अगर वे हमें मौका देते हैं, तो हम सालों के कुशासन, भ्रष्टाचार और विकास की कमी को खत्म कर देंगे।"
-
December 09, 2025 8:24 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
UDF शानदार जीत दर्ज करेगी-वी.डी. सतीशन
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने तिरुवनंतपुरम में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए वोट डालने के बाद कहा, "हमें उम्मीद है कि UDF शानदार जीत के साथ वापस आएगी क्योंकि केरल में लंबे समय से सत्ता विरोधी लहर है। मैंने राज्य के लगभग सभी 14 जिलों का दौरा किया है। हमने चुनावों के लिए अच्छी तैयारी की है और LDF पर अच्छे मार्जिन से जीत की उम्मीद है।"
-
December 09, 2025 8:06 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने किया मतदान
केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पहले फेज की हो रही वोटिंग के दौरान केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने कोच्चि को पोलिंग बूथ पर मतदान किया। स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में आज तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम ज़िले में वोटिंग हो रही है।
-
December 09, 2025 8:01 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोगों का सहयोग मिलेगा, हम सब ठीक कर देंगे-सुरेश गोपी
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने तिरुवनंतपुरम में वोट डालने के बाद कहा, "लोग हमें अपनी पसंद के हिसाब से शासन करने और शहर के लिए उनके सपनों को पूरा करने के लिए सहयोग करेंगे। हम सब कुछ ठीक कर देंगे।" उन्होंने यह भी कहा, "अगर लोगों से किए गए सभी वादे बेकार गए हैं, तो लोगों का ध्यान अब मेरी पार्टी की ओर है और मुझे लगता है कि इस बार हम तिरुवनंतपुरम के ज़रिए केरल के लोगों की भलाई और फायदे के लिए यह हासिल करेंगे।"
-
December 09, 2025 8:00 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने तिरुवनंतपुरम में किया मतदान
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने तिरुवनंतपुरम स्थित पोलिंग बूथ पर केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए अपना वोट डाला। सुरेश गोपी सुबह-सुबह अपनी पत्नी राधिका नायर के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे थे। वे वोटरों के बीच कतार में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
-
December 09, 2025 7:59 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
वी.डी. सतीशन कोच्चि में वोट डालने पहुंचे
केरल स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पहले फेज की हो रही वोटिंग के दौरान केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन कोच्चि में वोट डालने एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे। स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का चुनाव आज हो रहा है।
-
December 09, 2025 7:42 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी वोट डालने पहुंचे
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी अपनी पत्नी राधिका नायर के साथ तिरुवनंतपुरम में केरल स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। पहले चरण में आज तिरुवनंतपुरम के साथ ही कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम ज़िले में वोटिंग हो रही है।
-
December 09, 2025 7:40 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में आज तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम ज़िले में वोटिंग हो रही है।