1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: पीएम मोदी के पिता पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर सियासी संग्राम, बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन
Live now

LIVE: पीएम मोदी के पिता पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर सियासी संग्राम, बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर सड़कों पर उतरने का फैसला लिया। आज देशभर में बीजेपी प्रदर्शन कर रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे - India TV Hindi
Image Source : X@INCINDIA मल्लिकार्जुन खरगे

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी को लेकर दिए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी खरगे की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ आज देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। दरअसल, पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान एक शख्स द्वारा यह कहे जाने पर पीएम मोदी कहीं जाएंगे, जवाब में गुस्से में आकर यह टिप्पणी की थी। अब बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया है।

बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए। आज देशभर में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। बीजेपी आज हर जिला मुख्यालय पर प्रोटेस्ट कर रही है। पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकाल रही है और पुतला दहन करेगी। 

बीजेपी ने कहा कि खरगे ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पहले गुंडों और बदमाशों से जुड़ी मानी जाती थी। पार्टी ने इसे कांग्रेस की ‘वैचारिक दिवालियापन’ का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल के बजाय 'माफिया गैंग' जैसी दिखने लगी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की 'अशोभनीय राजनीति' को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। इस बीच खरगे के लिए एक और मुसीबत खड़ी हो गई है। उनके खिलाफ पटना के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Latest India News

Live updates : Mallikarjun Kharge remark BJP Protest Live Blog

  • 2:20 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    कांग्रेस पागलों का समहू है-निशिकांत दुबे

    BJP MP निशिकांत दुबे ने कहा, 'पूरी कांग्रेस पार्टी की हालत खराब हो गई है। 1971-72 में हेनरी किसिंजर और निक्सन ने बांग्लादेश युद्ध के बाद इंदिरा जी के बारे में बहुत गाली-गलौज की थी। उसी पार्लियामेंट में अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर लाल कृष्ण आडवाणी तक ने उनका (इंदिरा गांधी का) बचाव किया क्योंकि वह देश की प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने कहा कि हम ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं करते। हम बुरी चीजें बर्दाश्त नहीं कर सकते, और अगर हमें अमेरिका से रिश्ते खत्म करने पड़े, तो हम कभी बाहर जाकर कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन जिस तरह से हम गाली-गलौज करते हैं, हम ऐसी बातें तभी कह सकते हैं जब हम पागल हों, और इसका कारण यह है कि 100 चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस अभी तक उस सदमे से उबर नहीं पाई है, और उसे लगता है कि उसे 10-20 साल और अपोज़िशन में बैठना है। जो मैंने कल कहा था और आज फिर कह रहा हूं, वह यह है कि आज की कांग्रेस पागलों का ग्रुप है और इसकी लीडरशिप मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर राहुल गांधी तक है।'

     

  • 1:10 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    BJP का बेंगलुरु में प्रदर्शन

    AICC अध्यक्ष और कर्नाटक कांग्रेस के सीनियर लीडर मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष आर अशोक की अगुवाई में BJP के कार्यकर्ताओं ने फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन किया । PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए उनसे तत्काल माफी मांगने को कहा और आरोप लगाया कि खरगे ने कर्नाटक की 7 करोड़ जनता का अपमान किया है और इसका परिणाम कांग्रेस पार्टी को चुनावों में भुगतना पड़ेगा।  विरोध प्रदर्शन के बाद BJP नेताओं ने फ्रीडम पार्क से विधानसभा तक मार्च करने का ऐलान किया लेकिन पुलिस ने उन्हें फ्रीडम पार्क के पास ही रोक लिया।

     

  • 12:44 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    कांग्रेस अध्यक्ष ने करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत किया: राजनाथ सिंह

    केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने  कहा, 'ये बहुत दुखद है। कल पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में जो टिप्पणी की, उससे मुझे गहरा आघात लगा है और बहुत दुख हुआ है। इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये टिप्पणियां किसी साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता या युवा नेता ने नहीं, बल्कि उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की हैं, जो खुद को देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करती है। अपने इस आचरण से कांग्रेस अध्यक्ष ने करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत किया है। लेकिन कांग्रेस यहीं नहीं रुकी अब वे खरगे जी के शब्दों को सही ठहराने की कोशिश करके लोगों की भावनाओं को और अधिक आहत कर रहे हैं। अपनी गलती मानने और खेद प्रकट करने के बजाय, कांग्रेस इस बयान का बचाव करने और इसे सही साबित करने में लगी हुई है।'

  • 11:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    खरगे मानसिक तौर पर बीमार हो चुके हैं-ललन सिंह

    केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने  कहा, 'खरगे जी कांग्रेस अध्यक्ष हैं और जितनी मर्यादा का उल्लंघन उन्होंने किया है तो कुछ अब बचा नहीं है इसका यही मतलब है कि ये उनकी उम्र का असर है या वह मानसिक तौर पर बीमार हो चुके हैं। कोई पार्टी का अध्यक्ष इस तरह की भाषा देश के पीएम मोदी के बारे में करेगा ये कोई सपने में भी सोच नहीं सकता है। सारी सीमाओं का उल्लंघन कांग्रेस पार्टी ने किया है और इसी तरह वो देश में शासन करना चाहते हैं अच्छा हुआ देश की जनता उन्हें मौका नहीं दे रही है अगर देश कही गलती से उन्हें मौका दे दिया होता तो जो इंदिरा गांधी के समय इस देश हाल हुआ था उससे और खराब हाल में राहुल गांधी पहुंचा देते।'

     

  • 11:12 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    कांग्रेस नेता दानिश अली ने कहा?

    मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर कांग्रेस नेता दानिश अली ने कहा, 'जो वोट चोर हैं, जिन्होंने इस देश के लोकतंत्र पर डाका डाला है, उनके बाप भी जाएंगे और उनकी नाजायज औलादें भी जेल में जाएंगी।'

  • 11:02 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पटना में खरगे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना बीजेपी का विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम शुरू।  बीजेपी के कार्यकर्ता और नेता पार्टी दफ्तर से निकले। इनकम टैक्स चौराहे तक विरोध प्रदर्शन करेंगे।

     

  • 10:55 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    खरगे जी का यह बर्ताव एक सोची-समझी रणनीति: गिरिराज सिंह

    मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'पीएम मोदी के पिता के खिलाफ खरगे जी की टिप्पणी कोई इकलौती घटना नहीं हैं; यह उनकी मानसिकता को दर्शाती हैं, यह उनके DNA में ही बसा है। खरगे जी का यह बर्ताव एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। अगर राहुल गांधी इस पर कुछ नहीं बोलते हैं, अगर वह खरगे जी से माफी मांगने की मांग नहीं करते हैं, तो हम देश की जनता को बताते रहेंगे कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से हताशा में काम कर रही है। कांग्रेस अपने अंत की ओर बढ़ रही है। हम तब तक विरोध करते रहेंगे जब तक खरगे जी इस्तीफा नहीं दे देते, जब तक वह माफी नहीं मांग लेते, और जब तक राहुल गांधी और सोनिया गांधी अपनी चुप्पी नहीं तोड़ देते।'

     

  • 10:40 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    खरगे जी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया: ओपी राजभर

    मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर यूपी के मंत्री ओपी राजभर ने कहा, 'उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और पीएम मोदी का साथ दे रही है, इसलिए अब उनके कार्यक्रमों में कुर्सियां ​​खाली रह जाती हैं। इसी वजह से खरगे जी का ध्यान खाली कुर्सियों पर ही अटका रहता है और वे सोचते हैं कि 'जो लोग यहां बैठने वाले थे, वे सब कहां चले गए?' जिसके चलते वे चिड़चिड़े होते जा रहे हैं... हम उनके विवादित बयानों की निंदा करते हैं। खरगे जी को देश से माफी मांगनी चाहिए और यह स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने जो कहा वह गलत था; उन्हें माफी मांगनी चाहिए।'

  • 9:56 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    खरगे ने शालीनता के सभी मानदंडों को तोड़ दिया:अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि अशोभनीय टिप्पणी करके खरगे ने शालीनता के सभी मानदंडों को तोड़ दिया है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहली बार मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कभी प्रधानमंत्री की मां का अपमान किया गया, कभी उन्हें मौत का सौदागर कहा गया और कभी उनकी गरीबी का मजाक उड़ाते हुए चायवाला कहा गया।

     

  • 9:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    समय आने पर जनता उचित जवाब देगी: नितिन नवीन

    बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने  कहा कि देश की जनता इस तरह की अशोभनीय राजनीति को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस तरह की अशोभनीय और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया, वह कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।

     

  • 9:50 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    खरगे ने कब और क्या टिप्पणी की थी

    रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी की थी। भाषण के दौरान जब दर्शक दीर्घा में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें टोका और कहा कि 'मोदी नहीं जाएगा', तो खरगे ने मंच से जवाब दिया, 'मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।'