1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'नेहरू ने किसानों का पेट काटकर पाकिस्तान को पानी दिया, पीएम मोदी ने यह अन्याय खत्म किया' किसानों से बोले कृषि मंत्री शिवराज

'नेहरू ने किसानों का पेट काटकर पाकिस्तान को पानी दिया, पीएम मोदी ने यह अन्याय खत्म किया' किसानों से बोले कृषि मंत्री शिवराज

शिवराज सिंह ने कहा कि हम उनको पानी दे रहे थे, जो आतंकियों को पैदा करने के लिए जिम्मेदार हैं। पीएम मोदी ने सिंधु जल समझौता रद्द करके बहुत अच्छा काम किया है।

Shivraj SIngh- India TV Hindi
Image Source : PTI किसानों के साथ चर्चा के दौरान शिवराज सिंह

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पूसा भवन में किसानों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सिंधु जल समझौते और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब तक किसानों के हक का पानी पाकिस्तान जा रहा था, लेकिन पीएम मोदी ने कई सालों से चले आ रहे अन्याय को खत्म कर दिया। उन्होंने पाकिस्तान पर चुटकी लेते हुए कहा कि पाकिस्तान सोच रहा था कि, तुर्किए, चीन के ड्रोन, मिसाइल दाग कर वो भारत को डरा लेगा, लेकिन सेना ने उनके ड्रोन और मिसाइल को खिलौनों की तरह मार कर गिराया। अब उस मलबे से हमारे बच्चे खेल रहे हैं। तीन दिन में पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। गर्व है हमारी सेना के शौर्य पर। मैं उनको प्रणाम करता हूं।

सिंधु जल समझौते को लेकर उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला है। सिंधु जल समझौता रद्द कर दिया गया, ये साधारण घटना नहीं है। सिंधु जल समझौता जब हुआ तब पंडित जवाहर लाल नेहरू जी प्रधानमंत्री थे, उन्होंने 80% पानी पाकिस्तान को दे दिया। केवल पानी ही नहीं दिया, पानी के साथ 83 करोड़ रूपए भी दिए, जिसकी वर्तमान में कीमत है 5 हजार 500 करोड़ रूपए।

किसानों का पेट काटकर आतंकियों को पानी दे रहे थे

शिवराज ने कहा कि अपने देश के किसानों का पेट काटकर हम उनको पानी दे रहे, जो आतंकियों को पैदा करने के लिए जवाबदार हैं। भारत के जल विशेषज्ञ प्रतिनिधियों ने सिंधु जल संधि का विरोध किया, लेकिन पंडित नेहरू जी ने दखल दिया और ये समझौता करने पर विवश किया। अटल जी ने भी 1960 में संसद में इस समझौते का विरोध करते हुए कहा था कि, ये नहीं होना चाहिए था। प्रधानमंत्री मोदी जी ने इस ऐतिहासिक अन्याय को समाप्त किया, हम उनका अभिनंदन करते हैं।

किसानों के हित में योजनाएं बनाएंगे

कृषि मंत्री ने कहा कि सारी संभावनाओं पर विचार करके कैसे भारत के किसानों के हक में, हित में इस पानी का उपयोग किया जाए, उसकी योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा "मेरे लिए किसानों की सेवा भगवान की पूजा है। जनता की सेवा के लिए सरकार है। मैं तो आपका सेवक हूं और मेरा सौभाग्य है कि ये अवसर मुझे मिला है।"

Latest India News