नई दिल्ली: संसद में आज फिर भारी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां आम बजट पर चर्चा की शुरुआत होनी है वहीं दूसरी ओर विपक्ष की ओर से भारत-अमेरिका ट्रेड डील और असम के सीएम हिंमंत विश्व शर्मा के कथित वीडियो को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी है। इस कड़ी में आज सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर विपक्षी सांसद जुटे।
कांग्रेस का हमलावर रुख
भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। खासतौर से कांग्रेस हमलावर रुख अपनाए हुए है। विपक्षी दल ये आरोप लगा रहे हैं कि मोदी सरकार ने इस ट्रेड डील में अमेरिकी हितों के आगे घुटने टेक दिए। हालांकि वाणिज्य मंत्री इस संबंध में पहले ही बयान दे चुके हैं। लेकिन विपक्ष इस पर विस्तार से बहस चाहता है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और माणिकम टैगोर ने स्थगन प्रस्ताव दिया था। लेकिन उसे नकार दिया गया, अब इस मुद्दे पर हंगामा होना तय माना जा रहा है।
Image Source : Reporter Inputखरगे के घर विपक्षी सांसदों की बैठक
असम सीएम के वीडियो पर बवाल
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के अलावा एक और मुद्दा सदन में गूंज सकता है। यह मुद्दा है असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा के कथित वीडियो का। बताया जाता है कि यह वीडियो असम बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। इस वीडियो में हिमंत विश्व शर्मा को प्रतीकात्मक रूप में मुसलमानों पर गोली चलाते दिखाया गया था। हालांकि विरोध के बाद इस हटा लिया गया। लेकिन कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर सरकार की नैतिकता पर सवाल उठाया।
खरगे के घर जुटे विपक्ष के नेता
उधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में इंडिया गठबंधन के दल ने बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की साझा रणनीति पर चर्चा की। बता दें कि संसद में आज से बजट पर चर्चा शुरू होनी है। वहीं इससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भी काफी हंगामा हुआ। लोकसभा में हंगामे के चलते प्रधानमंत्री मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब नहीं दे पाए।
Latest India News