1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: संसद में आज भी हुआ हंगामा, लोकसभा से विपक्ष ने किया वॉकआउट

LIVE: संसद में आज भी हुआ हंगामा, लोकसभा से विपक्ष ने किया वॉकआउट

संसद के बजट सत्र के दूसरे हिस्से में विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर चर्चा की मांग की है। इसके अलावा कई अन्य मुद्दों को लेकर भी बजट सत्र में हंगामा देखने को मिल रहा है।

Lok Sabha, Rajya Sabha, Parliament Budget Session- India TV Hindi
Image Source : PTI बजट सत्र का दूसरा हिस्सा भी अब तक हंगामेदार रहा है।

संसद के बजट सत्र का दूसरा हिस्सा काफी हंगामेदार रहा है। अलग-अलग मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को लगातार घेरने की कोशिश कर रहा है, जिसकी वजह से संसद की कार्रवाई सुचारू रूप से नहीं हो रही है। बता दें कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के कारण चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठ रहे संदेहों को लेकर संसद में विस्तृत चर्चा कराने की मांग की थी और राहुल गांधी ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:

Latest India News

Live updates : Parliament Live Updates

  • 2:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'प्रशासन को नमाज पढ़ने की जगह तय करनी चाहिए'

    पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दरभंगा मेयर अंजुम आरा के बयान पर कहा, 'होली हर तरह के रंगों का त्योहार है। किसी को भी रोका नहीं जा सकता, चाहे वह किसी भी धर्म या विचारधारा का हो। जहां तक ​​नमाज का सवाल है, प्रशासन को नमाज पढ़ने की जगह तय करनी चाहिए। होली का अपना स्थान है, नमाज पढ़ने का अपना स्थान है। होली सौहार्द का त्योहार है, रमजान भी प्रेम और सौहार्द का त्योहार है।'

  • 1:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    असंतुष्ट विपक्ष का लोकसभा से वॉकआउट

    गुजरात के खावड़ा में स्थापित किए जा रहे अक्षय ऊर्जा संयंत्र के मुद्दे पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने बुधवार को लोकसभा से वॉकआउट किया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने प्रश्नकाल में सरकार से पूछा कि क्या खावड़ा में लगाए जा रहे संयंत्र के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रोटोकॉल में कोई ढील दी गई है? केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने जवाब में कहा कि जब भी किसी परियोजना को मंजूरी दी जाती है तो केंद्र, राज्यों एवं अन्य संबंधित निकायों से समस्त आवश्यक लाइसेंस आदि प्राप्त किए जाते हैं। विपक्ष के सदस्य मंत्री के जवाब पर असंतोष जताने लगे। कुछ मिनट तक नारेबाजी के बाद कांग्रेस, DMK और NCP (SP) समेत विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। 

  • 12:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    राज्यसभा में ‘डुप्लीकेट’ मतदाता फोटो पहचान पत्र का उठा मुद्दा

    राज्यसभा में बुधवार को विपक्षी दलों ने मतदाता पहचान पत्र क्रमांक संख्या में दोहराव का मुद्दा उठाया गया और निर्वाचन आयोग से इस ‘गड़बड़ी’ की जांच करने तथा तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मनोज कुमार झा ने शून्यकाल के तहत इस मुद्दे का उठाते हुए कहा कि यह एक प्रश्न ऐसा है जो पिछले कुछ वर्षों से ना सिर्फ राजनीतिक दलों को बल्कि आम नागरिक को भी उद्वेलित कर रहा है।

  • 9:48 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'विपक्ष के लोग व्यवधान पैदा करने पर अड़े रहते हैं'

    बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, 'विपक्ष के कुछ लोगों ने फैसला किया है कि वे सदन की कार्यवाही में भाग नहीं लेंगे क्योंकि वे अपने द्वारा उठाए गए मुद्दों की सच्चाई का सामना नहीं कर सकते, इसलिए वे संसद की कार्यवाही को बाधित करते हैं... स्पीकर सभी को पर्याप्त अवसर देते हैं लेकिन फिर भी विपक्ष के लोग व्यवधान पैदा करने पर अड़े रहते हैं।'

  • 9:47 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    लोकसभा में इन मंत्रालयों के कामकाज पर होगी चर्चा

    लोकसभा में आज रेल, कृषि, जल संसाधन मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा की जाएगी।

  • 9:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    13 मार्च को नहीं होंगी लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें

    लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें होली की पूर्व संध्या पर 13 मार्च को नहीं होंगी। इस संबंध में दोनों सदनों की कार्य मंत्रणा समितियों के निर्णय लेने के बाद यह तय किया गया। दोनों सदनों ने 14 मार्च 2025 को होली के त्योहार को लेकर पहले ही अवकाश घोषित कर दिया है।