Parliament Budget Session Live Updates: लोकसभा में एलपीजी पर बोलेंगे राहुल गांधी, संसद में आज भी हंगामा
Parliament Budget Session LIVE: संसद के बजट सत्र में लगातार हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने का विपक्ष का प्रस्ताव बुधवार को ध्वनिमत से खारिज हो गया था, जिसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।

Parliament Budget Session LIVE: संसद के मौजूदा बजट सत्र में लगातार हंगामा हो रहा है और गुरुवार को भी इसमें कोई खास अंतर देखने को नहीं मिला। बता दें कि बुधवार को लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष के लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसे ध्वनि मत से खारिज कर दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो गई, क्योंकि अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही पार्टी भाग गई। रिजीजू ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि कांग्रेस के कुछ सहयोगी दल भी मुख्य विपक्षी पार्टी के इस आचरण से नाखुश थे।
बीजेपी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कहा कि सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कांग्रेस और उसके सहयोगियों की साजिश नाकाम हो गई। रिजीजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सदस्यों ने गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के दौरान जानबूझकर हंगामा किया और कई विपक्षी सांसदों ने उन्हें बताया कि कांग्रेस मतदान में भाग नहीं लेना चाहती थी क्योंकि आधे विपक्षी सदस्य उसके साथ नहीं थे। चर्चा के दौरान कुछ विपक्षी सदस्यों ने स्पीकर ओम बिरला पर निशाना साधा। राष्ट्रीय जनता दल के अभय कुमार सिन्हा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय कुमार हंसदा ने कहा कि विपक्षी सदस्यों के लिए बिरला सबसे ज्यादा ‘नो’ शब्द का इस्तेमाल करते है।
विपक्ष के नेताओं ने बिरला पर आरोप लगाया था कि जब विपक्षी सांसद बोलते हैं तो उन्हें रोका जाता है और यह परंपरा बन गई है। अमित शाह ने राहुल गांधी के आचरण पर तीखी टिप्पणी करते हुए इस आरोप को खारिज किया कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। शाह ने कहा, 'आप प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रस्ताव लाइए, हम मुद्दों पर जवाब देंगे, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष को हटाने का प्रस्ताव मैं सामान्य नहीं मानता।' उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बोलना ही नहीं चाहते, नियमानुसार बोलना नहीं आता और यह कोई रैली नहीं है। शाह के भाषण के बाद सदन ने प्रस्ताव को ध्वनिमत से खारिज कर दिया। संसद से जुड़े हर जरूरी अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।
Live updates : Parliament Budget Session Live Updates
-
March 12, 2026 2:34 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'TMC के बहुत नेता गैस के डीलर हैं'
पश्चिम बंगाल में LPG सिलेंडर और फ्यूल की कमी की खबरों पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, 'ममता बनर्जी और उनके पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बंगाल में पैनिक पैदा करने की कोशिश की जा रही है। TMC के बहुत नेता गैस के डीलर हैं। TMC के कार्यकर्ता धमका-चमका कर डीलरों से गैस लेकर कालाबाजारी कर रहे हैं। नकली संकट पैदा करके केंद्र सरकार के खिलाफ मानसिकता तैयार करने की कोशिश TMC द्वारा हो रही है।'
-
March 12, 2026 2:33 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'देश में गैस या पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं होगी'
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर कहा, 'कोई दिक्कत की बात नहीं है। भारत में ना गैस की कोई कमी होने जा रही है और ना ही कोई पेट्रोल-डीजल की कमी होने जा रही है।'
-
March 12, 2026 2:32 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'दिल्ली का इंटेलिजेंस क्या कर रहा है?'
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुई फायरिंग की घटना पर कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश है और वहां पर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दिल्ली के हाथों में है। दिल्ली का इंटेलिजेंस क्या कर रहा है? इतने बड़े नेता पर जानलेवा हमला होना। सौभाग्य था कि वे बच गए नहीं तो कोई भी हादसा हो सकता था।'
-
March 12, 2026 2:09 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
सरकार और प्रधानमंत्री को तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा- "अब हमें तैयारी करनी होगी। हमारे पास अभी भी थोड़ा समय बचा है। सरकार और प्रधानमंत्री को तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, नहीं तो करोड़ों लोगों को बहुत बड़ा नुकसान होगा। हम एक अस्थिर समय में जा रहे हैं। इस दौरान आपको अपनी सोच बदलनी होगी। मैं सरकार को यह सुझाव दे रहा हूं कि अब उन्हें गहराई से सोचना शुरू करना होगा और यह पक्का करना होगा कि हमारे लोगों को भारी नुकसान न हो। मैं कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहा हूं। मुझे दिख रहा है कि एक बड़ी समस्या आने वाली है। समस्या यह है कि प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम नहीं कर पा रहे हैं।"
-
March 12, 2026 2:08 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
एनर्जी सिक्योरिटी से कॉम्प्रोमाइज किया गया- राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "आम तौर पर प्रक्रिया होती है कि आप बात करने के लिए कह सकते हैं। इसलिए मैंने देश में LPG गैस और तेल की स्थिति के बारे में बयान देने की इजाजत मांगी।लेकिन एक नई प्रक्रिया शुरू हुई है कि पहले मंत्री तय करेंगे, फिर मैं बोलूंगा, फिर मंत्री जवाब देंगे। असल में मुख्य बात यह है कि गैस, सारा फ्यूल एक समस्या बनने वाला है क्योंकि असल में हमारी एनर्जी सिक्योरिटी से कॉम्प्रोमाइज किया गया है। गलत विदेश नीति ने यह समस्या पैदा की है।"
-
March 12, 2026 2:06 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
लोकसभा में एलपीजी पर बोलेंगे राहुल गांधी
गुरुवार को 4:30 बजे राहुल गांधी लोकसभा में एलपीजी पर बोलेंगे, राहुल गांधी के भाषण के बाद मंत्री इस पर जवाब देंगे।
-
March 12, 2026 12:59 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
2 बजे तक कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
-
March 12, 2026 12:25 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मैंने सभी सांसदों को समय देने का प्रयास किया'
ओम बिरला ने कहा, 'प्रत्येक सांसद लाखों नागरिकों के जनादेश को लेकर आते हैं। मैंने हमेशा ये प्रयास किया कि सदन के अंदर प्रत्येक सदस्य नियमों और प्रक्रियाओं के तहत अपने विचार व्यक्त करें। मैंने सभी सांसदों को समय देने का प्रयास किया। मैंने उन सांसदों को कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया, जो संकोच करते हैं या नहीं बोलते हैं। मैंने ऐसे सांसदों को अपने चैंबर में बुलाकर उन्हें बात रखने की अपील की। सदन में बोलने से सदन मजबूत होता है। ये सदन विचारों का चर्चा का जीवंत मंच रहा है। सहमति और असहमति की परंपरा रही है।'
-
March 12, 2026 12:10 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद लोकसभा पहुंचे ओम बिरला
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला अपने खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के खारिज होने के बाद आज पहली बार लोकसभा पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा संतुलन बनाने की कोशिश की। बिरला ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में मेरा अटूट विश्वास है और मैंने हर सदस्य की बात को गंभीरता से सुना है।
-
March 12, 2026 11:18 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
PM मोदी पर राहुल गांधी ने साधा निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'PM बोल रहे हैं कि पैनिक करने की जरूरत नहीं है लेकिन वे खुद पैनिक में हैं कई अन्य कारणों की वजह से। वे एपस्टीन की वजह से पैनिक में हैं, वे अदानी केस की वजह से पैनिक में हैं। कल PM की कुर्सी खाली पड़ी थी। वे देश को कह रहे थे कि पैनिक ना करें और खुद पैनिक में हैं।'
-
March 12, 2026 11:05 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 12 बजे तक स्थगित हो गई है। बता दें कि विपक्ष ने कार्यवाही शुरू होते ही जमकर हंगामा किया जिसके बाद कार्यवाही स्थगित हो गई।
-
March 12, 2026 10:56 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संसद परिसर में LPG गैस सिलेंडर की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश भर में LPG गैस सिलेंडर की कमी की खबरों को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं के साथ नजर आए।