LIVE: संसद में आज भी हंगामा, लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा में आज फिर जमकर हंगामा हुआ जिसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र का आज 11वां दिन है। संसद में आज भी जमकर हंगामा हुआ जिसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। राम मंदिर चंदा चोरी और पप्पू यादव पर हुए हमले को लेकर पहले से ही सदन में हंगामे के आसार थे। अपने ऊपर हमले को लेकर सांसद पप्पू यादव ने सरकार को घेरा है। वहीं सांसद की सुरक्षा को लेकर एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भी लोकसभा स्पीकर से संज्ञान लेने की अपील की है। रविवार शाम सांसद पप्पू यादव पर उस वक्त हमला हुआ जब वो सनातन के अपमान के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।
बता दें कि मानसून सत्र के लिए कुल 8 बिल लिस्ट किए गए थे जिनमें से दो दिन सदन में पास हो चुके हैं। वंदे मातरम और पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन बिल दोनों सदनों से पास हो चुके हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मामल्लापुरम एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि संसद में परिसीमन विधेयक पारित करने संबंधी केंद्र सरकार के प्रयास को हर राष्ट्रीय और तमिल पार्टी को नाकाम करना चाहिए और इस विधेयक का समर्थन करना जनता के साथ विश्वासघात होगा।
वहीं सरकार आज लोकसभा में फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) संशोधन बिल पेश कर सकती है। इस बिल के पास होने से विदेशी फंड लेने वाले NGO पर अब सरकार की सीधी नजर होगी। इस बिल को लेकर सरकार का कहना है कि विदेशी पैसा लेने वाले संगठनों की जिम्मेदारी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह बदलाव जरूरी हैं। फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट संशोधन बिल पेश होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।विपक्ष का आरोप है कि विदेशी फंड से बने स्कूल, अस्पताल, अनाथालय जैसी संपत्तियों पर भी सरकार कब्जा करना चाहती है।
बता दें कि इससे पहले 31 जुलाई को संसद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर काफी हंगामा हुआ था। विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे थे। यहां राहुल गांधी और कुछ अन्य सांसदों ने दान पेटी में चंदा डाला। इस पेटी को लेकर पप्पू यादव भागने लगे। इस तरह से चंदा चोरी का एक नाटक प्रस्तुत करने की कोशिश की गई। हालांकि संत समाज ने इस हरकत पर काफी नाराजगी जताई है।
Live updates : parliament monsoon session live update
-
August 03, 2026 12:21 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही जब दोबारा 12 बजे शुरू हो तो एक बार फिर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। आज 11 वें दिन भी प्रश्नकाल नहीं चल सका।
-
August 03, 2026 11:39 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी और नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को राज्यसभा की बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित।
-
August 03, 2026 11:25 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पूरा देश चाहता है कि प्रधानमंत्री देश के स्टूडेंट्स से माफी मांगें-पवन खेड़ा
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, "होम मिनिस्टर से पूछना चाहिए कि जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स के साथ क्या हुआ और अब एक MP के साथ क्या हुआ। लॉ एंड ऑर्डर की ऐसी हालत है। पूरा देश चाहता है कि प्रधानमंत्री देश के स्टूडेंट्स से माफी मांगें, लेकिन यहां प्रधानमंत्री स्टूडेंट्स को माफ कर रहे हैं। कल नीरव मोदी कहेगा कि उसने सभी बैंकों का कर्ज माफ कर दिया है। यह क्या है?"
-
August 03, 2026 11:18 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोकसभा में हंगामा, सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में आज भी जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल भी चल नहीं पाया और स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
-
August 03, 2026 11:08 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक
संसद में चल रहे मॉनसून सत्र के दौरान भविष्य की रणनीति तय करने के लिए राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक राज्यसभा में विपक्ष के नेता के कार्यालय में हुई।
-
August 03, 2026 10:39 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पप्पू यादव के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस
BJP सांसद संजय जायसवाल और पार्टी चीफ व्हिप ने 31 जुलाई को संसद परिसर में सनातन धर्म के कथित अपमान को लेकर सांसद पप्पू यादव के खिलाफ लोकसभा में रूल्स ऑफ प्रोसीजर एंड कंडक्ट ऑफ बिजनेस के रूल 222 और रूल 223 के तहत लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है।
-
August 03, 2026 10:28 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
FCRA संशोधन बिल पेश कर सकती है सरकार
सरकार आज लोकसभा में फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) संशोधन बिल पेश कर सकती है। इस बिल के पास होने से विदेशी फंड लेने वाले एनजीओ पर अब सरकार की सीधी नजर होगी। सरकार का कहना है कि विदेशी पैसा लेने वाले संगठनों की जिम्मेदारी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह बदलाव जरूरी हैं। इस सेशन में सरकार पहले ही दो बिल पास करा चुकी है।
-
August 03, 2026 10:26 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को माफी मांगनी चाहिए-सागरिका घोष
टीएमसी एमपी सागरिका घोष ने कहा, "प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि प्रदर्शन कर रहे बच्चों, जिन्होंने कुछ खास भाषा का इस्तेमाल किया, उन्हें माफ कर देना चाहिए। लेकिन, असलियत यह है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को माफी मांगनी चाहिए।"
-
August 03, 2026 10:23 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पप्पू का नाटक गलत, राम मंदिर में चोरी से संतों का कोई वास्ता नहीं-रागोपाल यादव
संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा भगवा कपड़े पहनकर नुक्कड़ नाटक पर सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, "वो गलत था क्योंकि राम मंदिर में चोरी से संतों का कोई वास्ता नहीं है। वो गलत चीज थी, ऐसा नहीं होना चाहिए था।" उन्होंने आगे कहा, "हम राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सदन में उठाएंगे। ये गंभीर मामला है।"