संसद मानसून सत्र: दोनों सदनों में विपक्ष का जोरदार हंगामा, कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित
संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। पहले दिन विपक्ष ने आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग की, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ था।

नई दिल्ली: संसद मानसून सत्र का आज दूसरे दिन भी जमकर हंगामा हुआ जिसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। पहले दिन विपक्ष ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग उठाई थी, जिसके बाद हुए हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। हालांकि राज्यसभा ने सोमवार को चर्चा के बाद ध्वनिमत से पोत परिवहन क्षेत्र से संबंधित ‘वहन-पत्र विधेयक 2025’ को मंजूरी प्रदान कर दी थी।
मानसून सत्र से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।
Live updates : Parliament Monsoon Session Live
-
July 22, 2025 2:08 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपभी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर मंगलवार को दोनों सदनों में जमकर हंगामा किया था।
-
July 22, 2025 2:04 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा
लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा हो रहा है। विपक्ष उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के मुद्दे पर हंगामा कर रहा है।
-
July 22, 2025 1:51 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'विपक्ष का काम है चिल्लाना और सदन को स्थगित करवाना'
बीजेपी सांसद रवि किशन ने SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर कहा, 'विपक्ष बिहार में सरकार नहीं बना पाएगी क्योंकि पीएम मोदी और नीतीश कुमार जी का जो विश्वास है, मुझे गांव-गांव से फोन आ रहा है कि भाजपा-NDA सरकार के प्रति पूरा रुझान है। ये निश्चित है कि वहां पर सरकार NDA की बन रही है। तो विपक्ष का काम है चिल्लाना और सदन को स्थगित करवाना। वो लोग स्थगित इसलिए करवाते हैं क्योंकि उन्हें घर जाकर खाना खाकर सोना होता है।'
-
July 22, 2025 1:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'वोट वही कर सकता है जो भारत का नागरिक है'
SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा,'ये जो विरोध हो रहा है इस पर मुझे कुछ सवाल करना है, वोट वही कर सकता है जो भारत का नागरिक है तो अगर इसकी थोड़ी जांच हो रही है तो परेशानी क्या है? वोट वो कर सकता है जो उस क्षेत्र या जगह में रह रहे हो तो वहां पर रह रहे हैं या नहीं ये देखने में क्या जा रहा है? चुनाव आयोग ने कहा है कि बहुत लोग बाहर से आए हैं तो यहां वही वोट देगा जो भारत का नागरिक है यही देखने का काम वो कर रहे हैं। इसको देखकर विपक्ष परेशान क्यों हैं?'
-
July 22, 2025 1:18 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
SIR (विशेष गहन समीक्षा) और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। BJP सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, 'प्लेकार्ड दिखाने के बजाय आप लिखकर दीजिए। आप अपने प्रस्ताव, संकल्प प्रस्तुत कर सकते हैं और कार्य मंत्रणा समिति उन पर विचार करेगी। अध्यक्ष समय देंगे और सरकार जवाब देगी। आप चिंतित क्यों हैं?'
-
July 22, 2025 12:03 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है। बता दें कि बिहार में वोटर लिस्ट के रिवीजन के मुद्दे पर विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है।
-
July 22, 2025 11:55 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मैं उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, 'मैं उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं कि उनका स्वास्थ्य अच्छा रहे। उन्होंने अचानक जिस तरह से इस्तीफा दिया तो ये चिंता की बात तो है ही और सब जगह अटकलें लग रही है। लेकिन मैं आग्रह करूंगा कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। उनका कार्यकाल अच्छा रहा है और वह किसानों के लिए हमेशा खड़े रहे हैं तो मैं राष्ट्रपति से मांग करता हूं कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए।'
-
July 22, 2025 11:51 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मुझे इस सरकार की कुछ चीजें जो बेहद परेशान करती हैं'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा, 'स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने इस्तीफा दिया है। मुझे इस सरकार की कुछ चीजें जो बेहद परेशान करती हैं कि गैर पारदर्शिता इनकी पहचान बन गई है। कोई निर्णय क्यों होता है? कोई बीच कार्यकाल में अपना इस्तीफा देते हैं, ये पूरी सरकार पर प्रश्न है। अभी तक प्रधानमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है कि नहीं ये भी चिंता का विषय है।'
-
July 22, 2025 11:49 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
राजनीति का लेवल दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है: रवि किशन
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, 'ये विपक्ष है इनका काम है बोलना। किसी के स्वास्थ्य का भी मजाक उड़ा सकते हैं और उस पर भी राजनीति कर सकते हैं। इंसान को कब क्या हो जाए ये आप नहीं बता सकते हैं। उनको डॉक्टर ने कहा है आराम करने को तो अगर कोई आराम करना चाहता है तो उस पर भी ये राजनीति कर रहे हैं। राजनीति का लेवल दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है।'
-
July 22, 2025 11:47 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करूंगा: थरूर
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतत हूं। ये बहुत दुखद है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करूंगा।'
-
July 22, 2025 11:46 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
उपराष्ट्रपति का स्वास्थ्य अच्छा नहीं था: बीजेपी सांसद
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर बीजेपी सांसद डॉ. भागवत किशनराव कराड ने कहा, 'उनका स्वास्थ्य अच्छा नहीं था और कुछ दिन पहले वह AIIMS में भर्ती थे तो मैं समझ सकता हूं अगर स्वास्थ्य अच्छा नहीं है तो यही कारण है उनके इस्तीफे की।'
-
July 22, 2025 11:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी सांसदों ने बिहार में SIR (विशेष गहन समीक्षा) के मुद्दे पर संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।
-
July 22, 2025 11:06 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष के हंगामे के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।
-
July 22, 2025 11:03 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में स्थगन नोटिस दिया है। सदन में विपक्ष बिहार में वोटिर रिवीजन को लेकर चर्चा की मांग कर रहा है।
-
July 22, 2025 10:38 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संसद के मकर द्वार पर प्रोटेस्ट करेंगे विपक्षी नेता
आज संसद में बिहार में चल रहे वोटर रिवीजन को लेकर विपक्ष बड़ा प्रोटेस्ट करने वाला है। संसद में इंडिया ब्लॉक के नेताओं की मीटिंग हुई है जहां सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई। इंडिया गठबंधन के सभी नेता संसद के मकर द्वार पर वोटर लिस्ट रिवीज़न के खिलाफ प्रोटेस्ट करेंगे।
-
July 22, 2025 10:16 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'उपराष्ट्रपति का इस्तीफा अचानक है और दुर्भाग्यपूर्ण है'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा, 'उपराष्ट्रपति का इस्तीफा अचानक है और दुर्भाग्यपूर्ण है। वे कल बैठक में शामिल हो रहे थे और आज भी उनके साथ बैठक थी। सुनने में आया है कि क्षेत्र में भी उनके कार्यक्रम भी थे। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं लेकिन कहीं न कहीं प्रमाणित होता है कि केंद्र सरकार और उपराष्ट्रपति के बीच संबंध पहले जैसा नहीं रहा।'
-
July 22, 2025 10:15 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'कहीं पर ऐसा नहीं लग रहा था कि महामहिम बीमार हैं'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, 'मैंने कल उन्हें राज्यसभा की कार्यवाही बहुत ही अच्छे ढंग से कराते सुना है। कहीं पर ऐसा नहीं लग रहा था कि महामहिम बीमार हैं। अचानक कल रात मुझे पता चला तो मुझे आश्चर्य हुआ है। उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला दिया तो मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि वे स्वस्थ और प्रसन्न रहें।'
-
July 22, 2025 10:14 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
ये संसदीय इतिहास का काला दिन है: प्रमोद तिवारी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, 'ये चौंकाने वाला है, मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वह पुन: विचार करें। वह संसदीय ज्ञान के धनी थे और किसानों के आवाज उठाने वाले थे। ये संसदीय इतिहास का काला दिन है जब एक उपराष्ट्रपति जी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पा रहे हैं।' (ANI)
-
July 22, 2025 10:13 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
उपराष्ट्रपति धनखड़ के इस्तीफे पर खरगे का बड़ा बयान
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कहा, 'ये उनकी इच्छा है और सरकार की इच्छा है कि इस इस्तीफे को स्वीकार करना है कि नहीं। इससे हमारा कोई वास्ता नहीं है।'
-
July 22, 2025 8:54 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
संजय सिंह ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया
संजय सिंह AAP राज्यसभा सांसद ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है और बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा की मांग की है।
-
July 22, 2025 8:53 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
मणिकम टैगोर ने स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तत्काल मामले और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए इसके खतरे पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया। (ANI)
-
July 22, 2025 8:52 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
आज भी संसद में गतिरोध की आशंका
संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। माना जा रहा है कि आज संसद के दोनों सदनों में बिहार में चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के मुद्दे पर गतिरोध देखने को मिल सकता है।