LIVE: परिसीमन बिल पर 16-18 अगस्त के बीच विशेष सत्र बुलाने की तैयारी, राहुल और रिजिजू में चर्चा
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद के मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। संदन में आज भी हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच जारी आज भी गतिरोध बना हुआ है। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। विपक्षी दल इन दोनों मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे हैं और गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग उठा रहे हैं। लोकसभा में आज भी जमकर हंगामा हुआ जिसके चलते सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। दो बजे जब दोबारा कार्यवाही शुरू हुई तो फिर हंगमा होने लगा जिसके चलते कल तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया गया। इस बीच संसद में गतिरोध खत्म करने के लिए राहुल गांधी और किरन रिजिजू की मुलाकात हुई है। सूत्रों के मुताबिक सरकार परिसीमन बिल के लिए 16 से 18 अगस्त के बीच विशेष सत्र बुला सकती है।
वहीं आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नियम 267 के तहत एक नोटिस दिया है, जिसमें E20 पेट्रोल को अनिवार्य रूप से लागू करने से पैदा हुए जन-आक्रोश और उपभोक्ता अधिकारों के मुद्दों पर चर्चा की मांग की गई है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में 'स्थगन प्रस्ताव' का नोटिस दिया है। वे एक ऐसे नए 'दल-बदल विरोधी कानून' के स्वरूप पर चर्चा करना चाहते हैं जो अवसरवाद के कारण होने वाले बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल को रोके, खासकर तब जब इसके पीछे कोई वास्तविक वैचारिक या नीतिगत मतभेद न हों।
इससे पहले मंगलवार को भी दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित रही। हालांकि शोर-शराबे के बीच लोकसभा ने विनियोग (संख्यांक-3) विधेयक, 2026 को बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया, जबकि राज्यसभा ने संक्षिप्त चर्चा के बाद जन्म और मृत्यु का पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी। इसके बावजूद विपक्ष के विरोध के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित होने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी।
Live updates : Parliament Monsoon Session Live Update
-
August 05, 2026 2:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही एक बार फिर स्थगित हो गई। सुबह 11 बजे विपक्षी दलों के शोर-शराबे के चलते सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई थी। लेकिन दो बजे के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई उसके बाद विपक्षी दलों की नारेबाजी और शोरगुल के चलते स्पीकर ने सदन को कल तक के लिए स्थगति कर दिया।
-
August 05, 2026 2:22 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए-इकरा हसन
समाजवादी सांसद इकरा हसन ने कहा, "सरकार की जवाबदेही बनती है उन्हें आना चाहिए। सदन में आकर जवाब देना चाहिए कि किसने छात्रों पर इस तरह से बर्बरता के लिए आदेश दिए थे? लगातार यही मांग है। जिस दिन सदन चला उस दिन स्पीकर ने कहा कि जवाब मिलेगा लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमारी मांग है कि कोई जिम्मेदार व्यक्ति जवाब दे।"
-
August 05, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
परिसीमन बिल के लिए विशेष सत्र-सूत्र
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी और किरन रिजिजू के बीच संसद में जारी गतिरोध दूर करने को लेकर लंबी चर्चा हुई। इस दौरान परिसीमन बिल पर सहमति बनी है। इसके लिए 16 से 18 अगस्त के बीच विशेष सत्र सरकार बुला सकती है। इस विशेष सत्र में परिसीमन बिल पर चर्चा होगी। सरकार का पूरा जोर इसे पास कराने पर है।
-
August 05, 2026 12:15 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
जान बूझकर विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा-जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर कहा, "विपक्ष प्रदर्शन क्यों कर रहा है? 13 दिन से रांची में JPSC पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, अभी तक उनके मुख्यमंत्री ने उनसे बात तक नहीं की है। उस पर राहुल गांधी और पूरा विपक्ष चुप है। यहां तो छात्रों के हितों पर प्रधानमंत्री और 2-2 वरिष्ठ मंत्रियों ने बात की और मांग को मान लिया गया...जान बूझकर विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा है।"
-
August 05, 2026 11:42 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ा मामला उठा रहे-डिंपल यादव
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, "हमने पहले भी कहा है कि आस्था से जुड़ा मामला और लोगों की अर्थव्यवस्था से जुड़ा मामला उठाया जाएगा, E20 पेट्रोल इंजन को बर्बाद कर रहे हैं। माइलेज भी कम मिल रहा है। सरकार ने कोई गाइडलाइन नहीं दी है। कंपनी स्वीकार करे कि E20, E30, 340 जो भी सरकार कह रही है वे इस्तेमाल कर सकते हैं। ये जन-जन से जुड़ा मुद्दा है।"
-
August 05, 2026 11:38 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गृह मंत्री सदन में आकर बयान दें-पवन खेड़ा
संसद में जारी गतिरोध पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "मुद्दे बड़े स्पष्ट हैं कि गृह मंत्री सदन में आकर बयान दें, जो पुलिस की बर्बरता हुई उस पर जवाब दें। अयोध्या में चंदा चोरी पर बयान दें।"
-
August 05, 2026 11:12 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी और किरन रिजिजू की मुलाकात
संसद में अमित शाह के बयान पर अड़ा विपक्ष, राहुल गांधी और किरन रिजिजू की संसद भवन में मीटिंग, गतिरोध खत्म करने पर चर्चा हो रही है। प्रियंका गांधी भी मौजूद है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जबकि पिछले 13 दिनों से संसद में प्रश्नकाल तक नहीं हो पाया है। हर रोज हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है।
-
August 05, 2026 11:07 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर की ओर से प्रश्नकाल का चलाने का अनुरोध किया गया लेकिन विपक्ष की ओर से हंगामा जारी रहा। लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
-
August 05, 2026 11:03 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम, गृह मंत्री सदन में आएं और बयान दें-खरगे
विपक्ष के विरोध मार्च के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मांग यही है कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सदन में आएं, बयान दें, चर्चा हो। हम चर्चा के लिए तैयार हैं। अगर चर्चा होगी तभी हल निकलेगा। वे संसद का अपमान कर रहे हैं वे अंदर आना नहीं चाहते।
-
August 05, 2026 10:45 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विपक्षी सांसदों ने निकाला विरोध मार्च
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों ने प्रेरणा स्थल पर गांधी जी की प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च किया। यह मार्च 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस कार्रवाई', अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में निकाला गया।
-
August 05, 2026 10:41 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी जैसा दुर्भाग्यपूर्ण विपक्ष का नेता भगवान ना करें कभी हो-गिरिराज सिंह
राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी दूसरों पर ज्ञान ना बांटे। राहुल गांधी जैसा दुर्भाग्यपूर्ण विपक्ष का नेता भगवान ना करें कभी हो, इस देश ने महान विपक्ष के नेता देखें हैं मैं कहूंगा कि उनसे कुछ शिक्षा लें।"
-
August 05, 2026 10:31 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
सरकार जिम्मेदारी ले, यही देश की परंपरा रही है-प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "जो पद पर आसीन हैं उनकी जनता के प्रति कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। ये लोकतंत्र है, तानाशाही नहीं है किसी का राज दरबार नहीं है। अगर कुछ हुआ है, बच्चों पर गोलियां चली हैं, पैलेट गन चलाए गए हैं, आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं तो किसी ना किसी की तो जिम्मेदारी है ना, किसी ने को आदेश दिया होगा। अपनी जिम्मेदारी लें यही इस देश की परंपरा रही है।"
-
August 05, 2026 10:25 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक विपक्षी सांसदों का मार्च
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों के साथ 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस एक्शन, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरोध में प्रेरणा स्थल पर गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च करेंगे।
-
August 05, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
नए दल-बदल विरोधी कानून पर चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर नए दल-बदल विरोधी कानून पर चर्चा की मांग की है। उन्होंने ऐसे कानून की जरूरत बताई है, जो अवसरवादी राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाए, लेकिन वैचारिक असहमति और लोकतांत्रिक आलोचना के लिए पर्याप्त जगह भी सुनिश्चित करे।
-
August 05, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
E20 पेट्रोल पर चर्चा की मांग, संजय सिंह ने दिया नियम 267 का नोटिस
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नियम 267 के तहत नोटिस देकर देशभर में E20 पेट्रोल को अनिवार्य रूप से लागू किए जाने से उपजे जन-आक्रोश और उपभोक्ता अधिकारों के मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। उनका कहना है कि इस फैसले का असर आम उपभोक्ताओं और वाहन मालिकों पर पड़ रहा है, इसलिए इस पर सदन में विस्तृत चर्चा कराई जानी चाहिए।