A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोगों का उत्साह बता रहा है कि उनके मन में क्या है, कोलकाता में बोले पीएम मोदी

लोगों का उत्साह बता रहा है कि उनके मन में क्या है, कोलकाता में बोले पीएम मोदी

PM Modi West Bengal Visit: प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रैली की। वह यहां करीब 18 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले उन्होंने असम को करीब 24 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने...- India TV Hindi
Image Source : @BJP4ASSAM/X प्रधानमंत्री मोदी ने असम में 24 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम और पश्चिम बंगाल में रैलियां की। इसके साथ ही दोनों राज्यों में कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी दी। आने वाले समय में दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पीएम ने असम में कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने नॉर्थ-ईस्ट इंडिया में सड़क और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन भी किया, जो नॉर्थ-ईस्ट भारत का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड फोर-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा।

इसकी लागत करीब 22 हजार 860 करोड़ रुपये होगी। यह कॉरिडोर 166 किलोमीटर लंबा होगा और मेघालय-असम के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। शिलांग-सिलचर कॉरिडोर बनने से गुवाहाटी और सिलचर के बीच सफर का वक्त लगभग 8.5 घंटे से घटकर करीब 5 घंटे का रह जाएगा, जिससे व्यापार और इकोनॉमिक एक्टिविटीज को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने नेशनल हाईवे-306 पर एलिवेटेड कॉरिडोर (फेज-1) का भी शिलान्यास किया, जो कैपिटल पॉइंट को सिलचर के रंगिरखारी पॉइंट को जोडे़गा। इससे सिलचर की बिजी सड़कों पर ट्रैफिक कम होगा। साथ ही, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में आवागमन तेज होगा। इसके अलावा, PM मोदी ने करीमगंज जिले के पथारकंडी में नए कृषि महाविद्यालय का शिलान्यास किया, जो यहां एग्रीकल्चर और रिसर्च को मजबूत करेगा।

इसके बाद PM मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में करीब 18 हजार 680 करोड़ रुपये के तमाम प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 420 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई वाले नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स, खड़गपुर-मोरग्राम इकोनॉमिक कॉरिडोर, दुबराजपुर बाईपास और कई पुलों का निर्माण शामिल है।

Latest India News

Live updates : PM Modi Assam-West Bengal Visit

  • 4:23 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    टीएमसी घुसपैठियों को संरक्षण देती है- मोदी

    पीएम ने कहा कि टीएमसी मां, माटी, मानुष के नारे पर सत्ता में आई थी। आज वही मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहा है। घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की रोटी, बेटी, माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है।  बंगाल की माटी पर घुसपैठियों का कब्जा दिलवाया जा रहा है, इसका परिणाम आज सबके सामने है। बीते दशकों में बंगाल के ज्यादातर इलाकों में डेमोग्राफी बदल गई है, बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है। तुष्टीकरण का ऐसा खुला खेल, जब शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता देने की बात होती है तो पूरी टीएमसी उसका विरोध करती है। वे हिंदुओं को अपना वोटबैंक नहीं समझते इसलिए ये लोग एसआईआर का भी विरोध करते हैं, ताकि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हट न जाएं।"

  • 4:21 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    पीएम ने महिला सुरक्षा को लेकर टीएमसी को घेरा

    कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा, "आप सबने देश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता के बारे में सुना है। गरीब परिवारों को पक्का घर मिल रहा है। लेकिन यहां क्या हुआ? योजना का नाम बदल दिया गया, लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ की गई और जिन गरीबों को घर मिलना था वे आज भी इंतजार कर रहे हैं। केवल बिजली, पानी, सड़क, घर की बात नहीं है, टीएमसी सरकार अपनी राजनीति की वजह से आयुष्मान योजना को भी लागू नहीं कर रही है। हमारे बंगाल ने आजादी के बाद विभाजन सहा, विभाजन की आग देखी, मजहबी दंगे देखे, बाद के दशकों में अस्थिरता देखी, घुसपैठ का दौर देखा, रक्तपात सहा, इन सबकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी अगर कोई थी तो बंगाल की माताएं, बहनें, महिलाएं थी। लेफ्ट की सरकार में हत्या, बलात्कार और अपहरण का वह दौर कोई नहीं भूल सकता इसलिए आप लोग लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा के साथ टीएमसी को लेकर आए। आपने टीएमसी पर भरोसा किया लेकिन टीएमसी ने लेफ्ट के गुंडों, माफियाओं को ही अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है, आए दिन बहन-बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं। यहां निर्मम सरकार खुलेआम बलात्कारियों को सरंक्षण देती है, अपराधियों को बचाने की कोशिश करती है। संदेशखाली की वह तस्वीरें और टीएमसी का रवैया, आर जी कर अस्पताल की उस बेटी के साथ हुई दरिंदगी बंगाल के लोग भूले नहीं है। टीएमसी कैसे खुलेआम अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती थी। इसी मानसिकता का परिणाम है आज महिलाओं के खिलाफ एसिड अटैक जैसे घिनोने अपराध पश्चिम बंगाल में हो रहे हैं। बंगाल को ऐसे हालात मंजूर नहीं है, आप भाजपा को मौका दीजिए, भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी और अपराधी जेल में होंगे और यह मोदी की गारंटी है।"

  • 4:07 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    टीएमसी ने सारे हथियार निकाले, लेकिन जनसैलाब को नहीं रोक पाई

    कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा, "आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए। लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, टीएमसी के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा। यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और एनडीए के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है। श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी। भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी।"

  • 4:05 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा-पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री ने बताया कि टीएमसी सरकार का एक ही एजेंडा है। ये टीएमसी वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे। जब तक इनको अपना कटमनी नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव, गरीब तक नहीं पहुंचने देते। इसलिए टीएमसी सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है। उन्होंने कहा, "एक समय बंगाल पूरे भारत को गति देता था, बंगाल व्यापार और उद्योगों में सबसे आगे था। लेकिन आज यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल पा रहा है। आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है।" पीएम ने कहा कि बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, टीएमसी के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा। 

  • 3:56 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    भाजपा सरकार बंगाल का नवनिर्माण करेगी-पीएम मोदी

    कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा कि यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और एनडीए के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है। श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी। भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी।

  • 3:45 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत की। मोदी ने 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखी, जिससे इन दोनों स्थानों की दूरी लगभग 120 किलोमीटर कम हो जाएगी और लगभग सात से आठ घंटे का समय बचेगा। अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच बन रहे आर्थिक गलियारे का हिस्सा है, जो पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने बताया कि यह गलियारा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-16, एनएच-19, एनएच-14 और एनएच-12 सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को एकीकृत करेगा।

  • 3:44 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    बंगाल देश को दिशा देता है

    कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा, "आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है। चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार! कल टीएमसी ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। 

  • 3:41 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    ये प्रोजेक्ट पश्चिम बंगाल को नई गति देंगे

    पश्चिम बंगाल और असम में कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये प्रोजेक्ट्स पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई गति देंगे। इनसे व्यापार और इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा, लाखों लोगों की जिंदगी आसान होगी और उनके लिए नए मौके खुलेंगे। खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे के पूरा होने से पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। देश के रेलवे नेटवर्क को मॉडर्न बनाने का तेजी से अभियान चल रहा है। हमारा पक्का इरादा है कि इस कोशिश में पश्चिम बंगाल पीछे नहीं रहना चाहिए। इसलिए, केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को भी तेजी से बढ़ाने की पूरी कोशिश कर रही है।"

  • 3:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    वॉटर ट्रांसपोर्ट का रोल अहम

    कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पोर्ट और वॉटर ट्रांसपोर्ट का रोल भी उतना ही अहम और जरूरी है। दशकों तक, पूर्वी भारत की इस क्षमता को काफी हद तक नजरअंदाज किया गया। हालांकि, आज, वॉटरवेज ट्रेड और इंडस्ट्रियल तरक्की के लिए नए रास्ते खोल रहे हैं। कोलकाता और हल्दिया जैसे पोर्ट लंबे समय से पूर्वी भारत में ट्रेड के बड़े हब रहे हैं। हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में अभी मैकेनाइजेशन हो रहा है। इस पहल से कार्गो ऑपरेशन में तेजी आएगी, पोर्ट की कैपेसिटी बढ़ेगी, और ट्रेड को आसान बनाने के लिए नई फैसिलिटी बनेंगी।"

  • 2:19 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कोलकाता में भिड़े BJP-TMC के कार्यकर्ता

    कोलकाता में PM मोदी की रैली से पहले हंगामा हो गया है। यहां आपस में BJP-TMC के कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों तरफ से पत्थरबाजी का आरोप है। BJP कार्यकर्ताओं ने बताया कि टीएमसी के कार्यकर्ता उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की रैली में जाने से रोक रहे थे। इसी को लेकर विवाद हुआ था।

  • 12:16 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    पिछड़े लोगों को प्राथमिकता देना BJP का मूलमंत्र- PM मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि BJP का मूलमंत्र है विकास की दौड़ में पिछड़े लोगों को प्राथमिकता देना। कांग्रेस सरकारें सीमा वाले क्षेत्रों को देश के सबसे पिछड़े गांव मानती थीं। लेकिन हम इन गांवों को भारत के सबसे पहला गांव मानते हैं। इसी कारण से सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के मकसद से शुरू किए गए। यहां बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जो चाय बागानों में काम करते हैं। असम सरकार ने इन चाय बागानों से जुड़े हजारों परिवारों को भूमि का अधिकार देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

  • 12:11 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कांग्रेस नेता नहीं लिख पाएंगे 24 हजार करोड़- PM मोदी

    PM मोदी ने कहा कि आज लगभग 24 हजार करोड़ रुपये की लागत की शिलांग-सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया गया। कांग्रेस नेताओं से ही पूछ लीजिए। उन्हें पेन और कागज दीजिए और 24 हजार करोड़ रुपये लिखने को कहिए, तो वे लिख भी नहीं पाएंगे।

  • 12:10 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    BJP सरकार ने बदले बराक वैली का हालात- PM मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी बोले कि आजादी के बाद भी, दशकों तक कांग्रेस सरकारें रहीं; फिर भी, बराक वैली के विकास को बढ़ावा देने के लिए कोई ठोस स्टेप नहीं लिया गया। BJP की 2 इंजन वाली सरकार अब इस हालात को बदल रही है। हम बराक वैली को व्यापार और वाणिज्य के एक प्रमुख सेंटर के रूप में दोबारा स्थापित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।

  • 12:06 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कांग्रेस की वजह से बराक घाटी का समुद्र से संपर्क टूटा- PM मोदी

    PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट भारत को उसके हाल पर छोड़ दिया था। जब भारत को आजादी मिली, तो कांग्रेस ने सीमा निर्धारण इस प्रकार से होने दिया कि बराक घाटी का समुद्र से अहम संपर्क पूरी तरह से टूट गया। बराक वैली, जो कभी एक प्रमुख व्यापार मार्ग और इंडस्ट्रियल सेंटर के रूप में प्रसिद्ध थी, अपनी मूल ताकत से वंचित हो गई।

  • 12:01 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    बराक वैली में पैदा होंगे स्वरोजगार के अनगिनत अवसर- PM मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले यहां बराक वैली की कनेक्टिविटी से जुड़े, नॉर्थ-ईस्ट की कनेक्टिविटी से जुड़े, हजारों करोड़ रूपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। रोड हो, रेल हो, एग्रीकल्चर कॉलेज हो, ऐसे हर प्रोजेक्ट से बराक वैली, नॉर्थ-ईस्ट का एक बड़ा लॉजिस्टिक और ट्रेड हब बनने जा रहा है। इससे यहां के नौजवानों के लिए रोजगार के, स्वरोजगार के अनगिनत अवसर बनने जा रहे हैं। मैं आप सभी को इन सारी विकास परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

  • 11:57 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को भुला दिया- PM मोदी

    PM मोदी ने सिलचर की रैली में कहा कि बराक घाटी का विकास हमने किया। कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को भुला दिया था। कांग्रेस ने बराक घाटी की ताकत छीन ली थी। कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को दिल और दिल्ली दोनों से दूर रखा था।

  • 11:42 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    PM मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिलचर में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया है, जो उत्तर-पूर्वी भारत का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड 4-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर है। लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित 166 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस प्रोजेक्ट से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम होगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे हो जाएगा।

  • 11:40 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिलचर में स्वागत किया गया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिलचर में स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री जल्द ही शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन करेंगे। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड चार-लेन वाला हाई-स्पीड कॉरिडोर है। लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर, मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार लाएगा।

  • 11:08 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    प्रधानमंत्री दो रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे

    PM मोदी, बेल्डा और दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबाई की रेल लाइन और कलाइकुंडा और कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली देश को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं से ट्रेनों की सुरक्षा और समयबद्धता में सुधार हो जाएगा। ट्रेन में भीड़ कम होगी और इलाके में यात्रियों के लिए यात्रा की सुगमता बढ़ेगी।

  • 10:44 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    PM मोदी 231 KM लंबे फोर लेन कॉरिडोर की रखेंगे आधारशिला

    प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में कई नई नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे। इनमें NH-116A के 231 किलोमीटर लंबे फोर लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम इकोनॉमिक कॉरिडोर के 5 पैकेज शामिल हैं। यह प्रोजेक्ट खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच आर्थिक गलियारे का भाग है। यह पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, बीरभूम, हुगली, पूर्वी बर्धमान और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगा।

  • 10:24 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    प्रधानमंत्री Port Infrastructure Projects की रखेंगे नींव

    प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में कई Port Infrastructure Projects की नींव भी रखेंगे। इनमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में बर्थ नंबर 5 का मशीनीकरण शामिल है। अन्य प्रोजेक्ट्स में कोलकाता डॉक सिस्टम में इंडेंचर मेमोरियल कॉम्प्लेक्स के पास नदी क्रूज टर्मिनल और नदी टूरिज्म फैसिलिटी के लिए टर्मिनल भवन का निर्माण शामिल है।

  • 10:07 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    पश्चिम बंगाल को PM मोदी देंगे रेल की सौगात

    प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल में पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी। PM मोदी अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्निर्मित 6 रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों में कामाख्यागुरी, अनारा, बरभूम, तामलुक, हल्दिया और सिउरी का नाम शामिल है।

  • 9:54 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    PM मोदी पश्चिम बंगाल को देंगे 18 हजार 680 करोड़ का तोहफा

    प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर करीब 2 बजे कोलकाता में लगभग 18 हजार 680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। PM मोदी करीब 16 हजार 990 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 420 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई की कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, कई प्रोजेक्ट्स की नींव भी रखेंगे।

  • 9:39 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    करीमगंज में PM मोदी रखेंगे एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की आधारशिला

    प्रधानमंत्री मोदी असम में करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नई एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की नींव रखेंगे। यह संस्थान असम में कृषि शिक्षा और रिसर्च के इको-सिस्‍टम को मजबूत करेगा। इससे बराक वैली और आसपास के इलाके के छात्रों की उनके घर के पास ही हाई क्वालिटी वाली कृषि शिक्षा तक पहुंच बन पाएगी।

  • 9:35 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    PM मोदी करेंगे शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का शिलान्यास

    प्रधानमंत्री मोदी आज (शुक्रवार को) सुबह लगभग 10:45 बजे असम के सिलचर में भूमि पूजन करेंगे और करीब 23 हजार 550 करोड़ रुपये की तमाम परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। PM मोदी पूर्वोत्तर भारत के पहले एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड फोर-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर, शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। यहां करीब 22 हजार 860 करोड़ रुपये की लागत से 166 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनेगा, जिससे मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा।