PM Modi EAC Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री-आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों के साथ मीटिंग की अध्यक्षता की है। प्रधानमंत्री मोदी और आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों ने वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत की आर्थिक बढ़ोतरी को और बढ़ावा देने के लिए तमाम विचारों और उपायों पर चर्चा की। इसके साथ ही, जीवन स्तर सुधारने और बिजनेस के खातिर अनुकूल माहौल बनाने के लिए तमाम उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान, आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों ने पश्चिम एशिया संघर्ष के भारत और बाकी दुनिया पर पड़ने वाले असर का भी आकलन पेश किया। इसको लेकर PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट भी किया।
बिजनेस के लिए अनुकूल माहौल पर PM मोदी ने की बात
PM मोदी ने पोस्ट किया, ''प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद की मीटिंग की अध्यक्षता की। भारत के आर्थिक परिवर्तन और दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही, सुधारों की यात्रा को और रफ्तार देने, 'Ease of Living' और 'Ease of Doing Business' सुनिश्चित करने पर भी अपने विचार साझा किए।''
GDP के ताजा आंकड़ों पर PM मोदी ने जताई खुशी
गौरतलब है कि यह बैठक तब हो रही जब एक दिन पहले ही GDP को लेकर नए आंकड़े जारी किए गए हैं। PM मोदी ने इसको लेकर खुशी भी जताई थी।
वैश्विक संकट के इस समय में 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक कोशिशों से हमारा देश खुद को संभाल भी रहा है और सबसे आगे रहने के उसकी कोशिशें सफल भी हो रही हैं। देश की विकास गति को लेकर आए आंकड़े भी इसके गवाह हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
आर्थिक रफ्तार बनाए रखने के लिए सुधार रहेंगे जारी- वित्त मंत्री
वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में वास्तविक GDP में 7.7% की बढ़ोतरी वृद्धि का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप वाली भारत की सरकार वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच पॉजिटिव आर्थिक रफ्तार सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक नीतिगत उपायों के साथ सुधार एक्सप्रेस को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जीवन स्तर सुधारने पर सरकार कर रही है फोकस
गौरतलब है कि केंद्र सरकार का फोकस ऐसे सुधारों पर है, जो हमारी इकोनॉमी को दीर्घकालिक मजबूती दें और साथ ही आम लोगों के जीवन को आसान बना सकें। इसके अलावा, कारोबार के लिए भी बेहतर माहौल तैयार करने पर काम हो रहा है।
ये भी पढ़ें- GDP के ताजा आंकड़ों से PM मोदी और वित्त मंत्री सीतारमण गदगद, जानें क्या-क्या कहा
Latest India News