नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हैदराबाद में दरियादिली का परिचय देते हुए अपने हेलिकॉप्टर लैंडिंग का प्लान बदल लिया और 18 किमी की दूरी सड़क मार्ग से तय करके समारोह स्थल तक पहुंचे। दरअसल, पीएम मोदी के हेलीकॉप्टर को जिस जगह उतारने का प्लान किया गया था वहां पर बीआरएस एमएलसी एमसी कोटी रेड्डी के बेटे और कराईकल की सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस लक्ष्मी सौजन्या की शादी होनी थी। तैयारियां पहले से ही कर ली गई थीं। इसी बीच प्रधानमंत्री का कार्यक्रम भी बन गया। लेकिन बाद में जब यह बात पीएम मोदी के संज्ञान में आई तो उन्होंने तुरंत रूट बदला और 18 किमी की दूरी सड़क मार्ग से तय करके सभा स्थल तक पहुंचे।
पीएम मोदी ने किया वैकल्पिक इंतजाम
हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआईसीसी) में सभा स्थल के पास ही पीएम मोदी के हेलीकॉप्टर को उतारने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन शादी की तैयारियों में बाधा आ रही थी। करीब 5,000 मेहमानों को निमंत्रण भी भेजे जा चुके थे। इस खास मौके पर आखिरी समय में सुरक्षा इंतज़ामों की वजह से परिवार और मेहमानों को होने वाली असुविधा को पीएम मोदी ने तुरंत भांप लिया। उन्होंने एक वैकल्पिक व्यवस्था चुनी और इसके बजाय लगभग 18 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से तय किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कदम उनकी संवेदनशीलता, दयालु प्रवृति और विचारशील एवं मानवीय पहलुओं को दर्शाता है। वे हमेशा किसी भी राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर जनता को सर्वोपरि रखते हैं।
9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी
बता दें कि पीएम मोदी ने हैदराबाद के एचआईसीसी में डिजिटल माध्यम से तेलंगाना में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और कई अन्य नेता हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआईसीसी) में मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं, जिसमें हैदराबाद-पणजी इकोनॉमिक कॉरीडोर पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है।
- रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों का उद्घाटन किया गया।
- हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पीओएल (पेट्रोलियम, ऑयल और लुब्रिकेंट्स) टर्मिनल का उद्घाटन किया गया।
- काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास परियोजना राष्ट्र को समर्पित की गई।
- वारंगल में पीएम मित्र पार्क यानी काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क का उद्घाटन किया गया।
- करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है।
Latest India News