प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने रविवार को हैदराबाद के एचआईसीसी में डिजिटल माध्यम से विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी.किशन रेड्डी और कई अन्य नेता हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने तेलंगाना सरकार में भ्रष्ट्रचार को लेकर सीएम रेवंत रेड्डी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह गुजरात की तरह तेलंगाना को भी पैसा देने के लिए तैयार हैं, लेकिन यहां आते-आते पैसा आधा हो जाता है। पीएम मोदी की इस बात पर तेलंगाना सीएम हंसते हुए देखे गए।
इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी
पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं, जिसमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है। उन्होंने रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पीओएल (पेट्रोलियम, तेल, लुब्रिकेंट्स) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास और वारंगल में पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन भी किया। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है।
राज्यों के विकास के बिना देश की प्रगति संभव नहीं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में कहा, "भारत आज सुधार एक्सप्रेस पर सवार है, आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहा है। तेलंगाना में विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने और उद्घाटन से नौकरियों के हजारों अवसर पैदा होंगे। राज्यों के विकास के बिना देश की प्रगति संभव नहीं हैं।" पीएम ने कहा कि वह तेलंगाना के प्रत्येक परिवार को आश्वस्त करना चाहते हैं कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए और अधिक तेजी से काम करती रहेगी।
भारत के पहले पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया
पीएम ने वारंगल में 1,695.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भारत के पहले पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया। कपड़ा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह पार्क भारत में कपड़ा क्षेत्र के विकास में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए तैयार है। इसमें 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है और इसकी 62 प्रतिशत भूमि पहले ही आवंटित की जा चुका है। बयान के अनुसार 1,327 एकड़ में फैला यह पार्क कपड़ा मूल्य श्रृंखला में बड़े पैमाने पर अवसर पैदा करने के लिए तैयार है। इससे 24,400 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि हजारों नौकरियां पहले ही सृजित की जा चुकी हैं। सरकार ने सात राज्यों - कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और गुजरात में एक-एक पीएम मित्रा पार्क स्थापित करने की मंजूरी दी है। ये पार्क आधुनिक, बड़े पैमाने वाले और एकीकृत परिसर के रूप में तैयार किए जा रहे हैं, जो पूरी मूल्य श्रृंखला को जोड़ते हैं। पीएम मित्रा योजना भारत सरकार के 5एफ विजन - 'फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन' को साकार करते हैं। परियोजना का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वारंगल का यह पार्क देश में कपड़ा क्रांति को गति देगा और विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगा।
यह भी पढ़ें-
Sri Sri@70: Art of Living के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए PM मोदी, ध्यान मंदिर का किया उद्घाटन, जानें क्या बोले
तमिलनाडु में शपथ ग्रहण के ठीक बाद PM मोदी ने कांग्रेस पर की आरोपों की बौछार, DMK को लेकर कसा तंज
Latest India News