1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. किसानों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे CM फडणवीस, PM मोदी ने की तारीफ

किसानों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे CM फडणवीस, PM मोदी ने की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे CM देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की। PM मोदी ने इसे दिल छू लेने वाला कदम बताया।

PM Modi praises Devendra Fadnavis- India TV Hindi
Image Source : ANI (फाइल फोटो) प्रधानमंत्री मोदी ने CM फडणवीस की तारीफ की।

दिवाली के त्योहार पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस बार किसानों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर जिले के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाई और लोकल किसान परिवार अरुणाबाई बालपांडे और रामभाऊ बालपांडे के घर पर रात बिताई। पीएम नरेंद्र मोदी ने फडणवीस के इस कदम की तारीफ करते हुए इसे बेहद भावुक कर देने वाला बताया है।

PM मोदी ने फडणवीस के कदम को बताया दिल छू लेने वाला

प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम देवेंद्र फडणवीस के 'X' पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, 'महाराष्ट्र के सीएम का नागपुर जिले के नरखेड़ स्थित लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाना और अरुणाबाई व रामभाऊ बालपांडे के घर पर रुकना दिल को छू लेने वाला स्टेप है। यह दिखाता है कि महाराष्ट्र में एनडीए सरकार किसानों के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।'

किसानों की आंखों से आंसू पोंछना ही दिवाली का असली अर्थ

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पोस्ट में लिखा था कि किसानों की आंखों से आंसू पोंछना ही उनके लिए दिवाली का असली अर्थ है। उन्होंने बताया कि उन्हें नागपुर के लोहारी सावंगा गांव में अपने किसान भाइयों के साथ दिवाली मनाने का मौका मिला। यह गांव ऐतिहासिक हेमाडपंथी शिव मंदिर की विरासत और कन्हान नदी की प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है।

सीएम फडणवीस ने मन भावुक होने की बात भी बताई

सीएम फडणवीस ने लिखा था कि सूखे से जूझ रहे किसानों की दिक्कतों, उनके परिवारों की चिंता और भविष्य को लेकर उनकी आशंकाएं सुनकर उनका मन भावुक हो गया। इस दौरान, बालपांडे फैमिली ने जिस अपनत्व, प्रेम और गर्मजोशी से उनका वेलकम किया, उसने उन्हें गहराई से प्रभावित किया।

पूरे देश में दिवाली उत्साह के साथ मनाई जा रही है, लेकिन महाराष्ट्र के किसान इस वक्त कई तरह की परेशानियों से घिरे हैं। प्राकृतिक आपदा की वजह से फसलें बर्बाद हो रही हैं। आर्थिक तंगी के साथ-साथ किसानों को अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भविष्य की भी चिंता सता रही है: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुख्यमंत्री ने लोहारी सावंगा के किसानों से की बातचीत

सीएम फडणवीस ने बताया कि जब उन्होंने लोहारी सावंगा के किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं तो उनके चेहरों पर धीरे-धीरे टेंशन कम होता दिखाई दिया। किसानों ने उनसे कहा कि साहब, आप इतनी दूर हमारे गांव आए और हमारे सुख-दुख में शामिल हुए, इससे ही हमारा आधा दर्द कम हो गया। किसानों की यह बात उनके दिल को छू गई। पीएम मोदी ने भी बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा कि वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।

(इनपुट- IANS)

ये भी पढ़ें- 'एक जमाने में अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर रोक थी, राम भक्तों पर बरसाई गई थीं गोलियां', बोले CM योगी

Latest India News