नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 18 जून 2026 तक यूरोप के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे फ्रांस और स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करेंगे और फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस दौरे को भारत-यूरोप संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
फ्रांस में मैक्रों से मुलाकात करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री 13 से 14 जून तक फ्रांस के नीस शहर का दौरा करेंगे। यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आमंत्रण पर हो रही है। 14 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें भारत और फ्रांस के पूरे संबंधों की समीक्षा की जाएगी। दोनों देशों के संबंध हाल ही में ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंचाए गए हैं।
नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। यह कार्यक्रम भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक साथ लाएगा। यह आयोजन भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत किया जा रहा है और दोनों देशों के बीच मजबूत इनोवेशन साझेदारी को दर्शाता है। इसके बाद मोदी 16 से 19 जून के बीच फ्रांस के इवियन और पेरिस का भी दौरा करेंगे।
स्लोवाकिया के दौरे पर इतिहास बनाएंगे पीएम
14 से 16 जून के बीच प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर हो रही है। यह 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद से किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली स्लोवाकिया यात्रा होगी। यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि अप्रैल 2025 में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्लोवाकिया का दौरा किया था और फरवरी 2026 में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी भारत आए थे।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री फिको के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल और रेलवे निर्माण जैसे क्षेत्रों में नए सहयोग के अवसरों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे।
G7 शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी
प्रधानमंत्री 16 से 17 जून तक फ्रांस के इवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान वे G7 देशों के नेताओं और अन्य आमंत्रित देशों व अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन में मुख्य विषय होंगे:
- नई साझेदारियों का निर्माण और वैश्विक एकजुटता को मजबूत करना
- सभी के लिए संतुलित, साझा और टिकाऊ आर्थिक विकास को बढ़ावा देना
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सुरक्षित, तेज और प्रभावी तरीके से लागू करना
बता दें कि शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
पेरिस में टेक समिट में शामिल होंगे PM मोदी
18 जून को प्रधानमंत्री मोदी पेरिस में विभिन्न द्विपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट ‘VivaTech Summit’ में भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री पेरिस में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
भारत-यूरोप साझेदारी को मिलेगा नया आयाम
सरकारी बयान के अनुसार यह यात्रा भारत की फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 देशों के साथ साझेदारी को और गहरा करेगी। G7 में प्रधानमंत्री की मौजूदगी को वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज के रूप में देखा जा रहा है। ‘भारत इनोवेट्स’ और ‘VivaTech Summit’ में भागीदारी से भारत को वैश्विक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और स्टार्टअप इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूती मिलेगी। इससे भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय तकनीकी साझेदारियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
Latest India News