1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. वंदे मातरम् को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत, सामने आया DCP सेंट्रल का बयान

वंदे मातरम् को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत, सामने आया DCP सेंट्रल का बयान

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वंदे मातरम को पूरा न गाने को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी चर्चा पर हैं। बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। इन दोनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी

वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। यह शिकायत सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में दी है।शिकायत 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर की गई है।

वंदे मातरम् के बीच सोनिया गांधी ने किया था इशारा

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘वंदे मातरम्’ के दौरान सोनिया गांधी ने ऐसे इशारे किए, जिससे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताने की बात सामने आती है। शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो का भी जिक्र है, जिसमें वे कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने दोनों के खिलाफ मामले की जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में राष्ट्रीय गीत के गायन को जानबूझकर रोकने या कार्यक्रम में रुकावट डालने से जुड़े कानूनी प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है। शुभ शर्मा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

की जा रही जांच- DCP सेंट्रल

इस शिकायत के संबंध में डीसीपी सेंट्रल का बयान सामने आया है। पुलिस विभाग द्वारा कहा गया, '15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम गायन के समय हुई कथित घटना के संबंध में शिकायत की जांच की जा रही है।'

भाजयुमो ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

वहीं, दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओडिशा इकाई ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। 

कांग्रेस नेताओं ने किया दंडनीय अपराध

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्र गीत के गायन का कथित तौर पर 'अपमान' करने और बाधा डालने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पांडा ने आरोप लगाया, 'वंदे मातरम् का अपमान करके और उसके गायन में बाधा डाल कर उन्होंने दंडनीय अपराध किया है।'

कांग्रेस पार्टी ने दी सफाई

वहीं, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्र गीत को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी। पार्टी ने कहा कि सोनिया गांधी केवल खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह कुछ समय से खड़े थे। 

भाजपा ने विरोध में निकाला जुलूस

इस बीच, भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी कार्यालय से मास्टर कैंटीन चौक स्थित कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकाला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के व्यवहार से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। 

ये भी पढ़ें: 

'माफी मांगे कांग्रेस नेतृत्व', रविशंकर प्रसाद ने वंदे मातरम् के अपमान पर सोनिया गांधी को घेरा

Latest India News