A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केरलम में कौन होगा मुख्यमंत्री? कांग्रेस गुरुवार को करेगी घोषणा, सीएम फेस को लेकर राहुल गांधी और खरगे के बीच 40 मिनट मंथन

केरलम में कौन होगा मुख्यमंत्री? कांग्रेस गुरुवार को करेगी घोषणा, सीएम फेस को लेकर राहुल गांधी और खरगे के बीच 40 मिनट मंथन

केरलम के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा गुरुवार यानी 14 मई को होगी। इसकी जानकारी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दी है। सीनियर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को सीएम पद के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक मीटिंग चली।

केरलम में सीएम फेस पर कब खत्म होगा सस्पेंस- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV केरलम में सीएम फेस पर कब खत्म होगा सस्पेंस

नई दिल्लीः कांग्रेस ने 10 दिन के गहन मंथन के बाद केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला कर लिया है जिसकी घोषणा बृहस्पतिवार को की जाएगी। पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया है कि बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम में विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है। इसके बाद नेता के नाम का ऐलान किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बुधवार को अंतिम दौर की मंत्रणा की और खरगे के आवास '10 राजा जी मार्ग" पर दोनों नेताओं के बीच आधे घंटे से भी अधिक समय तक चर्चा हुई। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने नेता चुनने के लिए नेतृत्व को अधिकृत किया था। आलाकमान ने चर्चा पूरी कर ली है और फैसले के बारे में कल घोषणा की जाएगी। 

संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे वी.डी.सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''कांग्रेस पार्टी नेता के चयन में सभी लोकतांत्रिक परंपराओं और प्रक्रियाओं का पालन करेगी। बीते चार मई को विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से कांग्रेस में मंत्रणा के कई दौर चले। सात मई को विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया था कि वह नए नेता का चयन करेगा। 

 केरलम के सीनियर नेताओं से मिल चुके हैं राहुल गांधी

इससे पहले केरलम कांग्रेस के कई नेताओं, जिनमें केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के पांच पूर्व अध्यक्ष, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के संयोजक, KPCC की अनुशासन समिति के प्रमुख और KPCC के तीन कार्यकारी अध्यक्ष शामिल हैं, मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाक़ात की। इनमें से सात नेताओं ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल का समर्थन किया, जबकि दो नेताओं  ने वी.डी. सतीशन का समर्थन किया।

वहीं, एक नेता ने किसी का भी पक्ष नहीं लिया और तटस्थ बने रहे। केरलम कांग्रेस प्रमुख जोसेफ ने बुधवार को संकेत दिया कि सीएम पद के लिए घोषणा आज हो सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर चर्चाएं पूरी हो चुकी हैं और अंतिम फैसला दिल्ली से आएगा।

केरलम में UDF को मिला है बहुमत

केरलम चुनाव में UDF ने विधानसभा चुनावों में 102 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की है। कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि LDF, जिसने 2021 में 99 सीटें जीती थीं, इस बार घटकर 35 सीटों पर सिमट गई। विपक्ष के पूर्व नेता वी.डी. सतीशन, AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला शुरू में इस शीर्ष पद के लिए मुख्य दावेदार हैं। हालांकि केरलम के सीएम पद के लिए सतीशन और वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे है।

Latest India News