आज (गुरुवार को) भी कनॉट प्लेस में लंच तय हुआ था तो दिल्ली पुलिस ने पूरा घेरा बना दिया। रेस्टोरेंट के अंदर लंच पर रणनीति बन रही थी, बाहर पुलिस एकदम पर अलर्ट पर थी। मोएट होटल के अंदर विपक्ष के प्रतिनिधि सांसद मौजूद थे। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के ममता धड़े से अभिषेक बनर्जी थे, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा थे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे सब लंच के लिए मोएट होटल पहुंचे। लंच के साथ-साथ मोएट होटल के अंदर रणनीति बन रही थी। और बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बढ़ता जा रहा था। सस्पेंस कायम था कि आखिर राहुल दो दिन के प्रोटोस्ट के बाद आखिर आज क्या करने वाले हैं।
कांग्रेसी कार्यकर्ता आगे-आगे और राहुल गांधी की बस पीछे-पीछे
लंच के बाद मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, अभिषेक बनर्जी, मनोज झा सब बाहर आए और ऐलान हो गया कि न तो EC के ऑफिस पर धरना होगा, न ही जंतर-मंतर को घेरा जाएगा बल्कि राजघाट पर शांति पूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। धरना दिया जाएगा। कांग्रेस की बस में राहुल गांधी भी बैठे और बाकी सांसद भी बैठे। एरियल तस्वीरों में देखिए जिस बस में राहुल गांधी और बाकी नेता सांसद बैठे हैं उसके आस-पास कितने ज्यादा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा है। राहुल गांधी की बस के आगे-आगे हाथ में तिरंगा लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता और पीछे-पीछे कांग्रेस की बस राजघाट की ओर निकली।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस
कांग्रेसियों की मांग साफ है कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो। तीन दिन से राहुल गांधी सड़क पर लड़-भिड़ रहे हैं। 6 अक्टूबर को पैदल निकले लेकिन पुलिस ने रोक लिया। 7 अक्टूबर को भी पैदल निकले तो पुलिस ने डिटेन कर लिया तो 8 अगस्त को राहुल गांधी बस में बैठ कर निकले। कांग्रेस और विपक्षी सांसदों की तीन बसें मिंटो रोड से होते हुए राजघाट रवाना तो हुईं लेकिन कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता इसी रास्ते पर पड़ने वाले बीजेपी दफ्तर वाली सड़क पर घुसने की कोशिश करने लगे। लेकिन बीजेपी दफ्तर की सड़क को पहले से ही दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम कर लिए थे।
6 अक्टूबर को राहुल-प्रियंका ने पुलिस को दिया था चकमा
एक तरफ राजघाट में NSUI और कांग्रेस के कार्यकर्ता पहले से ही धरने पर बैठे थे। नारेबाजी हो रही थी। पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शन हो रहा था। दूसरी तरफ कांग्रेसी हुजूम के साथ राहुल-प्रियंका की बस राजघाट की तरफ बढ़ रही थी। लेकिन जैसे 6 अक्टूबर को राहुल-प्रियंका ने पुलिस को चकमा दिया और आकाशवाणी भवन में धरने पर 8 घंटे तक बैठ गए। ऐसे में ये बस भी कहां मुड़ेगी, कहां रुकेगी इस पर सस्पेंस बरकरार था।
कांग्रेस हेडक्वार्टर के सामने भी हुआ प्रदर्शन
राजघाट पर भी दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती जबरदस्त तरीके से कर दी गई, कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां पहले से थे। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की बस के अंदर कांग्रेसी कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे थे। एक तरफ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सभी राजघाट पहुंच रहे थे। हजारों हजार कार्यकर्ता राहुल प्रियंका की बस के साथ थे, लेकिन दूसरी तरफ बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस हेडक्वार्टर के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला और पुरुष पुलिस बल का मोर्चा यहां भी तैनात था। बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रयंका गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी। तख्तियां और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थीं।
राजघाट पर रुकने की 1 घंटे की थी परमिशन
हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे राजघाट पर बापू के समाधि स्थल पर पहुंचे। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को राजघाट के अंदर जाने की परमिशन मिल गई। वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए अंदर चले गए। राहुल, प्रियंका सभी ने बापू की समाधि पर महात्मा गांधी को नमन किया। दिल्ली की पुलिस ने प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ-साथ सभी विपक्षी नेताओं को राजघाट में एक घंटे की परमिशन दी थी और उसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी राजघाट से निकल गए, जिसके बाद एक-एक करके सभी विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सांसद भी राजघाट से निकल गए और आज का प्रोटेस्ट खत्म हो गया।
ये भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए', NDA के मंत्री की अभिजीत दीपके को दो टूक
Latest India News