1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर के जादूगर पकड़े गए हैं...', लोकसभा में जमकर हुआ हंगामा, जानें पूरा मामला

राहुल गांधी बोले- 'ऑपरेशन सिंदूर के जादूगर पकड़े गए हैं...', लोकसभा में जमकर हुआ हंगामा, जानें पूरा मामला

राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा कि महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस समर्थन करती है लेकिन हम डिलिमिटेशन के खिलाफ हैं। ये जाति जनगणना से बचने की कोशिश है और OBC, दलित और मुस्लिमों से पावर छीनने की कोशिश है।

Rahul gandhi lok sabha operation sindoor- India TV Hindi
Image Source : PTI लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर हंगामा।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महिला रिजर्वेशन और डिलिमिटेशन पर कहा कि पहला सच तो यह है कि यह महिलाओं का बिल नहीं है। इसका महिलाओं के एम्पावरमेंट से कोई लेना-देना नहीं है। यह भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश है। आप दक्षिण भारत, उत्तर-पूर्वी राज्यों और भारत के छोटे राज्यों से कह रहे हैं कि भाजपा को सत्ता में बनाए रखने के लिए हम आपसे प्रतिनिधित्व छीन लेंगे। यह देश विरोधी काम से कम नहीं है। और हम आपको ऐसा नहीं करने देंगे। इस दौरान राहुल ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी कुछ ऐसा कहा जिसपर हंगामा खड़ा हो गया।

ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले राहुल?

राहुल गांधी ने कहा- "सच है कि जादूगर पकड़े गए हैं। बालाकोट के जादूगर, नोटबंदी के जादूगर, ऑपरेशन सिंदूर के जादूगर पकड़े गए हैं।" राहुल के इस बयान पर लोकसभा में जमकर हंगामा शुरू हो गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, किरेन रिजिजू समेत अनेक नेताओं ने राहुल गांधी के बयान की निंदा की।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर को जादू कहा, बालाकोट स्ट्राइक हमारे जो लीर जवानों ने जो कार्रवाई की उसे वह जादूगर कहते हैं। 

देश से माफी मांगे राहुल- राजनाथ सिंह

राहुल गांधी के बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- देश के प्रधानमंत्री के संबंध में जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग नेता प्रतिपक्ष (राहुल गांधी) के द्वारा किया जा रहा है, ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। इस देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है, हमारे दल को इतनी ताकत दी है, जिसके कारण वह प्रधानमंत्री बने। ये बार-बार 'मैजिशियन' कहकर किसी व्यक्ति का अपमान नहीं कर रहे, बल्कि देश की जनता का अपमान कर रहे हैं। मैं आपसे अनुरोध करना चाहता हूं कि जिन शब्दों का इन्होंने प्रयोग किया है, उन्हें सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए और राहुल गांधी को देशवासियों से क्षमा मांगनी चाहिए।

बिल पर वोटिंग के समीकरण

महिला आरक्षण से जुड़े तीनों बिल का पास कराने के लिए मोदी सरकार को दो तिहाई बहुमत चाहिए। लोकसभा में मौजूदा 540 सांसद है, इसका दो तिहाई बहुमत 360 है। लोकसभा में अभी सरकार के पास 293 सांसद है। वहीं, विपक्ष और अन्य को मिलाकर 232 सांसद हैं। बिल पास कराने के लिए 360 वोटों की ज़रूरत है। यानी सरकार के पास मैजिक नंबर से 67 वोट कम है यानी लोकसभा का नंबर गेम सरकार फेवर में नहीं है। कांग्रेस, सपा, डीएमके, टीएमसी जैसे बड़े दल बिल के विरोध में है। समाजवादी पार्टी तो अब इसमें मुस्लिम आरक्षण का एंगल ले आई है, कह रही है कि महिला आरक्षण के अंदर ओबीसी के साथ साथ मुस्लिम महिलाओं का भी कोटा रखा जाए।

ये भी पढ़ें- 'घर में मां-बहन-बेटी-पत्नी का स्मरण करते हुए अंतरात्मा को सुनिए', PM मोदी ने महिला आरक्षण पर सांसदों से की अपील

राहुल गांधी के भाषण पर लोकसभा में भारी हंगामा, LoP बोले- 'ताकत घटने से सरकार डरी है, हम डिलिमिटेशन नहीं होने देंगे'

Latest India News