1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने मोदी सरकार को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी, जानें क्या कहा

राहुल गांधी ने मोदी सरकार को लेकर कर दी बड़ी भविष्यवाणी, जानें क्या कहा

राहुल गांधी ने कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा बुलाई गई पहली एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में मोदी सरकार को लेकर भविष्यवाणी की है।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में नेता विपक्ष राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार समिति की पहली बैठक में राहुल गांधी ने कहा है कि मेरी भविष्यवाणी है कि अगले एक साल में आर्थिक संकट के चलते सरकार घुटनों पर आ जाएगी। दिल्ली में कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा बुलाई गई पहली एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में आर्थिक संकट की बदौलत सरकार अगले एक साल में घुटनों पर आ जाएगी और यह आर्थिक संकट को संभाल नहीं पाएंगे, साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी भविष्यवाणी गलत नहीं होती है।

उन्होंने कहा कि ध्रुवीकरण की राजनीति देश में अब और नहीं चलेगी, देश के आर्थिक हालात बद से बदतर होने वाले हैं। देश में फॉरेन इन्वेस्टमेंट कम हो रहा है और आर्थिक संकट बेहद बड़ा है। यह सरकार इसे संभाल नहीं पाएगी। साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि अगर इलेक्शन मैनेज्ड न हों तो अगले एक साल में सरकार चुनाव हारने लगेगी।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में लड़ाई अमीर और गरीब की है और कांग्रेस पार्टी को समुदायों से ऊपर उठाकर गरीब की लड़ाई लड़नी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को खुलकर जिस समुदाय पर अत्याचार हो रहा है उसकी लड़ाई लड़नी चाहिए और इससे डरना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा अगर महिला पर अत्याचार हो रहा है तो महिला का नाम लेकर और दलित या मुस्लिम समुदाय पर भी अत्याचार हो रहा है तो उन्हें दलित और मुस्लिम समुदाय का नाम लेकर उनकी लड़ाई लड़नी चाहिए।

यह बात उन्होंने किसी नेता द्वारा दिए गए सुझाव के जवाब के कही, जिसमें सुझाव दिया गया था कि पार्टी मुस्लिम की जगह अल्पसंख्यक शब्द का प्रयोग करे।

इमरान प्रतापगढ़ी का भी सामने आया बयान

बैठक में अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पार्टी को अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संवाद को और बढ़ाना चाहिए। बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय के 52 नेता शामिल हुए, जिसमें राहुल गांधी ने नेताओं से बिना डरे खुलकर हर समुदाय की लड़ाई लड़ने की बात कही।

अभिषेक मनुसिंघवी ने क्या कहा?

बैठक में अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब अल्पसंख्यक समुदाय के साथ आर्थिक संकट पर भी बात करनी चाहिए।

इमरान मसूद ने क्या कहा?

बैठक में इमरान मसूद के कहा कि चुनाव में मुस्लिम नेता जनता को यह कहते हैं कि बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस को वोट दे, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। कांग्रेस को बीजेपी को हराने के नाम पर नहीं, कांग्रेस की अपनी खुद की विचारधारा के नाम पर वोट मांगने चाहिए।

पहले भी मोदी सरकार पर हमला बोलते रहे हैं राहुल

गौरतलब है कि राहुल गांधी अपने एक्स हैंडल के जरिए भी लगातार सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहते हैं। हालही में उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा था, "आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं- PM हंसकर रील बना रहे हैं, और BJP वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।"

Latest India News