Rahul Gandhi: कांग्रेस के हल्लाबोल के बीच राहुल गांधी ने आज सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। देश में चार लोगों की तानाशाही चल रही है। देश में बेरोजगारी है, हिंसा का वातावरण है। हम बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा उठाना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि देश का जो लीगल स्ट्रक्चर होता है, देश की मीडिया होती है, उसके बल पर अपोजिशन खड़ी होती है। लेकिन आज देश में ऐसे सारे इंस्टीट्यूशंस सरकार के कंट्रोल में काम कर रहे हैं। आज आरएसएस का हर व्यक्ति एक एक इंस्टीट्यूशंस में बैठा है। आज सरकार का पूरा स्ट्रक्चर एक पार्टी के साथ है। अगर कोई दूसरी पॉलिटिकल पार्टी को समर्थन करना चाहे तो उन पर ईडी या सीबीआई लगाई जाती है। इसलिए इतना इम्पैक्ट अपोजिशन का नहीं हो पाता है।
मैं सच्चाई से डरता नहीं हूं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मैं लगातार सच्चाई बोलता रहूंगा। मैं जितना सच बोलूंगा, उतने हमले होंगे। मेरी समस्या यह है कि मैं सच्चाई से डरता नहीं हूं। जो डरता है, वो धमकाता है। सरकार डरती है क्योंकि झूठ बोलती है। राहुल गांधी ने कहा कि ये कहते हैं स्टार्टअप इंडिया। लेकिन स्टार्टअप इंडिया हैं कहां। सारी कंपनियां लोगों को खासकर युवाओं को बाहर निकाल रही है। सबसे ज्यादा बेरोजगारी हिंदुस्तान में है, आज देश में सबसे ज्यादा महंगाई है और सरकार इससे इंकार करती है। छोटे उद्योग पर मार पड़ी है। जीएसटी से नुकसान हुआ है। बेरोजगारी बढ़ी है और वित्तमंत्री कह रही हैं कि कहीं कोई समस्या नहीं है।
हिटलर भी चुनाव जीतकर आता था: राहुल गांधी
वे संसद में बहस से बचना चाहते हैं। विपक्ष को बहस करने नहीं दिया जाता है। हिटलर भी चुनाव जीतता था। वो भी इसलिए , क्योंकि पूरा का पूरा ढांचा, पूरा का पूरा स्ट्रक्चर उसके साथ होता था। मुझे ये पूरा का पूरा ढांचा दे दो, फिर मैं दिखाउंगा कि चुनाव कैसे जीता जाता है।
'गांधी' एक परिवार नहीं, विचारधारा है: राहुल गांधी
राहुल गांधी बोले कि महंगाई और बेरोजगारी पर बोलने पर आज गिरफ्तार किया जाता है। ये लोग गांधी परिवार पर इसलिए अटैक करते हैं क्योंकि हम विचारधारा और लोकतंत्र के लिए लड़ते हैं। सांप्रदायिक सौहार्द्र के लिए लड़ते हैं। जब हिंदू मुसलमान को लड़ाया जाता है, महिला को पीटा जाता है तो हमें दर्द होता है। इसलिए हमलड़ते हैं, ये हमारा परिवार नहीं, विचारधारा है।
जितना मुझ पर आक्रमण होगा, मुझे उतनी खुशी होगी: राहुल
जितना भी ये मुझपर आक्रमण करेंगे, उतना ही मुझे अच्छा लगेगा, अंदर से खुशी होगी। क्योंकि मुझे अपनी आइडियॉलॉजी और ज्यादा समझ में आएगी। मैं बीजेपी के आक्रमण से सीखता हूं। जो सरकार के खिलाफ बोलता है, सरकार उसके पीछे पड़ जाती है। मेरा जॉब है कि मैं आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ बोलूं, मुझे मालूम है कि जितना ज्यादा बोलूंगा, मुझ पर उतना ही आक्रामक हमला बोला जाएगा।
आज चुप रहेंगे तो इतिहास हमें माफ नहीं करेगा: अशोक गहलोत
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता के साथ मीडिया भी आगे आए। जब एक न्यूज पेपर यानी नेशनल हेराल्ड पर हमला हो सकता है तो किसी पर भी हो सकता है। आज चुप रहेंगे तो इतिहास हमें माफ नहीं करेगा। 70 साल का लोकतंत्र 8 साल में खत्म हो गया है। मेरा सवाल है कि इन्होंने कभी 75 साल में झंडे की बात की जो ये अमृत महोत्सव मना रहे हैं?
अशोक गहलोत ने कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ रही है, सुनने वाला कोई नहीं है। देश में लोकतंत्र खत्म हो रहा है। पार्लियामेंट चल रही है और सोनिया गांधी ओर मल्लिकार्जुन खड़गे को बुला लिया जाता है। देश में ईडी का आतंक है। जनता को आज सरकार के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा।
Latest India News