1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केरल चुनाव के लिए कैंडिडेट लिस्ट में जमकर माथापच्ची, बैठक में काफी नाराज दिखे राहुल गांधी

केरल चुनाव के लिए कैंडिडेट लिस्ट में जमकर माथापच्ची, बैठक में काफी नाराज दिखे राहुल गांधी

कांग्रेस की केरल चुनाव उम्मीदवार सूची तय करने की बैठक में अव्यवस्थित प्रस्तुति से राहुल गांधी नाराज दिखे। उन्होंने दोबारा बैठक बुलाकर स्पष्ट और तर्कपूर्ण सूची पेश करने के निर्देश दिए। गुटबाजी के कारण कई सीटों पर विवाद हुआ, जबकि कुछ सांसद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं।

Rahul Gandhi Kerala elections, Congress candidate list Kerala, Kerala assembly elections 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी।

नई दिल्ली: कांग्रेस की केरल विधानसभा चुनाव की उम्मीदवार सूची को अंतिम रूप देने की बैठक बुधवार की देर रात 2 बजे तक चलती रही। पार्टी ने केरल और असम की ज्यादातर सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। कल हुई पहली बैठक में जब नेताओं ने बिना किसी व्यवस्थित प्रस्तुति के चर्चा शुरू की तो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी काफी नाराज हो गए। बैठक खत्म होते ही उन्होंने रात 10.30 बजे फिर से बैठक बुलाई और कहा कि नया प्रेजेंटेशन तैयार करके आओ।

बैठक में काफी नाराज दिखे राहुल

दूसरी मीटिंग में राहुल गांधी ने साफ-साफ निर्देश दिया, 'नेता एक व्यवस्थित और स्पष्ट सूची के साथ प्रस्तुति दें। बताएं कि किसे क्यों और कहां से टिकट दिया जा रहा है। सिर्फ यह मत बताएं कि कौन किसे अकोमोडेट करना चाहता है।' उन्होंने यह भी पूछा कि जिन नेताओं को टिकट नहीं देना है, उनके बारे में भी साफ-साफ बताएं कि क्यों देना चाहिए और क्यों नहीं देना चाहिए। दरअसल, केरल कांग्रेस में भारी गुटबाजी है। हर गुट अपने लोगों को टिकट दिलाना चाहता है। इसी वजह से बैठक में राहुल गांधी काफी नाराज दिखे।

5 सांसद भी लड़ना चाहते हैं चुनाव

केरल की 10 से 12 सीटों पर खासी बहस और माथापच्ची हुई। बताया जा रहा है कि प्रेजेंटेशन में तर्क की भारी कमी थी। कई सीटों पर सर्वे में अच्छे उम्मीदवारों के नाम ही नहीं थे। राहुल गांधी ने इस पर कई सवाल पूछे और अपनी नाराजगी जाहिर की। केरल में कम से कम 5 सांसद विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, लेकिन पार्टी का रुख साफ है कि अगर एक को टिकट दिया तो बाकी चारों को भी देना पड़ेगा। इससे लोकसभा की 5 सीटों पर उपचुनाव हो जाएगा, जो पार्टी नहीं चाहती।

असम और केरल की कैंडिडेट लिस्ट तय

असम और केरल की ज्यादातर उम्मीदवार सूची अब तय हो चुकी है। तमिलनाडु के लिए 22 मार्च को स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक तमिलनाडु में होगी। उसके बाद कांग्रेस चुनाव समिति (CEC) की बैठक के बाद पार्टी तमिलनाडु के सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर देगी।

Latest India News