A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी और खरगे से मिले सिद्धारमैया, इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में की अहम बैठक

राहुल गांधी और खरगे से मिले सिद्धारमैया, इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में की अहम बैठक

कर्नाटक के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया दिल्ली पहुंचे हैं। यहां उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की।

राहुल गांधी और खरगे से मिले सिद्धारमैया।- India TV Hindi
Image Source : KHARGE/INCINDIA राहुल गांधी और खरगे से मिले सिद्धारमैया।

नई दिल्ली: सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। वहीं इस्तीफा देने के एक दिन बाद सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सिद्धारमैया कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपने भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं। बता दें कि इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया पहले ही राज्यसभा सीट लेने से इनकार कर चुके हैं। सिद्धारमैया का कहना है कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान द्वारा सुझाई गई केंद्रीय भूमिका में उनकी रुचि नहीं है। 

खरगे से मिले सिद्धारमैया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सिद्धारमैया से मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट की हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "सिद्धारमैया का सार्वजनिक जीवन गरिमा, करुणा और सामाजिक न्याय के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का सर्वथा उदाहरण रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से लेकर कर्नाटक के दो बार मुख्यमंत्री बनने तक, वे समानता, सद्भाव और हाशिए पर पड़े लोगों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अडिग रहे। कर्नाटक और कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान के लिए कृतज्ञ हैं। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य और जनता की सेवा में उनके निरंतर योगदान की कामना करते हैं।"

राहुल गांधी से की मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया ने राहुल गांधी से मुलाकात की, हालांकि सोनिया गांधी बैठक में उपस्थित नहीं थीं। सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया ने राहुल गांधी को राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें सूचित किया कि उन्होंने अनुरोध के अनुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया अपने बेटे और वफादार नेताओं के लिए नये कर्नाटक मंत्रिमंडल में पद की मांग भी कर सकते हैं, जिसमें उपमुख्यमंत्री पद भी शामिल है। सिद्धारमैया और राहुल गांधी के बीच करीब एक घंटे लंबी बैठक चली।

कर्नाटक में हो सकते हैं 4 डिप्टी सीएम

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और रणदीप सुरजेवाला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवारों, एमएलसी उम्मीदवारों और मंत्रिमंडल में फेरबदल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए चार उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक और सिद्धारमैया केबिनेट में PWD मंत्री सतीश जारकीहोली को KPCC प्रेसिडेंट का पद ऑफर किया गया है। उनसे कहा गया है कि वे कैबिनेट या फिर KPCC प्रसिडेंट दोनों में से सिर्फ एक ही पद चुन सकते हैं। सतीश जारकीहोली ने KC वेणुगोपाल के इस प्रस्ताव के जवाब में कहा है कि वे सिद्धारमैया से चर्चा के बाद अपना फैसला बताएंगे।

यह भी पढ़ें-

राज्यपाल ने मंजूर किया सिद्धारमैया का इस्तीफा, DK शिवकुमार के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज

Latest India News