ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव, SIR के मुद्दे पर हुई I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक
मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर इंडिया गठबंधन की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में विपक्षी दल के कई बड़े नेता शामिल हैं। जानें बैठक में क्या क्या हुआ?

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ, कथित वोट चोरी और SIR में गड़बड़ी को लेकर विपक्षी दलों की बैठक शुरू हो गई है। विपक्षी दल इन मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। विपक्ष की ये बैठक दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में हो रही है, जिसमें राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी के अलावा गठबंधन से ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, सुप्रिया सुले, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुल्लाह समेत तमाम नेता पहुंच गए हैं। अखिलेश यादव कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर चल रही टेंशन के बीच आज वो मीटिंग में नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने अपनी जगह अपने दो सांसदों को भेज दिया है। केजरीवाल ने भी मीटिंग से किनारा कर लिया है। स्टालिन भी मीटिंग में नहीं शामिल हुए हैं। विपक्ष संसद के दोनों सदनों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है।
Live updates : LIVE: I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक जारी
-
September 30, 2026 4:18 PM (IST) Posted by Malaika Imam
ममता ने इंडिया ब्लॉक का कुनबा बढ़ाने की बात कही
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि इंडिया ब्लॉक की बैठक में फैसला लिया गया कि चुनाव आयुक्त को इम्युनिटी देने वाले कानून के खिलाफ इंडिया ब्लॉक याचिका दाखिल करेगा। ममता बनर्जी ने कहा कि वह सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना कर रही हैं। इस पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उनकी रैली के बाद तो शुद्धिकरण तक करवाया जा रहा है और उन्हें भी अपमान का सामना करना पड़ रहा है। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि इंडिया ब्लॉक का कुनबा और बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बीजेडी जैसी पार्टियों से भी बातचीत कर उन्हें इंडिया ब्लॉक में शामिल करने की कोशिश होनी चाहिए। ममता ने बताया कि उन्होंने बीजेडी के एक नेता से बात की है और उन्होंने भी बीजेपी की नीतियों का विरोध करने की बात कही है।
-
September 30, 2026 4:14 PM (IST) Posted by Malaika Imam
CEC इम्युनिटी कानून के खिलाफ याचिका
सूत्रों के अनुसार, इंडिया ब्लॉक मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के लिए 2023 में पास हुए इम्युनिटी कानून के खिलाफ याचिका दायर करेगा। यह सुझाव कपिल सिब्बल ने दिया था और सभी ने इस पर सहमति जताई। 1 नवंबर को इंडिया ब्लॉक की पहली बड़ी रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुंबई और कोलकाता में भी रैलियां आयोजित किए जाने की योजना है।
-
September 30, 2026 3:15 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
ज्ञानेश कुमार को जिंदगीभर कानूनी छूट क्यों- राहुल गांधी
इंडिया गठबंधन की मीटिंग खत्म हो चुकी है। मीटिंग के बाद इंडी ब्लॉक ने चुनाव आयोग और सीईसी के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। मल्लिकार्जुन खरगे ने इसकी पूरी डेटशीट बता दी है। उधर, राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के साथ साथ प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर भी बड़ा हमला किया। राहुल ने पूछा कि आखिर CEC ज्ञानेश कुमार को ‘लाइफटाइम कानूनी छूट’ क्यों मिली है। राहुल ने कहा कि वो लोकतंत्र पर हमला करने वालों को छोड़ेंगे नहीं।
-
September 30, 2026 2:18 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
इंडिया गठबंधन की मीटिंग खत्म हुई
इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक अब खत्म हो चुकी है।
-
September 30, 2026 2:07 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
बैठक में शामिल होने के बाद क्या बोले जितेंद्र आव्हाड
INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने के बाद, NCP (SP) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, "EVM हटाओ और बैलेट पेपर वापस लाओ। मैं आपको महाराष्ट्र के हालात के बारे में बताता हूं। 12 बजे 6% वोटिंग हुई थी। 2 बजे 9% वोटिंग हुई। 3 बजे 30% वोटिंग हुई। 5 बजे 39% वोटिंग हुई। 7 बजे 51% वोटिंग हुई। और फिर, यह 64% वोटिंग हो गई... और कई राज्यों ने कहा कि उनके यहां भी ऐसा ही हुआ... और ज्ञानेश कुमार भारत में अकेले या यूँ कहें कि बिल्कुल अनोखे ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें इतनी सुरक्षा और इतनी छूट मिली है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती।
-
September 30, 2026 1:53 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
हेमंत और उद्धव वर्चुअली जुड़े
आज इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में हेमंत सोरेन और उद्धव ठाकरे वर्चुअली जुड़े हैं।
-
September 30, 2026 1:44 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
अखिलेश यादव का बड़ा बयान
अखिलेश यादव बोले- यही भाजपा का सबसे बड़ा दुख है, कि कमर कसे INDIA एकजुट है।
-
September 30, 2026 1:27 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
गठबंधन की बैठक पर बोले BJP नेता शाहनवाज़ हुसैन
गठबंधन की बैठक पर BJP नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, "देखिए, INDI गठबंधन जैसी कोई चीज़ नहीं है। INDI गठबंधन के लोगों के पास न तो कोई ऑफ़िस है, न कोई अध्यक्ष और न ही कोई संयोजक। उनके पास न कोई पॉलिसी है, न कोई नेता और न ही कोई लीडरशिप। हर बैठक में उनकी संख्या कम होती जा रही है। जब भी वे कोई बैठक करते हैं, तो अगली बैठक तक उनके एक-दो 'विकेट' गिर चुके होते हैं। आम आदमी पार्टी का विकेट पहले ही गिर चुका है। DMK का विकेट गिर चुका है।"
-
September 30, 2026 1:18 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
खड़गे ने बैलेट से वोटिंग कराने की वकालत की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को भविष्य के चुनावों के लिए SIR से पहले वाली वोटर लिस्ट का इस्तेमाल करने और EVM की जगह बैलेट से वोटिंग कराने की वकालत की। साथ ही, उन्होंने विपक्षी INDIA गठबंधन में एकजुटता और एक साझा एक्शन प्लान पर ज़ोर दिया। INDIA गठबंधन की बैठक में अपनी शुरुआती बात रखते हुए खड़गे ने कहा कि विपक्षी समूह पारदर्शिता की जगह गोपनीयता को हावी नहीं होने देगा।
-
September 30, 2026 1:12 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
इंडिया गठबंधन की बैठक पर शिवराज का तंज
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इंडी गठबंधन के नेताओं को राहुल गांधी की लीडरशिप पसंद ही नहीं, इसीलिए तो बड़े बड़े नेता इस बैठक से दूर हैं। कांग्रेस के ही कुछ नेता राहुल गांधी को पसंद नहीं करते।
-
September 30, 2026 1:09 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
INDIA ब्लॉक की मीटिंग में खड़गे का प्रस्ताव
INDIA ब्लॉक की मीटिंग में खड़गे बोले- ज्ञानेश कुमार को CEC पद से हटाया जाए। उनके द्वारा दिए गए इस प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है।
-
September 30, 2026 12:53 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
AAP और DMK बैठक में शामिल नहीं
इंडिया गठबंधन की चल रही बैठक से दो राजनीतिक पार्टियों ने दूरी बना ली है। पहले इस गठबंधन में 23 पार्टियां थीं मगर अब दो कम होकर 21 रह गई हैं। ये दोनों पार्टियां आम आदमी पार्टी और डीएमके हैं, जिनका कहना है कि इंडिया ब्लॉक से उसका लेना देना नहीं है।
-
September 30, 2026 12:41 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने क्या कहा
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश का कहना है, "इसमें शामिल पार्टियां हैं - INC, SP, AITC, NCP(SP), SS (UBT), RJD, CPM, CPI, JKNC, JKPDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC(M), MDMK, VCK, RSP, KC(J) और AIFB। ये और दूसरी विपक्षी पार्टियां मोदी सरकार के लगातार हमलों से भारत के संविधान की रक्षा के लिए एकजुट हैं - हाल ही में, सत्ता में बने रहने के लिए ECI के ज़रिए 'वोट चोरी' की उनकी चाल के खिलाफ़।"
-
September 30, 2026 12:37 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
CEC के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव एजेंडे में शामिल
महागठबंधन की जारी बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव भी विपक्षी दल के एजेंडे में शामिल है।