भारत में एक बार फिर से हिंडनबर्ग रिसर्च को लेकर विवाद मचा हुआ है। हिंडनबर्ग ने एक बार फिर से अडाणी ग्रुप को निशाना बनाने की कोशिश की है लेकिन अडाणी ग्रुप ने अमेरिकी रिसर्च कंपनी के सभी दावों को सिरे से नकार दिया है। इस बीच अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हिंडनबर्ग रिसर्च पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने हिंडनबर्ग पर कांग्रेस से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। आइए जानते हैं कि गिरिराज सिंह ने और क्या कुछ कहा है।
हम राष्ट्र का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे- गिरिराज
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जयराम रमेश पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी और जयराम रमेश देश को बदनाम करने वाला गिरोह है। हिंडनबर्ग हमें बदनाम करता है। हम राष्ट्र का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। ये लोग देश के दुश्मन हैं। अब हिंडनबर्ग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंडनबर्ग के पीछे कांग्रेस है- गिरिराज
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल को देश और देश की दिशा के बारे में कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो भ्रम और भय पैदा करने की कोशिश करते हैं। हिंडनबर्ग मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की कांग्रेस की मांग के बारे में पूछे जाने पर गिरिराज ने कहा कि हिंडनबर्ग के पीछे कांग्रेस है। गिरिराज ने कहा है कि हिंडनबर्ग भारत को बर्बाद करने के लिए एक टूल किट है और राहुल गांधी जैसे लोग इसमें शामिल हैं।
राहुल देश को बदनाम करते हैं- गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं तब भी देश को बदनाम करते हैं। जब वह घर पर होते हैं तो देशवासियों में भ्रम और डर पैदा करते हैं। देशवासियों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। भ्रम पैदा करना राष्ट्र-विरोधियों का काम हो सकता है। यह उचित नहीं है, कोई भी देशभक्त ऐसा काम नहीं कर सकता।
सेबी और अडाणी ग्रुप खारिज किए आरोप
सेबी और अडाणी ग्रुप दोनों ने ही हिंडनबर्ग के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है। अडाणी ग्रुप ने कहा है कि हिंडनबर्ग के आरोप दुर्भावनापूर्ण और चुनिंदा सार्वजनिक सूचनाओं से छेड़छाड़ करने वाले हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- कौन बनेगा BJP का नया अध्यक्ष? राजनाथ के घर पर संघ की 5 घंटे चली बैठक, जेपी नड्डा को लेकर आया अपडेट
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर बोला हमला, बताया विध्वंसक और जहरीला
Latest India News