1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, कल सुबह 10 बजे लेंगे शपथ, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे विजय, कल सुबह 10 बजे लेंगे शपथ, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

Election Updates: कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का भी रास्ता साफ हो चुका है। वह रविवार सुबह 10 बजे शपथ लेंगे।

Vijay Poster- India TV Hindi
Image Source : PTI विजय के पोस्टर के साथ समर्थक

Election Updates: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद तमिलनाडु में भी टीवीके के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो चुका है। वीसीके और ऑल इंडिया मुस्लिम लीग ने विजय को समर्थन दे दिया है। अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वासनाथ उन्हें सीएम नियुक्त कर चुके हैं। विजय रविवार को सुबह 10 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा।

इससे पहले कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में दोपहर 11 बजे हजारों लोगों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शुभेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले ही साफ कर दिया था कि अब बंगाल में मैं नहीं हम सब मिलकर सरकार चलाएंगे।

बता दें कि करीब 6 साल पहले बंगाल बीजेपी में शुभेंदु अधिकारी की एंट्री हुई थी। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद उनका हाथ पकड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल कराया था और 2026 में शुभेंदु बंगाल में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। शुभेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के जायंट किलर हैं, जिन्होंने दो बाद लगातार सीटिंग सीएम ममता बनर्जी को चुनावों में मात दी है। 2021 में नंदीग्राम में उन्हें हराया और 2026 में भवानीपुर में शिकस्त दी, इसलिए उनकी ताजपोशी भी ऐतिहासिक रही।

शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में खुद पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA शासित राज्यों के सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।

तमिलनाडु में AMMK चीफ दिनाकरन ने राज्यपाल को चिट्ठी दी है। AMMK चीफ दिनाकरन ने TVK के खिलाफ चेन्नई पुलिस से जालसाजी की शिकायत की। TVK पर अपने इकलौते विधायक के फर्जी दस्तखत वाला पत्र गवर्नर को सौंपने का आरोप लगाया। फिर, TVK ने जवाब में वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK विधायक कामराज समर्थन पत्र लिखते नजर आए।

असम में हिमंत बिस्वा सरमा ही दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। पुडुचेरी में भी एनडीए की सरकार बन रही है। केरल में अभी भी सीएम के नाम पर मुहर नहीं लगी है, लेकिन केसी वेणुगोपाल को ज्यादा विधायरों ने सीएम के रूप में पसंद किया है। हालांकि, सतीशन को यूडीएफ खए अन्य सहयोगी ज्यादा पसंद करते हैं।

Latest India News

Live updates : West Bengal-Tamil Nadu Election Updates

  • 9:10 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    विजय को 13 मई तक सदन में बहुमत साबित करना होगा

    विजय को 13 मई तक सदन में बहुमत साबित करना होगा। उनके मंत्रिमंडल में 6 मंत्री टीवीके और 3 मंत्री कांग्रेस के होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

  • 8:44 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    विजय के साथ 9 मंत्री ले सकते हैं शपथ

    सूत्रों के अनुसार विजय के साथ 9 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। इनमें से 6 टीवीके और 3 कांग्रेस के होंगे। सेंगोट्टियां, अधव अर्जुन, आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन कल विजय के साथ मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

  • 8:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    रविवार सुबह 10 बजे शपथ लेंगे विजय

    विजय को 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल ने उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। वह रविवार (10 मई) को सुबह 10 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे।

  • 5:02 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    आधव अर्जुन ने वीसीके का लेटर दिखाया

    टीवीके लीडर आधव अर्जुन ने वीसीके के समर्थन का लेटर दिखाते हुए कहा कि उनकी जीत हो चुकी है। अब विजय के पास कुल 118 विधायकों का समर्थन है। वह जल्द ही राज्यपाल से समय मांगकर मुख्यमंत्री की शपथ ले सकते हैं।

  • 5:00 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    तमिलनाडु में विजय के सरकार बनाने का रास्ता साफ

    तमिलनाडु में विजय के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो चुका है। उनके पास पहले से 116 विधायकों का समर्थन था और अब वीसीके ने भी उन्हें सपोर्ट कर दिया है। इसके साथ ही उनके पास 118 विधायकों का समर्थन हो चुका है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी है।

  • 3:02 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    एक्टर दिनेश लाल यादव ने दी बधाई

    पश्चिम बंगाल में सरकार के गठन पर अभिनेता और बीजेपी नेता दिनेश लाल यादव ने कहा कि अब जब जनता ने बीजेपी को चुना है और उन्होंने सरकार बनाई है, तो हमें तेजी से विकास देखने को मिलेगा। मैं बंगाल की जनता को बधाई देता हूं।

  • 2:28 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिले PM मोदी

    कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं स्वर्गीय देबासिस मंडल, स्वर्गीय सौमित्र घोषाल और स्वर्गीय आनंद पॉल के परिवारों से मुलाकात की। उनसे उनका दर्द साझा किया।

  • 1:53 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शेख हसीना ने शुभेंदु अधिकारी को दी सीएम बनने की बधाई

    बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है। आज कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली और इसके बाद शेख हसीना ने उन्हें शुभकामनाएं दी।

  • 1:32 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शुभेंदु कैबिनेट का जातीय समीकरण

    • शुभेंदु अधिकारी, सीएम (ब्राह्मण)
    • अशोक कीर्तनिया, मंत्री (मतुआ,दलित)
    • खुदीराम टुडू, मंत्री (संथाल,आदिवासी)
    • अग्निमित्रा पॉल, मंत्री (सवर्ण)
    • दिलीप घोष, मंत्री (OBC)
    • निशीथ प्रमाणिक, मंत्री (राजवंशी)
  • 1:11 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    पश्चिम बंगाल की जनता का धन्यवाद- गडकरी

    पश्चिम बंगाल में सरकार गठन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "मैं पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और बीजेपी पर भरोसा जताने के लिए पश्चिम बंगाल की जनता का धन्यवाद करता हूं।"

  • 12:58 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    प्रधानमंत्री का माखनलाल को सम्मानित करना गर्व का क्षण- मीनू सरकार

    शपथ ग्रहण समारोह में जिन माखनलाल सरकार के PM मोदी ने पैर छुए, उनकी बहू मीनू सरकार ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है। पार्टी के प्रति मेरे पिता के वर्षों के समर्पण के बाद, प्रधानमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया है। इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। यह अपार खुशी का दिन है। मेरे पिता ने दशकों तक सेवा की और मैंने उनके बलिदानों को देखा। आज प्रधानमंत्री की तरफ से उन्हें गले लगाते देखना हमारे लिए एक अविस्मरणीय क्षण है।

  • 12:54 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    बंगाल में BJP सरकार पर केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने जताई खुशी

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं क्योंकि आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अपनी सरकार बनाई है।''

  • 12:19 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शुभेंदु कैबिनेट में शामिल हुए निशिथ प्रमाणिक

    निशिथ प्रमाणिक को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। उन्होंने माथाभांगा से चुनाव जीता है। वह उत्तर बंगाल का राजवंशी चेहरा हैं। निशिथ प्रमाणिक, 2019 में टीएमसी से बीजेपी में शामिल हुए थे। वह 2019 में पहली बार सांसद बने थे। निशिथ प्रमाणिक, 2021 में सबसे कम उम्र के केंद्रीय मंत्री थे।

  • 12:16 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    अग्निमित्रा पॉल को भी बनाया गया मंत्री

    अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह पश्चिम बर्धमान के आसनसोल दक्षिण से जीती हैं। उन्होंने 41 हजार वोटों के बड़े मार्जिन से चुनाव जीता है। वह जनवरी, 2026 में बीजेपी उपाध्यक्ष बनी थीं। वह, ममता बनर्जी के खिलाफ मजबूत आवाज की पहचान हैं।

  • 12:07 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शुभेंदु अधिकारी के पारिवारिक आवास के बाहर जश्न

    शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल के कांथी में उनके पारिवारिक आवास के बाहर जश्न मनाने के लिए जमा हुए। इन कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु अधिकारी, बीजेपी और पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाए।

  • 11:53 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    दिलीप घोष को दिलाई गई मंत्री पद की शपथ

    दिलीप घोष को भी कोलकाता में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। दिलीप घोष, पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर से जीते हैं। उन्होंने 7 बार के विधायक ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराया है। उन्होंने जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूत किया। उनकी जंगलमहल और नॉर्थ बंगाल में मजबूत पकड़ है। वह बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

  • 11:38 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    बंगाल में 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ

    शुभेंदु अधिकारी के बाद 5 अन्य बीजेपी नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। निशिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, दिलीप घोष, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई।

  • 11:32 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने शुभेंदु अधिकारी को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। बंगाल में पहली बार BJP का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। इस मौके पर मंच पर पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।

  • 11:29 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    PM मोदी ने माखनलाल सरकार को किया सम्मानित

    प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में BJP के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार को सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। 1952 में, भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में रहे माखनलाल सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया था। 98 साल की उम्र में भी माखनलाल सरकार, भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती ग्राउंड लेवल के नेताओं में से एक हैं।

  • 11:18 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    बंगाल के विकास को करेंगे सुनिश्चित- रूप गांगुली

    BJP की नवनिर्वाचित विधायक रूपा गांगुली ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने बीजेपी पर अपना विश्वास जताया है, और हम राज्य के विकास को सुनिश्चित करेंगे।

  • 10:55 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी

    सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी पहुंच गए हैं। वह, शुभेंदु अधिकारी के साथ गाड़ी पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। इस दौरान, पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने दोनों हाथों से लोगों का आभार जताया।

  • 10:37 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

    PM मोदी भी शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी, कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है। इसके बाद, शुभेंदु अधिकारी बंगाल के सीएम पद की शपथ लेंगे।

  • 10:18 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    होटल से शपथ समारोह के लिए रवाना हुए गृहमंत्री शाह

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए होटल से रवाना हुए। सुबह 11 बजे शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे।

  • 10:03 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    पश्चिम बंगाल का भी विकास होगा- नागालैंड सीएम

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता में नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो भी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आप राज्य में बदलाव देखेंगे। पश्चिम बंगाल का भी विकास होगा।

  • 9:51 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    मुख्यमंत्री नायडू भी कोलकाता पहुंचे

    केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचे। PM मोदी समेत कई बड़ी हस्तियां इस समारोह में शामिल होने कोलकाता पहुंची हैं।

  • 9:38 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शपथ समारोह के लिए रवाना हुए सुवेंदु अधिकारी

    Suvendu Adhikari, आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह अपने आवास से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उसने पहले ही बड़ी संख्या में भीड़ ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहुंच गई है। भगवा कपड़े पहने कई लोग नजर आ रहे हैं।

  • 9:12 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन शपथग्रहण ऐतिहासिक

    BJP राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि बंगाल में एक नई सरकार का गठन हो रहा है, जो सभी के कल्याण के लिए समर्पित है। यह एक ऐतिहासिक परिवर्तन है। इस मौके पर हमारे प्रधानमंत्री उपस्थित रहेंगे और महत्वपूर्ण बात यह है कि शपथ ग्रहण समारोह 25 बैसाख के दिन हो रहा है, जो रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है।

  • 8:54 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कोलकाता: शपथ समारोह में पहुंच रही भारी भीड़

    शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में पब्लिक पहुंचना शुरू हो गई है। यहां बड़ी संख्या में भगवाधारी लोग, विदेश से आए लोग, आशा वर्कर महिलाएं और मजदूर संघ के लोग इस ऐतिहासिक शपथ समारोह में पहुंच रहे हैं। ग्राउंड के चारों तरफ पीएम मोदी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बैनर कटआउट लगाए गए हैं। 

  • 8:33 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    सुभेंदु अधिकारी के आवास के बाहर कड़े सुरक्षा इंतजाम

    सुभेंदु अधिकारी के आवास के बाहर पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं। पश्चिम बंगाल BJP विधायक दल के नेता सुभेंदु अधिकारी आज भारत की स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

  • 8:23 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    हम बहुत खुश हैं कि शुभेंदु अधिकारी हमारे मुख्यमंत्री हैं: अग्निमित्रा पॉल

    बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'हम बहुत खुश हैं कि शुभेंदु अधिकारी हमारे मुख्यमंत्री हैं। उन्हें बीजेपी के 207 विधायकों ने सर्वसम्मति से चुना और नामित किया है। वह पूरी तरह इस पद के योग्य हैं, क्योंकि पिछले 5 वर्षों में उन्होंने विधानसभा के अंदर और बाहर जिस तरह संघर्ष किया है, वह सराहनीय है।'

  • 8:06 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    देश में कांग्रेस नहीं रही और बंगाल में TMC भी नहीं रहेगी: दिलीप घोष

    बीजेपी के निर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने कहा, 'बहुत लंबे समय तक हमें तपस्या करनी पड़ी लेकिन उसका परिणाम आया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा हुआ। देश में कांग्रेस नहीं रही और बंगाल में TMC भी नहीं रहेगी। जिस तरह बंगाल में उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग किया, लोगों का उत्पीड़न किया उसका जवाब जनता ने दिया है और भाजपा को चुना।' (ANI)

  • 7:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर दिखी चहल-पहल

    पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज आज़ादी के बाद पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। यह वीडियो अधिकारी के घर के बार का है।

  • 7:45 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शपथग्रहण समारोह में दिखेगी बंगाली संस्कृति की झलक

    शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण समारोह में बंगाली संस्कृति की झलक दिखेगी। समारोह में शामिल होने के लिए मशहूर डांसर और एक्ट्रेस ममता शंकर, लेखक, कलाकार और फिल्मी हस्तियों को आमंत्रित किया है। इनके अलावा कई रिटायर्ड जज इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही, बंगाल के प्रतिष्ठित परिवार, बंगाल की जानी-मानी हस्तियों और अनुभवी राजनेताओं के परिवार को न्योता दिया गया है।

  • 7:21 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    PM मोदी समेत कई दिग्गज शपथ समारोह में होंगे शामिल

    शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बीजेपी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बंगाल में BJP ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह बंगाल में बीजेपी सरकार का ऐतिहासिक मौका है।

  • 7:01 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    VVIP मूवमेंट के लिए करीब 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात

    कोलकाता में VVIP मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ब्रिगेड मैदान के आस-पास की ऊंची इमारतों से निगरानी की जाएगी। VVIP की सेफ्टी पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।

  • 6:42 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    शपथ समारोह में हैं सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड को 35 सेक्टर्स में बांटा है। कुछ सेक्टरों को मिलाकर एक ब्लॉक बनाया गया है। एक ब्लॉक में एक IPS रैंक का अधिकारी सुरक्षा का इंचार्ज होगा। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा खुद पूरी सिक्योरिटी के इंचार्ज हैं।

  • 6:40 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथग्रहण की तैयारी पूरी

    शुभेंदु अधिकारी का शपथ समारोह रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के मौके पर होने जा रहा है। इस मौके को बंगाल बीजेपी के लिए ऐतिहासिक बनाने जा रही है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 50 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। समारोह में शामिल होने वालों के आने के लिए 20 एंट्री गेट तैयार किए गए हैं।