Tamil Nadu Assembly Election: राज्य की सभी 234 सीटों पर मतदान संपन्न, 85 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग
Tamil Nadu Assembly Election: तमिलनाडु में कुल 234 सीटें हैं और आज सभी सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग संपन्न हो गई है। आपको बता दें कि तमिलनाडु में 85 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है जो कि एक रिकॉर्ड है।

Tamil Nadu Assembly Election: तमिलनाडु में विधानसभा की सभी सीटों पर आज एक ही चरण में वोटिंग पूरी हो गई है। बता दें कि वोटिंग के बाद अब अगले महीने 4 मई को इन सभी सीटों पर हुई वोटिंग के नतीजे घोषित होंगे। गुरुवार को तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई और सारे पुराने रिकॉर्ड टूट गए। तमिलनाडु में 85 परसेंट से भी ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है जो कि पिछले चुनाव के मुकाबले 8 फीसदी ज्यादा है। इससे पहले, तमिलनाडु में 2011 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 78.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। आपको बता दें कि तमिलनाडु में SIR प्रक्रिया के दौरान राज्य में मतदाताओं की संख्या 5.73 करोड़ रह गयी थी। साल 2021 के विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु में करीब 6.29 करोड़ वोटर्स रजिस्टर्ड थे। आप हमारे इस खबर के साथ बने रहें और राज्य में चल रहे चुनाव के सभी अपडेट्स पाते रहें। यहां हम आपको लगातार चुनाव से जुड़े अपडेट दे रहे हैं।
Live updates : Tamil Nadu Voting Updates
-
April 23, 2026 7:18 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
करूर जिले में सबसे ज्यादा मतदान
करूर जिले में सबसे ज्यादा 91.78 फीसदी मतदान हुआ ये वही जगह है जहां विजय की रैली में भगदड़ मची थी और 11 लोगों की मौत हुई थी
-
April 23, 2026 7:12 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
अब तक 84.29 फीसदी मतदान
तमिलनाडु में अब तक 84.29 फीसदी रिकॉर्ड मतदान हुआ है, अभी इसमें अभी और मामूली सी बढ़ोतरी हो सकती है
-
April 23, 2026 7:07 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
इस बार सर्वाधिक मतदान हुआ
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम पांच बजे तक राज्य के 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 82.24 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। इससे पहले, तमिलनाडु में 2011 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 78.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जब ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने शानदार जीत हासिल की थी।
-
April 23, 2026 6:22 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
चेन्नई में 75 फीसदी लोगों ने वोट डाले
तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 सीटों पर मतदान हुआ है। राज्य में शाम 5 बजे तक 82 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। चेन्नई में 75 फीसदी लोगों ने वोट डाले।
-
April 23, 2026 5:44 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
5 बजे तक 82.24% फीसदी वोटिंग
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई है। शाम 5 बजे तक तमिलनाडु में 82.24 फीसदी वोटिंग हुई है।
-
April 23, 2026 5:11 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
अभिनेता वसंत रवि ने डाला वोट
चेन्नई, तमिलनाडु: अभिनेता वसंत रवि ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने अभी तक वोट नहीं डाला है, कृपया आकर वोट डालें। हर वोट मायने रखता है। यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है; आज आपके पास अपने नेता को चुनने की शक्ति है। इस अवसर को न चूकें।"
-
April 23, 2026 5:07 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत ने डाला वोट
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान सुपरस्टार रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत ने चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा- "वोट देने आना एक नागरिक के रूप में संवैधानिक कर्तव्य है।"
-
April 23, 2026 4:08 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
छुट्टी लें और वोट देने आएं- वोटर
चेन्नई, तमिलनाडु: अरुम्बक्कम निर्वाचन क्षेत्र से एक मतदाता ने कहा- "...सही उम्मीदवार को वोट देना हमारा अधिकार है। हम तमिलनाडु में सत्ताधारी पार्टी से एक योग्य उम्मीदवार के आने का इंतजार कर रहे हैं। हमें वोट देने में खुशी है, और हमने आज वोट दिया। मैं सभी से बस यही अनुरोध करता हूं कि वे अवश्य आएं और वोट दें। युवाओं, कृपया समझें कि यह बहुत महत्वपूर्ण दिन है। वोट देना हमारा अधिकार है। इसलिए आज जरूर आएं और वोट दें। आप चाहे जिस भी काम में व्यस्त हों, उसे छोड़ दें या छुट्टी लें और वोट देने आएं।"
-
April 23, 2026 4:04 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
परिणाम आश्चर्यजनक होंगे- विशाल कृष्णा रेड्डी
अभिनेता विशाल कृष्णा रेड्डी ने कहा- "राजनीति और राजनेता समाज सेवा के उद्देश्य से अस्तित्व में आते हैं। इसलिए, यदि आपमें समाज सेवा की सच्ची भावना है, तो इस क्षेत्र में आने में कोई बुराई नहीं है। यह सिर्फ मेरी बात नहीं है; कोई भी राजनीति में आ सकता है। मेरी एकमात्र आशा है कि राजनेता अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वाह करें... 4 मई को घोषित होने वाले परिणाम आश्चर्यजनक होंगे।"
-
April 23, 2026 4:03 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
घरों से बाहर निकलें और अपना वोट डालें- विशाल कृष्णा रेड्डी
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: अभिनेता विशाल कृष्णा रेड्डी ने कहा- "मैंने अपना वोट डाल दिया है। मैं उन सभी से आग्रह करता हूं जिन्होंने अभी तक वोट नहीं डाला है, कृपया अपने घरों से बाहर निकलें और अपना वोट डालें, क्योंकि हर वोट मायने रखता है। अब तक 70% मतदान हो चुका है, जो बहुत अच्छा है। मैं पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं को भी आगे आकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहता हूं। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब मतदान प्रतिशत बढ़ता है, तो यह दर्शाता है कि लोग क्षेत्र की वर्तमान स्थिति में बदलाव चाहते हैं..."
-
April 23, 2026 4:02 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
अभिनेता विशाल कृष्णा रेड्डी वोट देने पहुंचे
अभिनेता विशाल कृष्णा रेड्डी चेन्नई के अन्ना नगर स्थित एक मतदान केंद्र पर तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा, "मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार को वोट दूंगा।"
-
April 23, 2026 3:51 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
दोपहर 3 बजे तक 70 प्रतिशत मतदान
चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर जारी वोटिंग में दोपहर 3 बजे तक 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
-
April 23, 2026 3:35 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
DMK ने पिछले 5 सालों में लोगों को धोखा दिया- वनथी
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कहा, "मेरे निर्वाचन क्षेत्र में भी पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है, कल रात 2 बजे के बाद उन्होंने लोगों को कूपन दिया और वे लोगों को कह रहे हैं कि वे लोगों को सोने का सिक्का देंगे। DMK ने पिछले 5 सालों में लोगों को धोखा दिया है और वे अब भी लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं... हम शिकायत कर रहे हैं, हमें लोगों पर विश्वास है कि वे NDA को जिताएंगे..."
-
April 23, 2026 3:34 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
नारी शक्ति DMK को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी- वनथी श्रीनिवासन
चेन्नई, तमिलनाडु: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कहा, "लोग बहुत उत्साहित हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं मतदान कर रही हैं, तमिलनाडु की महिलाएं यह समझ गई हैं कि DMK कैसे उनके लिए असुरक्षित हैं, हम बहुत आश्वस्त हैं कि तमिलनाडु की नारी शक्ति DMK को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी..."
-
April 23, 2026 2:52 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
वोटिंग का समय 2 घंटे बढ़ाने की मांग
अभी तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसी बीच TVK के महासचिव एन. आनंद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने वोट डालने की समय अवधि को 2 घंटे बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा, 'भारी ट्रैफिक के कारण कई वोटर अपने घर नहीं पहुंच पा रहे हैं इसलिए हम वोट डालने के लिए दो घंटे का अतिरिक्त समय मांग रहे हैं।' दरअसल यह बात उन्होंने तब कही जब पार्टी प्रमुख विजय ने चुनाव आयोग से वोटिंग का समय रात 8 बजे तक बढ़ाने का आग्रह किया।
-
April 23, 2026 2:31 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
110 वर्षीय महिला ने डाला अपना वोट
तमिलनाडु में वोटिंग चल रही है और लोग बड़े ही जोश के साथ अपना वोट भी डाल रहे हैं। इसी बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें नजर आया कि नमक्कल में एक 110 वर्षीय महिला ने पूरे उत्साह के साथ अपना वोट डाला।
-
April 23, 2026 2:12 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
रोबोट कर रही है मतदाताओं का स्वागत
अभी तमिलनाडु चुनाव के बीच में एक कमाल का वीडियो सामने आया है जिसमें नजर आता है कि एक रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रही है और उन्हें स्वीट्स दे रही है। आपको बता दें कि यह वीडियो कोयंबटूर के एक गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज का है जहां यह रोबोट लोगों का स्वागत कर रही है। रोबोट की वॉइस प्रोसेसिंग और RC कंट्रोल मॉडल उसी कॉलेज के एक छात्र ने तैयार किया है।
-
April 23, 2026 1:40 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
तमिलनाडु में 1 बजे तक कितनी वोटिंग हुई?
अभी तमिलनाडु में वोटिंग हो रही है और वहां की सभी सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। आपको बता दें कि राज्य में अभी तक यानी 1 बजे तक कुल 56.81% वोटिंग हुई है। वहीं कुछ देर पहले यानी 11 बजे तक 37.56% वोटिंग हुई थी।
-
April 23, 2026 1:37 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
जो जीते वो अपने वादे जरूर पूरे करें- अभिनेता अर्जुन
तमिलनाडु चुनाव में अपना वोट डालने के बाद तमिल एक्टर अर्जुन ने कहा, 'जो सबसे लायक होगा, वो जीतेगा और जो जीतेगा उसे अपने वो वादे पूरे करने चाहिए जो जनता को किए हैं।'
-
April 23, 2026 1:23 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
फर्जी मतदाता को लेकर DMK नेता ने क्या कहा?
अभी तमिलनाडु में वोटिंग चल रही है और इसके बीच फर्जी मतदाता को लेकर DMK नेता एलंगोवन ने कहा, 'अधिकारी हर चीज पर नजर रख रहे हैं। मतदाताओं को अपने कार्ड और जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी, जिसमें बूथ स्लिप भी शामिल है। इनके बिना कोई भी वोट नहीं डाल सकता। चूंकि उन्हें हारने का अंदेशा है, इसलिए वे भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। केवल असली मतदाता ही वोट डालने जा रहे हैं क्योंकि हर बूथ पर छह या सात एजेंट मौजूद हैं जो बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी और को वोट डालने की इजाज़त नहीं देंगे। अगर कोई फर्जी मतदाता वोट डालने की कोशिश करता है तो उसे रोका जा सकता है।'
-
April 23, 2026 12:47 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
शादी के तुरंत बाद दुल्हन संग वोट डालने पहुंचा
आज तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है और इसी के बीच में एक वीडियो सामने आया जिसमें नजर आता है कि एक दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ वोटिंग करने के लिए बूथ पर पहुंचा हुआ है। बता दें कि यह वीडियो कांचीपुरम का है जहां दूल्हा अपनी शादी की रस्मों के तुरंत बाद वोट देने के लिए पहुंचा।
-
April 23, 2026 12:34 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
इन दो बड़े अभिनेताओं ने भी डाला अपना वोट
अभी तमिलनाडु में वोटिंग चल रही है और इसी क्रम में अभिनेता एवं निर्देशक अरविंद स्वामी ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके अलावा अभिनेता विजय सेतुपति ने भी चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद विजय सेतुपति ने मीडिया के जरिए लोगों से भी वोट डालने की अपील की और कहा कि यह हमारी सबसे जरूरी जिम्मेदारी है।
-
April 23, 2026 12:01 PM (IST) Posted by Adarsh Pandey
बारिश के बीच भी लोग वोट करने पहुंच रहे
आज तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। राज्य में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं और सभी सीटों पर एक ही चरण में चुनाव हो रहे हैं। इसी बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया जो बताता है कि लोग वोटिंग की अहमियत को जानते हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि बारिश हो रही है मगर फिर भी लोग वोट करने के लिए पहुंचे हुए हैं। यह वीडियो रामनाथपुरम का है।
-
April 23, 2026 11:54 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
तृषा कृष्णन ने वोट डालने के बाद कही ये बात
चेन्नई के अलवरपेट स्थित सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल में अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने वोट डाला और वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'प्लीज मतदान कीजिए। यह आपका हक और आपकी जिम्मेदारी है।'
-
April 23, 2026 11:37 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
11 बजे तक तमिलनाडु में कितनी वोटिंग हुई?
सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई और अब तक यानी 11 बजे तक राज्य में कुल 37.56% वोटिंग हुई है। आपको बता दें कि राज्य में कुल 234 सीटें हैं और सभी सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है।
-
April 23, 2026 11:27 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
कीर्ति चिदंबरम ने चुनाव को लेकर कही ये बात
कांग्रेस नेता कीर्ति चिदंबरम ने शिवगंगा में एक पोलिंग बूथ पर जाकर अपना वोट दिया। वोटे देने के बाद PTI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'हम बहुत सकारात्मक महसूस कर रहे हैं। इस क्षेत्र में हमारा गठबंधन बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में भी यही रुझान है।'
-
April 23, 2026 10:48 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
तमिलनाडु चुनाव पर क्या बोले रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने अपनी पत्नी प्रीति नारायणन के साथ चेन्नई चेन्नई में एक पोलिंग स्टेशन पर जाकर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि तमिलनाडु में यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। मैं बस यहां आकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहता था। मैंने अपना काम कर दिया है। अब हर किसी को अपना काम करना है। उम्मीद है कि जो भी सत्ता में आएगा, वह तमिलनाडु की तस्वीर बदल देगा।'
-
April 23, 2026 10:28 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
मुझे भरोसा है कि लोग सही फैसला करेंगे- अन्नामलाई
वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए BJP नेता के. अन्नामलाई ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि लोग आज सही फैसला लेंगे। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है, और एक जिम्मेदार सार्वजनिक हस्ती होने के नाते मुझे अब और कुछ नहीं कहना चाहिए। मुझे उम्मीद और प्रार्थना है कि लोगों ने पिछली सरकार के पिछले पांच सालों के काम पर विचार किया होगा और वे सही चुनाव करेंगे, ऐसा चुनाव जिससे अगले पांच सालों तक तमिलनाडु के लोगों का भला हो। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे बाहर निकलें और अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरा करें। आज का दिन काफी गर्म है और मैं समझता हूं कि यह आसान नहीं होगा, खासकर बुज़ुर्गों के लिए। फिर भी, चुनाव आयोग ने उनकी सुविधा के लिए कुर्सियों और पीने के पानी जैसी व्यवस्थाएं की हैं। मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और अपना वोट डालें।'
-
April 23, 2026 10:06 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने डाला वोट
राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कोयंबटूर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके अलावा DMK के उप महासचिव और सांसद तिरुचि शिवा ने तिरुचिरापल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वहीं DMDK पार्टी के कोषाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुधीश ने वलसरवक्कम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
-
April 23, 2026 10:02 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
अभिनेता धनुष ने भी डाला अपना वोट
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता धनुष ने चेन्नई के कामराजर रोड कॉर्पोरेशन स्कूल में अपना वोट डाला है। आपको बता दें कि अब तक रजनीकांत, कमल हासन, विजय, अजित कुमार ने भी अपना वोट डाल दिया है।
-
April 23, 2026 9:41 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
राज्य में अब तक कितने प्रतिशत वोटिंग हुई?
सुबह 7 बजे से तमिलनाडु में वोटिंग शुरू हुई और अभी वोटिंग जारी है। अब तक यानी 9:30 बजे तक हुए वोटिंग की बात करें तो राज्य में कुल 17.69% वोटिंग हुई है। आपको बता दें कि राज्य में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं और सभी सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है।
-
April 23, 2026 9:28 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
CM एम.के. स्टालिन ने बदलाव को लेकर क्या कहा?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और कोलाथुर से DMK उम्मीदवार एम.के. स्टालिन ने चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर अपना वोट डाला। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जिस तरह मैंने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया, उसी तरह हर किसी को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को निभाना चाहिए, यह जरूरी है।'
मीडिया ने जब उनसे अभिनेता अजित कुमार के कथित बयान कि हमें बदलाव की जरूरत नहीं है, के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, 'उन्होंने (अजित कुमार) जो कहा वो सही है।'
-
April 23, 2026 9:22 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
एम.के. स्टालिन की पत्नी ने वोट डाला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और कोलाथूर से DMK उम्मीदवार एम.के. स्टालिन की पत्नी दुर्गा स्टालिन ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला। बता दें कि अब तक कई बड़े नेता और अभिनेता अपना वोट डाल चुके हैं।
-
April 23, 2026 8:52 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
सुपरस्टार रजनीकांत ने भी डाला अपना वोट
इस समय तमिलनाडु में सभी सीटों पर मतदान हो रहा है। इसी क्रम में सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई के स्टेला मैरिस स्कूल में अपने बूथ पर जाकर अपना वोट डाला। आपको बता दें कि अब तक अभिनेता कमल हासन, विजय और अजीत ने भी अपना वोट डाल दिया है।
-
April 23, 2026 8:47 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
वोट देने के बाद कमल हासन ने क्यों "Yes" बोला?
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन अपनी बेटी के साथ चेन्नई हाई स्कूल, एल्डम्स रोड, तेयनमपेट में बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंचे थे। उनके वोट डालने के बाद कमल हासन जब पूछा गया कि क्या उन्हें भरोसा है कि DMK को एक और कार्यकाल मिलेगा तो इसके जवाब में उन्होंने "Yes" बोला।
-
April 23, 2026 8:43 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
TVK प्रमुख विजय ने अपना वोट डाला
तमिलनाडु चुनाव में तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) के उम्मीदर विजय ने चेन्नई के वेल्स इंटरनेशनल स्कूल में अपना वोट डाला। आपको बता दें कि विजय इस चुनाव में तिरुचिरापल्ली पूर्व तथा पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवार हैं।
-
April 23, 2026 8:39 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
नेता प्रतिपक्ष एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने क्या कहा?
राज्य चुनाव में अपना वोट डालने के बाद न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए AIADMK के महासचिव और नेता प्रतिपक्ष(LoP) एडप्पाडी के. पलानीस्वामी (EPS) ने कहा, 'मैं सभी मतदाताओं से अनुरोध करता हूं कि वे मतदान केंद्रों पर जाएं और चल रहे चुनावों में अपना वोट डालें। मुझे 100% विश्वास है। इस चुनाव में हर किसी को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करना चाहिए।" आपको बता दें कि एडप्पाडी के. पलानीस्वामी एडप्पाडी विधानसभा क्षेत्र से AIADMK के उम्मीदवार हैं।
-
April 23, 2026 8:27 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
एक परिवार का राज और गांजा संस्कृति खत्म होगा
तमिनाडु के रायोपुरम से AIADMK के उम्मीदवार डी. जयकुमार ने मायलापुर के एक पोलिंग बूथ पर जाकर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'आज हमने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल किया। यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक परिवार के राज और 'गांजा' संस्कृति को खत्म करेगा। तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था की हालत सबसे खराब है।'
-
April 23, 2026 8:23 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
कमल हसन और उनकी बेटी वोट देने पहुंचे
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन और उनकी बेटी श्रुति हासन चेन्नई हाई स्कूल, एल्डम्स रोड, तेयनमपेट में वोट डालने पहुंचे हैं। आपको बता दें कि आज राज्य की सभी यानी 234 सीटों पर वोटिंग हो रही है।
-
April 23, 2026 8:07 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
एक बूथ पर मतदान में हुई देरी
आपको बता दें कि राज्य में 7 बजे ही वोटिंग शुरू हो चुकी हैं मगर थूथुकुडी के दुविपुरम में बूथ संख्या 295 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी के कारण मतदान में देरी हुई।
-
April 23, 2026 8:05 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
चुनाव में कई हाई प्रोफाइल उम्मीदवार भी मैदान में हैं
आपको बता दें कि तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में कई हाई प्राफाइल उम्मीदवार भी मैदान में हैं। इसमें चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी से उदयनिधि स्टालिन, बोदीनायकनूर से ओ. पन्नीरसेल्वम, विरुदाचलम से प्रेमलता विजयकांत, गोबिचेट्टीपलायम से के. सेंगोटयन हैं। बता दें कि के. सेंगोटयन इस बार विजय की पार्टी TVK से चुनाव लड़ रहे हैं।
-
April 23, 2026 8:01 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
तमिलनाडु में प्रमुख उम्मीदवार कौन-कौन हैं?
आपको बता दें कि राज्य में कुल 234 सीटें हैं जिन पर अपनी किस्मत आजमाने के लिए इस बार कुल 4.023 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इन सभी उम्मीदवारों में से प्रमुख उम्मीदवारों के बात करें तो उसमें एम.के. स्टालिन हैं शामिल हैं जो कोलाथूर सीट से चुनाव में खड़े हैं। इनके अलावा एडप्पाडी से एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, पेरम्बुर और त्रिची ईस्ट से सी. जोसेफ विजय और कारईकुडी से सीमान भी प्रमुख उम्मीदवर हैं।
-
April 23, 2026 7:39 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने वोट डाला
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। राज्य में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं और सभी पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा के कराईकुडी स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
-
April 23, 2026 7:24 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
इस पवित्र लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरे उत्साह के साथ निभाए- PM Modi
आज तमिलनाडु की सभी सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट डालते हुए लोगों को चुनाव में भाग लेने के लिए उनसे अपील की है। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा है, 'जैसे-जैसे तमिलनाडु के लोग विधानसभा चुनावों में मतदान करने की तैयारी कर रहे हैं, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस पवित्र लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरे उत्साह के साथ निभाएं। विशेष रूप से, मैं तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से आह्वान करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करें।'
-
April 23, 2026 7:10 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
BJP की विचारधारा और रवैया तमिलनाडु के लिए नुकसानदेह- पी. चिदंबरम
आज तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है और इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने न्यूज एजेंसी PTI से बात करते हुए कहा, 'हमने हमेशा कहा है कि BJP की विचारधारा, राजनीतिक नीतियां और उसका रवैया तमिलनाडु के लिए नुकसानदेह है। इसलिए, हमें BJP को तमिलनाडु या दक्षिण भारत में कहीं भी अपनी पैठ बनाने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। हमारा मानना है कि हमने कड़ी मेहनत की है, सरकार ने पिछले पांच सालों में बहुत काम किया है और तमिलनाडु की जनता DMK के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील गठबंधन को फिर से वोट देगी।'
-
April 23, 2026 6:52 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
तमिलनाडु की जनता करेगी उम्मीदवारों का भविष्य तय
आज तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाले हैं। आपको बता दें कि राज्य में विधानसभा की 234 सीटें हैं और इन सभी सीटों पर अभी कुछ ही देर में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू होने वाली है। राज्य के 5.73 करोड़ से ज्यादा मतदाता इस चुनाव में उतरे 4,023 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे।
-
April 23, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Adarsh Pandey
वोटिंग से पहले मॉक पोलिंग जारी
अभी कुछ ही देर में तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग शुरू होने वाली है। उससे पहले मॉक पोलिंग की जा रही है। एक वीडियो सामने आया है जो तिरुनेलवली के एक सरकारी स्कूल में बने मतदान केंद्र का है जो मॉक पोलिंग का है।