कोलाथूर: तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है। ऐसे में कोलाथूर सीट के अभी तक के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। ये वही सीट है, जहां से सीएम एम के स्टालिन ने चुनाव लड़ा लेकिन वह इस सीट पर पिछड़ गए हैं।
इस सीट पर अभिनेता विजय की नई नवेली पार्टी टीवीके के कैंडिडेट वी एस बाबू आगे चल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक वी एस बाबू को 41616 वोट मिले हैं और एम के स्टालिन को 33641 वोट मिले हैं। यानी अब तक वी एस बाबू 7975 वोट से आगे चल रहे हैं।
कौन हैं वी एस बाबू?
वी एस बाबू डीएमके के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने आखिरी बार 2006 के चुनाव में पुरासवाल्कम विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। वे इस साल फरवरी में टीवीके में शामिल हुए और अभिनेता विजय ने उन्हें एम के स्टालिन के खिलाफ मैदान में उतारा।
Image Source : EC/WebsiteEC की वेबसाइट पर टीवीके के कैंडिडेट वी एस बाबू चल रहे आगे
टीवीके ने किया कमाल
तमिलनाडु की सियासत में इस बार कमाल हो गया है। नई पार्टी टीवीके ने 109 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। डीएमके 60 सीटों पर और एआईडीएमके 65 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। टीवीके की इस बढ़त की सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है क्योंकि इस पार्टी को साउथ के सुपरस्टार विजय ने 2024 में ही बनाया था। इस लिहाज से ये एक नई राजनीतिक पार्टी है लेकिन इसने स्थापित पार्टियों से ज्यादा सीटें हासिल की हैं।
बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी, जिसके नतीजों के लिए आज वोटों की काउंटिंग हो रही है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर देर रात तक सभी सीटों के फाइनल परिणाम जारी किए जा सकते हैं।
टीवीके चीफ विजय एक मंझे हुए अभिनेता भी हैं। उन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं। अब उनकी राजनीतिक एंट्री भी हिट साबित हुई है और उनकी पार्टी ने कमाल कर दिया है।
Latest India News