चेन्नई: तमिलनाडु चुनाव में अब ज्यादा दिन बाकी नहीं रह गए हैं। इस बीच सभी सियासी दल अपनी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं। इस कड़ी में TVK (तमिलगा वेट्री कषगम) चीफ विजय ने पार्टी इवेंट में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। महिलाओं के लिए चुनावी गारंटी देते हुए उन्होंने कहा कि हर युवती को शादी पर 8 ग्राम गोल्ड और सिल्क की साड़ी दी जाएगी। साथ ही 60 वर्ष की उम्र तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री यात्रा की छूट रहेगी वहीं साल में 6 मुफ्त गैस सिलेंडर भी दिए जाएंगे।
अन्नपूर्णा सुपर सिक्स योजना'
विजय ने चेन्नई के पास मामल्लापुरम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में कहा कि जब उनकी पार्टी टीवीके सत्ता में आएगी, तो सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर 60 वर्ष की आयु तक की सभी महिलाओं को हर महीने सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि 'अन्नपूर्णा सुपर सिक्स योजना' के तहत हर साल छह एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूलों में 'जीरो ड्रॉपआउट' सुनिश्चित करने के लिए 'कामराजार कालवी उरुथी थिट्टम' के तहत प्रत्येक मां या अभिभावक को 15,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
बसों में 'स्मार्ट पैनिक बटन'
सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बारे में विजय ने अपने 20 मिनट के भाषण में कहा कि बसों में 'स्मार्ट पैनिक बटन' लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुविधा के लिए राशन की दुकानों, स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे। विजय ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त आवंटन की भी घोषणा की।
अभिनेता से नेता बने विजय ने आश्वासन दिया कि तमिलनाडु में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु को राज्य सरकार के 'आशीर्वाद' के रूप में सोने की एक अंगूठी और शिशु पाउडर, शिशु तेल, डायपर से युक्त एक 'वेलकम किट' दी जायेगी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति (जीरो टॉलरेंस), महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस में 'रानी वेलू नचियार' इकाई का गठन और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों के शीघ्र निपटान के लिए विशेष त्वरित न्यायालयों की घोषणा की।
विजय ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य के 43.9 लाख करोड़ रुपये के बजट में से ''30 प्रतिशत स्टालिन सर टैक्स'' के रूप में लूट और भ्रष्टाचार का पैसा वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा, ''ये चुनावी आश्वासन एक 'भ्रष्टाचार मुक्त और बेहतरीन शासन व्यवस्था' द्वारा पूरे किए जा सकते हैं।'' उन्होंने टीवीके द्वारा आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम में मंच पर आमंत्रित महिलाओं का अभिवादन किया।
Latest India News