नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने आज से प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया था लेकिन दिल्ली पुलिस की ओर से उन्हें प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी के कुछ समर्थकों ने जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही हिरासत में ले लिया। इन सारी घटनाओं के बीच राहुल गांधी आज दिल्ली से दक्षिण की ओर रवाना हो गए। वे चेन्नई में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
सीईसी और केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने चेन्नई रवाना होने से पहले सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट लिखा। इस पोस्ट में उन्होंने ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी जाएंगे ही साथ ही मोदी सरकार भी जाएगी और इसके बाद लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा। गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। फिर लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।'
भाषण की वीडियो क्लिप भी शेयर की
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर संसद के सेंट्रल हॉल में 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों के बीच दिए अपने भाषण की एक वीडियो क्लिप भी शेयर की। राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार से कहीं अधिक गंभीर समस्या हैं और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष पिछले कुछ दिन की तरह अपना दबाव बनाए रखता है, तो सरकार गिर जाएगी।
राहुल गांधी ने संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों से कहा था कि विपक्षी प्रदर्शनों ने इस सरकार की नींव हिला दी है और अब यह सरकार डर गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा था, 'ज्ञानेश कुमार से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।' उन्होंने कहा कि यह ऐसी लड़ाई है, जिसके लिए संघर्ष करना और जान तक देना सार्थक है।
यह सरकार गिर जाएगी-राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, 'यदि हम पिछले तीन-चार दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखते हैं, तो मैं गारंटी देता हूं कि यह सरकार गिर जाएगी।' विपक्ष का यह आक्रामक रुख अंग्रेजी 'द इंडियन एक्सप्रेस' की उस खबर के कुछ दिनों बाद देखने को मिल रहा है जिसमें कहा गया था कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 माह में कम से कम 14 बार लिखित रूप से आपत्ति जताई थी, जिनमें से अधिकांश आपत्तियां मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित निर्णयों और आदेशों पर थीं।
इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की थी। विपक्ष के सांसद, CEC ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाकात करने सेंट्रल हॉल से सीधे राष्ट्रपति भवन गए थे। राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान, विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल ने वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर बात की।
ये भी पढ़ें:
एलन मस्क के समर्थन में राहुल गांधी का दांव पड़ा उल्टा? बीजेपी ने पूछा- 'भारत के कारोबारियों से इतनी नाराजगी क्यों?'
Latest India News