1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. BJP विधायक शनिवार को चुनेंगे UP का मुख्यमंत्री

BJP विधायक शनिवार को चुनेंगे UP का मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक शनिवार को यहां बैठक कर राज्य का नया मुख्यमंत्री चुनेंगे।

BJP- India TV Hindi
Image Source : PTI BJP

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित विधायक शनिवार को यहां बैठक कर राज्य का नया मुख्यमंत्री चुनेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। पार्टी नेता ने बताया कि सभी 312 भाजपा विधायकों से राज्य की राजधानी में होने वाली बैठक में मौजूद रहने के लिए कहा गया है।

पार्टी के राज्य महासचिव विजय बहादुर पाठक ने विधायकों की बैठक की तिथि पर मुहर लगाते हुए बताया कि दो केंद्रीय पर्यवेक्षक, वेंकैया नायडू और भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा। भाजपा ने 403 सदस्यीय विधानसभा में तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया है। 17वीं विधानसभा में इसे 325 विधायकों का समर्थन हासिल है। इनमें सहयोगी दलों के विधायक भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अभी कोई साफ तस्वीर नहीं बनी है। लेकिन, माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा में से किसी एक के पक्ष में जा सकता है। राजनाथ सिंह हालांकि खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बता रहे हैं। अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि मनोज सिन्हा के नाम पर मुहर लग सकती है। उनका संबंध पूर्वाचल के गाजीपुर से है।

Latest Uttar Pradesh News