मस्जिदों में लाउडस्पीकर को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ये विवाद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र इकाई ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के सदस्यों ने जिला प्रशासन से हनुमान चालीसा के पाठ के लिए 21 प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति मांगी है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) राकेश पटेल ने बताया कि उन्हें एबीवीपी से आवेदन मिला है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। एडीएम ने बुधवार शाम संवाददाताओं से कहा, 'प्रशासन इस मुद्दे के कानूनी पहलुओं को देख रहा है और उसके अनुसार निर्णय लेगा।'
प्रशासन के फैसले का इंतज़ार कर रहे हैं- ABVP
इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राज्य सचिव बलदेव चौधरी ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि वे इस संबंध में प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। चौधरी ने कहा, 'अगर हमें आवश्यक अनुमति नहीं मिलती है तो हम अपनी भविष्य की कार्रवाई तय करेंगे।'
इस बीच, कुछ दक्षिणपंथी समूहों के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से शहर के विभिन्न हिस्सों में लाउड स्पीकर और अन्य उपकरण स्थापित करने के लिए चंदा इकट्ठा करने के लिए एक अभियान शुरू किया है।
Latest Uttar Pradesh News