1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: बगलिहार बांध के खोले गए सभी गेट, जानिए इसके पीछे की वजह? लोगों से भी खास अपील

जम्मू-कश्मीर: बगलिहार बांध के खोले गए सभी गेट, जानिए इसके पीछे की वजह? लोगों से भी खास अपील

बगलिाहर बांध के सभी गेट खोले जाने के बाद स्थानीय लोगों से प्रशासन ने खास अपील की है। डीएम ने पुलिस और एसडीआरएफ टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा है।

बगलिहार बांध- India TV Hindi
Image Source : ANI बगलिहार बांध

जम्मू और कश्मीर के रामबन जिले में बगलिहार जलविद्युत परियोजना के सभी स्पिलवे गेट खोल दिए गए हैं। बगलिहार बांध के सभी गेटों को भारी बारिश के चलते खोल दिया गया है। जिले के अधिकारियों ने आम जनता को नदी के किनारे न जाने की चेतावनी जारी की है।

नदी के किनारे न जाएं स्थानीय लोग

रामबन के अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चरक ने कहा, 'मुझे बगलिहार जलविद्युत परियोजना के इंजीनियरिंग और मैकेनिकल डिवीजन से एक एडवाइजरी नोट मिला है, जिसमें कहा गया है कि वे अपने गेट खोलेंगे। उन्होंने हमें इस संबंध में एक एडवाइजरी जारी करने के लिए कहा है।' इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने आम जनता को सलाह जारी की है कि वे नदी के किनारे न जाएं, क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है।

पुलिस और SDRF की टीमों को खास निर्देश

रामबन के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी संबंधित राजस्व, पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है। डीएम ने कहा कि संबंधित विभाग के लोग समन्वय स्थापित करें और चेनाब नदी के तटों पर स्थिति पर संयुक्त रूप से नजर रखें।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थानीय प्राधिकारियों, जिनमें लंबरदार, चौकीदार, जीआरएस और वीएलडब्ल्यू शामिल हैं। उनको निर्देश दिया गया है कि वे निवासियों को नदी के किनारे लोगों, पशुओं, राफ्टों और वाहनों सहित अन्य गतिविधियों से बचने की सलाह दें।

चिनाब नदी का बढ़ गया जलस्तर

इस बीच, एनएचपीसी के अधिकारियों ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पानी निकालने के लिए बगलिहार बांध के सभी स्पिलवे खोल दिए गए हैं। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को ताजा मौसम परामर्श जारी किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर के लोगों को आने वाले दिनों में संभावित बाढ़, भूस्खलन, भूस्खलन और संवेदनशील क्षेत्रों में पत्थर गिरने की चेतावनी दी गई है।

राज्य के इन हिस्सों में बारिश का अलर्ट

पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में तेज बारिश होने का अनुमान है। 1 से 3 अगस्त तक कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 4 से 6 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। (इनपुट-एएनआई)