1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अमरनाथ यात्रा के बीच पकड़े गए 3 ओवर ग्राउंड वर्कर, अनंतनाग पुलिस ने एडवांस्ड सर्विलांस टेक्नोलॉजी की मदद से दबोचा

अमरनाथ यात्रा के बीच पकड़े गए 3 ओवर ग्राउंड वर्कर, अनंतनाग पुलिस ने एडवांस्ड सर्विलांस टेक्नोलॉजी की मदद से दबोचा

अमरनाथ यात्रा के बीच अनंतनाग पुलिस ने 3 ओवर ग्राउंड वर्कर्स को दबोच लिया है। ये तीनों OGWs फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की मदद से पकड़ गए हैं। पुलिस तीनों OGWs से पूछताछ कर रही है।

अनंतनाग में 3 ओवर...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT अनंतनाग में 3 ओवर ग्राउंड वर्कर्स को पकड़ा गया।

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के बीच अनंतनाग में 3 ओवर ग्राउंड वर्कर्स पकड़े गए हैं। अनंतनाग पुलिस ने एडवांस्ड सर्विलांस टेक्नोलॉजी की मदद से ओवर ग्राउंड वर्कर को दबोचा। अनंतनाग पुलिस ने फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की मदद से तीन ओवर ग्राउंड वर्कर्स को हिरासत में लिया है। जानें अमरनाथ यात्रियों के बीच घूम रहे ये तीन लोग कैसे पकड़े गए।

फेशियल रिकग्निशन सिस्टम ने दिया अलर्ट

बता दें कि श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए लगाई गई एडवांस्ड सर्विलांस टेक्नोलॉजी ने कामयाबी दिखाते हुए तीन ओवर ग्राउंड वर्कर्स को पकड़ने में मदद की। अनंतनाग पुलिस के फेशियल रिकग्निशन सिस्टम ने सरबल इलाके से गुजर रहे तीन संदिग्ध लोगों के बारे में समय रहते अलर्ट जारी किया।

ओवर ग्राउंड वर्कर्स के रूप में हुई तीनों OGWs की पहचान

फिर अलर्ट पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, पुलिसकर्मियों ने उन लोगों को रोका और उनकी पहचान की पुष्टि की। जांच-पड़ताल के दौरान, तीनों की पहचान ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के तौर पर हुई। फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से मिली जानकारी और उसके बाद की पुष्टि के आधार पर, अनंतनाग पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तीनों लोगों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

पुलिस कर रही आधुनिक सर्विलांस सिस्टम का इस्तेमाल

यह कामयाबी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और श्री अमरनाथ जी यात्रा को सुरक्षित और बिना किसी घटना के संपन्न कराने में टेक्नोलॉजी-आधारित पुलिसिंग की अहम भूमिका को दिखाती है। अनंतनाग पुलिस तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखने के लिए आधुनिक सर्विलांस सिस्टम का इस्तेमाल करने और मजबूत सुरक्षा ढांचा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

पकड़े गए OGWs से पूछताछ कर रही है पुलिस

सुरक्षा एजेंसियां अब पकड़े गए तीनों ओवर ग्राउंड वर्कर्स से पूछताछ कर उनके संभावित संपर्कों और नेटवर्क का मालूम करने में जुटी हैं। अनंतनाग पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनका किसी आतंकवादी संगठन से अप्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं और क्या वे अमरनाथ यात्रा में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस का कहना है कि पूरे केस की गहनता से जांच जारी है। पड़ताल के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- एलजी मनोज सिन्हा ने की अमरनाथ यात्रा के प्रबंधन की समीक्षा, तीर्थयात्रियों से वैध पंजीकरण के बाद यात्रा करने की अपील