रीः भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बुधवार को घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि सैनिकों ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में उरी स्थित चुरुंडा इलाके में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, मुठभेड़ के दौरान सेना के एक जवान की जान चली गई। उन्होंने बताया कि अभियान जारी है।
BAT के सहयोग से आतंकी कर रहे थे घुसपैठ
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) के सहयोग से आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। उरी सेक्टर में टिक्का पोस्ट के पास नियंत्रण रेखा (LoC) पर आतंकियों के साथ सेना की मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से गोलीबारी अभी भी जारी है।
बारामूला में एक जवान हुआ था शहीद
यह घटना बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा पर ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान एक अन्य सैनिक, सिपाही बनोथ अनिल कुमार के शहीद होने के एक दिन बाद हुई है। सिपाही बनोथ अनिल कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए भारतीय सेना की चिनार कोर ने मंगलवार को X पर एक पोस्ट में कहा, "चिनार कोर बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा पर ऑपरेशनल ड्यूटी करते हुए बहादुर सिपाही बनोथ अनिल कुमार के बहुमूल्य जीवन की हानि पर गहरा शोक व्यक्त करता है। चिनार योद्धा उनके अदम्य साहस और बलिदान को सलाम करते हैं, गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं।
सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के इलाकों में कर्फ्यू
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से दो किलोमीटर तक के इलाकों में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह वह इलाका है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान से आतंकवादी जम्मू क्षेत्र में घुसपैठ के लिए करते हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न पक्षों से बातचीत के बाद यह फैसला लिया। पाकिस्तान की सीमा से सटे इस इलाके में इस साल जनवरी के पहले हफ्ते तक रात्रि कर्फ्यू लगा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अभियानों में सहयोग देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रात्रि कर्फ्यू की यह नई व्यवस्था की गई है।
(भाषा इनपुट के साथ)