1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 'अगर आपमें जरा भी आत्मसम्मान बचा है तो...', BJP ने उमर अब्दुल्ला को दे दिया खुला चैलेंज

'अगर आपमें जरा भी आत्मसम्मान बचा है तो...', BJP ने उमर अब्दुल्ला को दे दिया खुला चैलेंज

जम्मू-कश्मीर में BJP ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को गांदरबल सीट से इस्तीफा देकर राज्य का दर्जा बहाली के मुद्दे पर दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। BJP ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली दरों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

Omar Abdullah, BJP Protest Jammu Kashmir, Jammu Kashmir Statehood- India TV Hindi
Image Source : PTI जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला।

Highlights

  • BJP नेता सुनील शर्मा ने उमर अब्दुल्ला को गंदरबल से इस्तीफे की चुनौती दी।
  • शर्मा ने पानी, अस्पताल, स्कूल, नौकरियों और बिजली दरों को लेकर सरकार घेरा।
  • BJP ने राज्य का दर्जा बहाली समेत चार मुद्दों पर श्रीनगर में प्रदर्शन किया।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को उनके गृह विधानसभा क्षेत्र गांदरबल से इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। शर्मा ने कहा कि अगर राज्य का दर्जा बहाल करना वास्तव में अब्दुल्ला का मुद्दा है, तो उन्हें इसी मुद्दे पर जनता से नया जनादेश लेना चाहिए। बता दें कि BJP नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर के लाल चौक स्थित घंटाघर के पास प्रदर्शन किया।

‘आम और गरीब लोगों के लिए जीना मुश्किल’

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं और उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ नारे लगाए। सुनील शर्मा ने कहा कि लाल चौक से BJP कार्यकर्ता सिविल सचिवालय की ओर मार्च करेंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने जम्मू-कश्मीर में आम लोगों की परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोगों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल होती जा रही है। शर्मा ने कहा,

'आज आम और गरीब लोगों के लिए जीना मुश्किल हो गया है। पूरे जम्मू-कश्मीर में पानी का संकट है, लेकिन कहीं भी कोई फिटर या कार्यकारी अभियंता नजर नहीं आता। मंत्री की बात तो दूर है।'

शर्मा ने स्कूलों, अस्पतालों पर उठाए सवाल

शर्मा ने सूबे में अस्पतालों की स्थिति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जाइए तो डॉक्टर नहीं हैं, मेडिकल स्टाफ नहीं है और गरीबों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। स्कूलों को लेकर उन्होंने कहा,

'स्कूलों में जाइए तो शिक्षक नहीं हैं, मास्टर नहीं हैं और प्रधानाध्यापक तक नहीं हैं।'

BJP नेता ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि क्या जनता ने उन्हें 'राजकुमार की तरह रहने और गुलमर्ग और पहलगाम में स्कीइंग करने' के लिए चुना है?

'गांदरबल से इस्तीफा दें और फिर चुनाव लड़ें'

शर्मा ने अब्दुल्ला को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें अभी भी आत्मसम्मान है तो वह अपने गृह क्षेत्र गांदरबल से इस्तीफा दें और जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर फिर से चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा,

'अगर आपमें जरा भी आत्मसम्मान बचा है तो राज्य के दर्जे की बहाली के मुद्दे पर चुनाव लड़िए। तभी हम मानेंगे कि यह वास्तव में आपका मुद्दा है।'

सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे की बहाली का मुद्दा BJP का भी है। उन्होंने कहा कि BJP ने लोगों से वादा किया है कि उचित समय पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। शर्मा ने सरकार पर 25 हजार नौकरियों को आउटसोर्स करने का आरोप भी लगाया।

इन 4 मुद्दों पर BJP कर रही है प्रदर्शन

BJP ने अपने प्रदर्शन के पीछे 4 प्रमुख मुद्दे बताए। पार्टी के मुताबिक, उसका आंदोलन इन मुद्दों पर है:

  1. नौकरियों की निष्पक्ष भर्ती के बजाय उन्हें ‘बेचने’ के आरोप।
  2. स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराने का आरोप।
  3. सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप।
  4. बिजली की दरों में बढ़ोतरी का विरोध।

BJP का कहना है कि इन मुद्दों से जम्मू-कश्मीर के आम लोगों पर सीधा असर पड़ रहा है। पार्टी ने सरकार से इन मामलों पर जवाब मांगते हुए प्रदर्शन किया और सिविल सचिवालय की ओर मार्च का ऐलान किया। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: फारूक अब्दुल्ला के चैलेंज पर मेहदी का जवाब, कहा- सांसदी से इस्तीफा दे दूंगा, पहले जवाबदेही तय हो