Kishtwar Cloudburst Updates: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से भारी तबाही, 46 लोगों की मौत
Kishtwar Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फट गया है। बादल फटने भारी तबाही की आशंका है। इस घटना में दर्जनों जानें गई हैं और कई लोग अभी भी लापता हैं।

जम्मूः जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मचैल मट्टा यात्रा के रास्ते में पड्डेर सब डिवीजन के चिशोती गांव में बादल फटने से भारी तबाही मची है। बादल फटने से चिशोती गांव में अचानक बाढ़ आ गई। कई लोगों के बहने की भी सूचना है। बादल फटने से 46 लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।
सेना और NDRF की टीम बचाव कार्य में जुटी
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ में बादल फटने से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सिविल, पुलिस, सेना, NDRF और SDRF अधिकारियों को बचाव एवं राहत अभियान को और तेज़ करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट- राही कपूर, किश्तवाड़
Live updates : jammu kashmir Cloudburst LIVE Update
-
August 14, 2025 9:17 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
किश्तवाड़ में बादल फटने से 46 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से CRPF के दो जवानों समेत 46 लोगों की मौत हो चुकी है, 120 से ज्यादा लोग घायल हैं, और करीब 250 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
-
August 14, 2025 8:04 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
किश्तवाड़ में 38 की मौत, 250 लापता
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इस आपदा में 38 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है जबकि 250 लोग लापता हो गए। कई घर और राशन डिपो बह गए, जिससे क्षेत्र में हालात गंभीर बने हुए हैं। पुलिस, सेना और NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
-
August 14, 2025 5:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
किश्तवाड़ आपदा में अब तक 38 शव बरामद
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज पहाड़ी गांव चोशिती में गुरुवार को बादल फटने से आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 38 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। यह हादसा मचैल माता यात्रा मार्ग पर हुआ, जिसके चलते यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
-
August 14, 2025 5:01 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
किश्तवाड़ आपदा में अब तक 20 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चिशोती इलाके में गुरुवार सुबह हुए भीषण बादल फटने की घटना में अब तक 20 लोगों की मौत हो गई है। इस आपदा में 98 लोग रेस्क्यू किए गए हैं। हादसे में घायल हुए लोगों को अथोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं, जिसमें स्थानीय पुलिस, SDRF, NDRF और सेना की टीमें शामिल हैं। भारतीय वायुसेना को भी घायलों को निकालने के लिए अलर्ट किया गया है।
-
August 14, 2025 4:55 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा, 'मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है। बचाव और राहत कार्य जारी हैं। जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।'
-
August 14, 2025 4:03 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'NDRF की टीम भी मौके पर पहुंचने वाली है'
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में स्थित चिशोती इलाके में अचानक आई बाढ़ पर जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने कहा, 'सुबह करीब 11.30 बजे हमें सूचना मिली कि किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में बादल फटा है। एसआरडीएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचने वाली है। सेना, वायुसेना की टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है।'
-
August 14, 2025 3:43 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने जारी की हेल्पलाइन
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गुरुवार को किश्तवाड़ के एक गांव में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ के बाद लोगों और तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए एक नियंत्रण कक्ष-सह-सहायता डेस्क स्थापित किया। अधिकारियों ने बताया कि 12-15 लोगों की मौत हो गई है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। यह नियंत्रण कक्ष पद्दार में स्थापित किया गया है, जो चिशोती गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर है, जहां यह आपदा आई थी। नियंत्रण कक्ष के लिए 5 अधिकारियों को तैनात किया गया है। उपलब्ध कराए गए नंबर हैं: 9858223125, 6006701934, 9797504078, 8492886895, 8493801381, और 7006463710। इसके अलावा, जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 01995-259555 और 9484217492 हैं, और किश्तवाड़ का पुलिस नियंत्रण कक्ष नंबर 9906154100 है।
-
August 14, 2025 3:29 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'किश्तवाड़ ज़िले में बादल फटने की घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य कर रहा है। NDRF की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और हर परिस्थिति में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।'
-
August 14, 2025 2:59 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
मचैल माता मंदिर की वार्षिक यात्रा स्थगित
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद मचैल माता मंदिर की वार्षिक यात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षति का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक बचाव एवं चिकित्सा प्रबंधन व्यवस्था की जा रही है।
-
August 14, 2025 2:53 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
नेता प्रतिपक्ष बोले- स्थिति पर रख रहे कड़ी नजर
विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मछैल माता यात्रा के लिए एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक बिंदु, चशोती में अचानक आई बाढ़ एक दुखद घटना है। मैंने ज़िला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और तीर्थयात्रियों और निवासियों को सभी आवश्यक सहायता मिले।
-
August 14, 2025 2:51 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
डीसी बोले- तेजी से चल रहा राहत बचाव कार्य
किश्तवाड़ के उपायुक्त (डीसी) पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि राहत बचाव कार्य जारी है। चशोती क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई है। बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं। हम नुकसान का आकलन करने और निवासियों व तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। ज़िला प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि यात्रा मार्ग पर निर्धारित चिकित्सा केंद्रों पर पर्याप्त दवाइयां और डॉक्टर सहित चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हों।
-
August 14, 2025 2:45 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
किश्तवाड़ में बादल फटने से बह गए कई घर
किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में बादल फटने से कई घर बह गए हैं और बड़े नुकसान की खबर है। कई लोग मारे हैं और कई घायल हैं।
-
August 14, 2025 2:41 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
बादल फटने से हो सकती है भारी जनहानिः केंद्रीय मंत्री
किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में अचानक आई बाढ़ पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मुझे जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा का फोन आया कि उनके क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बादल फटा है। यह लोकप्रिय मचैल माता यात्रा का मार्ग भी है जो यहीं होती है। बादल फटने की घटना बहुत बड़े पैमाने पर हुई है, जिससे बड़ी संख्या में जनहानि हो सकती है। हमने तुरंत जिला अधिकारियों से संपर्क किया, जो भी हैरान थे, क्योंकि इसने सभी को हैरान कर दिया था। उन्होंने घटनास्थल की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। बहुत जल्द हमें और जानकारी मिल जाएगी। हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन चिकित्सा उपचार के लिए हेली-रेस्क्यू की भी व्यवस्था करेगा।
-
August 14, 2025 2:34 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ में बादल फटने से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सिविल, पुलिस, सेना, NDRF और SDRF अधिकारियों को बचाव एवं राहत अभियान को और तेज़ करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
August 14, 2025 2:30 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
बादल फटने से चिशोती इलाके में आई बाढ़
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ के चिशोती इलाके में अचानक बाढ़ आ गई है, जो मचैल माता यात्रा का प्रारंभिक बिंदु है। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
-
August 14, 2025 2:29 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बोले- राहत बचाव दल मौके पर पहुंचे
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने की घटना पर कहा कि वहां सभी बचाव दल पहुंच गए हैं। वे वहां काम कर रहे हैं और जो भी सहयोग और सहायता आवश्यक है, वह सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हम सभी एक दूसरे के साथ संपर्क में हैं। यदि किसी मरीज़ को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना पड़े तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। हेलीकॉप्टर के लिए मौसम अनुकूल नहीं हैं।
-
August 14, 2025 2:23 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
किश्तवाड़ में बादल फटने से 15 लोगों के मरने की सूचना
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से भारी तबाही मची है। डीसी ने करीब 15 लोगों की मरने की पुष्टि की है।