A
Hindi News जम्मू और कश्मीर 'कुछ लोग हमारी मीटिंग में आए, खाना खाया और फिर धोखा दिया', राज्यसभा चुनाव रिजल्ट पर बिफरे सीएम उमर अब्दुल्ला

'कुछ लोग हमारी मीटिंग में आए, खाना खाया और फिर धोखा दिया', राज्यसभा चुनाव रिजल्ट पर बिफरे सीएम उमर अब्दुल्ला

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि 3-1 पर किसी को शिकायत नहीं होनी चाहिए। 4-0 की हमने पूरी कोशिश की लेकिन आखिरी समय पर हमारे साथ कुछ लोगों ने विश्वासघात किया। हमें कुछ लोगों ने धोखा दिया।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला- India TV Hindi Image Source : PTI मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला। फाइल

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में तीन पर सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस और एक पर विपक्षी दल बीजेपी को जीत मिली है। राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बीजेपी की जीत से खुश नहीं है। दरअसल मौजूदा समय में जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के 27 विधायक हैं जबकि राज्यसभा चुनाव में पांच वोट अतिरिक्त मिले। इन्हीं पांच वोट की बदौलत बीजेपी राज्यसभा की एक सीट जीतने पर कामयाब रही और नेशनल कॉन्फ्रेंस के मंसूबों पर पानी फेर दिया। किस पार्टी और किन पांच विधायकों ने बीजेपी के लिए क्रॉस वोट किया इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन सीएम अब्दुल्ला को शक है कि विपक्षी दलों के विधायकों ने बीजेपी का साथ दिया है।  

हमारी मीटिंग में शामिल होने वालों ने चोरी-छिपे बीजेपी को वोट दिया

नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन राज्यसभा सीटें जीतने पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हमने 4-0 से जीतने की कोशिश की लेकिन आखिर में हमें 'धोखा' मिला। मुझे लगता है कि हर कोई जानता है कि वे लोग कौन थे। अच्छा होता अगर उन्होंने खुले तौर पर कहा होता कि वे BJP के साथ जाना चाहते हैं। अब्दुल्ला ने कहा कि जिन लोगों (विधायकों) ने चोरी-छिपे भाजपा की मदद की उनमें हिम्मत होनी चाहिए। खुलेआम आकर कहें कि हमने भाजपा को वोट डाला…"। सीएम ने कहा कि कुछ लोग हमारे साथ रहकर, हमारी मीटिंग में आकर और हमारा खाना खाकर बीजेपी को दिए। उन्होंने कहा कि उसकी पार्टी के विधायकों ने क्रास वोट नहीं किया और एक वोट भी खराब नहीं हुआ। 

नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट देने के लिए धन्यवाद

मुझे खुशी है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का कोई भी वोट किसी दूसरे कैंडिडेट को नहीं गया। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के राज्यसभा कैंडिडेट की जीत के लिए काम किया। मैं कांग्रेस और बाकी साथियों का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के हक में मतदान किया। इस बात को लेकर मुझे संतुष्टी है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का एक भी मत नुकसान नहीं हुआ। 

87 विधायकों ने चुने चार राज्यसभा सांसद

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में कुल 90 सीटों वाली विधानसभा में मौजूदा समय में 88 विधायक हैं। दो सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ़्रेंस के 41, बीजेपी के 28, कांग्रेस के 6,  पीडीपी के तीन, सीपीआई एम, आम आदमी पार्टी और अवामी इत्तेहाद पार्टी के एक-एक विधायक हैं। जबकि दो निर्दलीय विधायक जीते थे। मौजूदा समय में नेशनल कॉन्फ़्रेंस के 40 और बीजेपी के 27 सदस्य हैं। नगरोटा से बीजेपी विधायक देवेंदर सिंह राणा के निधन के बाद सीट रिक्त है जबकि बड़गाम सीट उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के बाद खाली है। सीएम दो सीटों से चुनाव जीते थे। एक विधायक ने राज्यसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था। 

इनपुट- एएनआई