श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। श्रीनगर के सौरा के डगपोरा इलाके में एक बंकर गाड़ी सड़क से फिसलकर नहर में गिर गई, जिसमें कम से कम नौ CRPF जवान घायल हो गए। यह हादसा अहमद नगर में डगपोरा रोड पर उमर हेयर के पास हुआ।
9 जवान अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, वाहन के ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया। इससे वाहन नहर में जा गिरी। शुरू के CRPF के सात घायल जवानों को हॉस्पिटल ले जाया गया। बाद में दो और घायल जवानों को इलाज के लिए SKIMS सौरा लाया गया। सभी घायल जवान स्टेबल हैं।
घायल जवानों की हुई पहचान
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को श्रीनगर के डगपोरा इलाके में एक सड़क हादसे में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के कई जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान नागिंदर सिंह (36), अजीत कुमार राम (36), राज किशोर राय (40), अमित कुमार यादव (38), राजधन राम (55), मंकर कुमार (40) और नीरज कुमार (45) के तौर पर हुई है। अधिकारियों ने कन्फर्म किया है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें कई चोटें आई हैं।
राजौरी में हथियार व गोला-बारूद बरामद
वहीं, जम्मू कश्मीर के राजौरी जिला में घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को चलाए गए तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार नियंत्रण रेखा से लगे सुंदरबनी सेक्टर के नथुआ टिब्बा इलाके में सघन तलाश अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई। उन्होंने बताया कि सैनिकों ने इलाके में खून के धब्बों को चिह्नित किया, जिससे संकेत मिलता है कि संभवत: घुसपैठ करने वाले आतंकवादी गंभीर रूप से घायल हुए होंगे। तलाश के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों और अन्य साजो सामान का जखीरा बरामद किया, जिसमें एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन, तीन रकसैक, कंबल, राशन और कपड़े शामिल हैं।