A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. DPS श्रीनगर की दृष्टिबाधित स्टूडेंट जैनब बिलाल ने कायम की मिसाल, CBSE की 10वीं की परीक्षा में हासिल किए 95% मार्क्स

DPS श्रीनगर की दृष्टिबाधित स्टूडेंट जैनब बिलाल ने कायम की मिसाल, CBSE की 10वीं की परीक्षा में हासिल किए 95% मार्क्स

डीपीएस श्रीनगर की दृष्टिबाधित छात्रा जैनब बिलाल ने बिना किसी सहायक की मदद से CBSE की 10वीं की परीक्षा दी और उसमें 95% मार्क्स लाकर दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनी। पढ़िए उनकी सफलता की कहानी।

DPS Srinagar Success Story- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT दृष्टिबाधित स्टूडेंट जैनब बिलाल ने CBSE की 10वीं की परीक्षा 95% अंकों के साथ पास की।

DPS Srinagar Success Story: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में दृष्टिबाधित स्टूडेंट जैनब बिलाल ने CBSE की 10वीं क्लास की परीक्षा शानदार 95 फीसदी अंकों के साथ पास की है। कई लोगों के लिए उनकी यह उपलब्धि प्रेरणा का स्रोत है, क्योंकि दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने CBSE की 10वीं की परीक्षा में 475 अंक हासिल किए, जिसमें कंप्यूटर विज्ञान में उनके पूरे 100 फीसदी मार्क्स शामिल हैं। जैनब उन पहले दृष्टिबाधित स्टूडेंट्स में से एक हैं जिन्होंने बिना किसी सहायक की मदद लिए लैपटॉप का इस्तेमाल करके CBSE की 10वीं की परीक्षा दी।

जैनब ने माता-पिता और स्कूल को दिया कामयाबी का श्रेय

दिल्ली पब्लिक स्कूल, श्रीनगर की स्टूडेंट, 16 साल की जैनब, Information Technology के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, स्कूल और टीचर्स को दिया, जिन्होंने शैक्षणिक यात्रा में उनका सहयोग किया। जैनब, Extracurricular Activities में भी आगे हैं। जब वह 12 साल की थीं, तब उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का इंटरव्यू लिया था। उन्होंने रेडियो डीपीएस के लिए बॉलीवुड एक्टर आमिर खान का भी इंटरव्यू किया था।

2016 से DPS में पढ़ रही हैं जैनब बिलाल

डीपीएस श्रीनगर के एक अन्य स्टूडेंट, फरीस रफीक ने CBSE की 10वीं की परीक्षा में 92.6 फीसदी मार्क्स हासिल किए हैं। इन स्टूडेंट्स की सफलता पर डीपीएस श्रीनगर ने कहा, 'इन दोनों स्टूडेंट्स ने साल 2016 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, श्रीनगर के लर्निंग रिसोर्स सेंटर में एडमिशन लिया था। उनकी यह जर्नी, शिक्षा के प्रति एक व्यवस्थित और समावेशी दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसकी वजह से उन्हें उल्लेखनीय शैक्षणिक सफलता और आत्मनिर्भरता मिली।'

सीबीएसई 10वीं क्लास में 93.70% स्टूडेंट हुए पास

गौरतलब है कि इस साल 23 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा पास की है यानी 93.70 प्रतिशत छात्र-छात्रा उत्तीर्ण हुए हैं। छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। एग्जाम में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.99 फीसदी और छात्रों का 92.69 फीसदी रहा।

अगर क्षेत्रवार देखें तो, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा में स्टूडेंट्स का उत्तीर्ण प्रतिशत सबसे ज्यादा 99.79 फीसदी रहा। यह चेन्नई में 99.58 फीसदी और बेंगलुरु में 98.91 फीसदी रहा। सीबीएसई की 10वीं क्लास का रिजल्ट 2026 आधिकारिक वेबसाइटों- cbse.gov.in और results.cbse.nic.in पर उपलब्ध है।