A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में चलती से ट्रेन से टकराया चील और टूट गया शीशा, ड्राइवर घायल, वीडियो वायरल

जम्मू-कश्मीर में चलती से ट्रेन से टकराया चील और टूट गया शीशा, ड्राइवर घायल, वीडियो वायरल

जम्मू-कश्मीर में चलती हुई ट्रेन से चील टकराने के बाद ड्राइवर घायल हो गया। इसके बाद ट्रेन रोकने पड़ी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

चलती से ट्रेन से टकराया चील और टूट गया शीशा - India TV Hindi
Image Source : REPORTER चलती से ट्रेन से टकराया चील और टूट गया शीशा

श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर में चलती हुई ट्रेन से एक चील टकरा गया। इससे ट्रेन के इंजन का शीशा टूट गया। इससे ट्रेन का लोकोपायलट घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, बारामूला से बनिहाल जा रही उत्तर रेलवे की ट्रेन संख्या 74626 से आज सुबह बिजबेहरा और अनंतनाग रेलवे स्टेशनों के बीच एक पक्षी टकरा गया। इससे लोको पायलट विशाल को मामूली चोटें आईं। घायल पायलट को अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिया गया और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

लोकोपायलट को लगी चोट

इस अप्रत्याशित घटना के घायल ड्राइवर को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में रोकना पड़ा। घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रेन का आगे का शीशा टूटा हुआ और केबिन के फर्श पर चील बैठी दिखाई दे रही है। फिर कैमरा लोकोपायलट पर जाता है, जो कांपता हुआ दिखाई दे रहा है, उसकी नाक पर गहरी खरोंच है और माथे पर भी चोटें हैं।

वीडियो रिकॉर्ड कर रहे व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "यह चील उड़कर विंडशील्ड में आ गई और शीशा तोड़कर ड्राइवर को घायल कर दिया। ट्रेन बारामूला से बनिहाल जा रही थी। चील अभी भी यहीं बैठी है।" ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

यहां देखें वीडियो

ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित

एक अधिकारी ने पुष्टि की कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और आवश्यक जांच के बाद ट्रेन को फिर से रवाना कर दिया गया। रेलवे का कहना है कि इस घटना के बाद कुछ देर के लिए ट्रेन को रोका गया था। बता दें कि 2 सितंबर को नागपुर-कोलकाता इंडिगो की एक उड़ान पक्षी से टकराने के कारण रद्द कर दी गई थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद एक पक्षी से टकराने के बाद विमान नागपुर हवाई अड्डे पर वापस लौट आया। एहतियात के तौर पर 160 से 165 यात्रियों को ले जा रहे विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा।