1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. भूकंप के झटकों से हिली जम्मू-कश्मीर की धरती, घर से बाहर निकले लोग, जानिए कहां रहा इसका केंद्र?

भूकंप के झटकों से हिली जम्मू-कश्मीर की धरती, घर से बाहर निकले लोग, जानिए कहां रहा इसका केंद्र?

भूकंप के झटकों के डर से स्थानीय लोग घर से बाहर निकल आए। भूकंप की गहराई धरती से 10 किलोमीटर अंदर थी। भूकंप के झटकों से जम्मू-कश्मीर में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

भूकंप से कांपी धरती- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO भूकंप से कांपी धरती

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे पड़ोसी देश पाकिस्तान में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई धरती से 10 किलोमीटर अंदर थी। इसके झटके कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार श्रीनगर, जम्मू, शोपियां और कश्मीर क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों में लोगों ने भूकंप महसूस किया। डर की वजह से लोग घर के बाहर निकल आए। हालांकि, घाटी में किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।  

ये रहा भूकंप का केंद्र

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का सटीक स्थान अक्षांश: 33.70 उत्तर, देशांतर: 72.43 पूर्व रहा है। पाकिस्तान में आए भूकंप के कई वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भूकंप आने से यहां के लोग काफी डर गए। स्थानीय लोग अभी भी भूकंप को लेकर सतर्क हैं।

इसके पहले भी जम्मू-कश्मीर में आ चुके हैं भूकंप के झटके

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पहले भी कई बार भूकंप आ चुके हैं। 4 जून, 2023 को डोडा जिले में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके पूरे उत्तर भारत में महसूस हुए थे। इसका केंद्र डोडा था। 28 मई, 2023 को भी जम्मू-कश्मीर में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा पर 220 किमी गहराई में था। 

जानिए क्यों आते हैं भूकंप के झटके?

भूकंप पृथ्वी की सतह पर होने वाली प्राकृतिक घटनाएं हैं, जो मुख्य रूप से टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण आते हैं। पृथ्वी की बाहरी परत (क्रस्ट) कई विशाल टुकड़ों में बंटी है, जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट्स कहते हैं। ये प्लेट्स लगातार धीमी गति से हिलती रहती हैं। जब ये प्लेट्स एक-दूसरे के खिलाफ टकराती हैं, खिसकती हैं, या अलग होती हैं, तो तनाव जमा होता है। यह तनाव अचानक रिलीज होने पर भूकंप आता है।