1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जंगल में छिपा, दाढ़ी-मूंछ साफ कर हुलिया बदला, फिर भी NCB से नहीं बच पाया फरार तस्कर

जंगल में छिपा, दाढ़ी-मूंछ साफ कर हुलिया बदला, फिर भी NCB से नहीं बच पाया फरार तस्कर

NCB ने जम्मू से हिरासत में भागे ड्रग तस्कर आकिब बशीर को 3 दिन बाद पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार कर लिया। 522 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया बशीर जंगल में छिप गया था और बाद में दाढ़ी-मूंछ व बाल साफ कर हुलिया बदल लिया था।

NCB Jammu, drug smuggler arrested, Aqib Bashir- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV NCB ने हिरासत से भागे ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

Highlights

  • NCB की हिरासत से भागा आरोपी तीन दिन बाद जालंधर में दोबारा गिरफ्तार हुआ।
  • बशीर ने पहचान छिपाने के लिए हुलिया बदला, जंगल में छिपा और जालंधर पहुंचा।
  • एक महीने में NCB ने 6.920 किलो हेरोइन जब्त कर 6 आरोपियों को पकड़ा।

जम्मू: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी कि NCB की जम्मू यूनिट ने अपनी हिरासत से भागे एक ड्रग तस्कर को 3 दिन बाद पंजाब के जालंधर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश में जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस ने भी NCB का साथ दिया। आरोपी की पहचान आकिब बशीर के रूप में हुई है। वह पुलवामा जिले के काकापोरा का रहने वाला है। NCB के प्रवक्ता के मुताबिक, बशीर 6-7 सितंबर की रात जम्मू के नरवाल इलाके में NCB की हिरासत से फरार हो गया था।

बस से 522 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था

NCB ने बशीर को 3 सितंबर को सांबा जिले में एक यात्री बस से 522 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे NCB की हिरासत में रखा गया था, लेकिन वह नरवाल से भागने में सफल रहा। NCB के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू से भागने के बाद बशीर पठानकोट के रास्ते जालंधर पहुंचा। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी-मूंछ और बाल साफ कर अपना हुलिया बदल लिया, कपड़े बदले और अपना रूप-रंग पूरी तरह बदलने की कोशिश की।

पहले जंगल में छिपा, फिर जालंधर में ली शरण

भागने के बाद बशीर ने शुरुआत में नरवाल फल मंडी के पास जंगल के इलाके में छिपकर समय बिताया। इसके बाद उसने जालंधर में अपने संपर्कों की मदद ली और वहां शरण लेकर सुरक्षा एजेंसियों से बचने की कोशिश की। NCB के मुताबिक, खुफिया जानकारी और ग्राउंड एक्शन के जरिए जांच टीमों को उसके ठिकाने का पता चला। एजेंसियों ने उसे उस समय गिरफ्तार किया, जब वह दिल्ली या किसी दूसरे राज्य की ओर जाने की तैयारी कर रहा था।

3 एजेंसियों ने मिलकर चलाया ऑपरेशन

NCB ने बताया कि बशीर को पकड़ने के लिए NCB, जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस ने मिलकर अभियान चलाया। एजेंसियों के बीच मिले खुफिया इनपुट और लगातार की गई फील्ड कार्रवाई से उसकी लोकेशन का पता चला और उसे जालंधर में दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। NCB के मुताबिक, बशीर की गिरफ्तारी जम्मू डिवीजन में चलाए जा रहे एक महीने लंबे अभियान का हिस्सा है। बता दें कि इसके पहले भी जम्मू-कश्मीर में ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती रही है, और मई में एक स्मगलर के घर पर बुलडोजर तक चला था

एक महीने में 6.920 किलो हेरोइन बरामद

NCB ने जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने वाले नशा तस्करों के 2 अलग-अलग रास्तों का पता लगाया है। पहला रास्ता पाकिस्तान से उरी सेक्टर के जरिए जम्मू-कश्मीर तक हेरोइन पहुंचाने का है। दूसरा रास्ता पंजाब के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से जम्मू-कश्मीर में नशीले पदार्थ पहुंचाने का है। NCB ने पिछले एक महीने में की गई 4 अलग-अलग बरामदगी में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। पंजाब में हुई एक जुड़ी हुई बरामदगी को भी इसमें शामिल किया गया है। इन मामलों में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: बरेली में 2.60 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, देहरादून जा रही थी खेप