1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पहलगाम के एक होटल के खिलाफ FIR, विदेशी पर्यटकों के ठहरने की जानकारी छुपाने का आरोप; जानें पूरा मामला

पहलगाम के एक होटल के खिलाफ FIR, विदेशी पर्यटकों के ठहरने की जानकारी छुपाने का आरोप; जानें पूरा मामला

जम्मू कश्मीर के पहलगाम के एक होटल के खिलाफ FIR दर्ज होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल ने इमिग्रेशन और विदेशियों से जुड़े कानून का उल्लंघन किया है।

सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE) सांकेतिक फोटो

J&K पुलिस ने सोमवार को पहलगाम के एक होटल के खिलाफ FIR दर्ज की। होटल पर इमिग्रेशन और विदेशियों से जुड़े कानून का उल्लंघन करने का आरोप है, क्योंकि उसने 19 ब्रिटिश नागरिकों सहित 23 विदेशी नागरिकों के अपने यहां ठहरने की जानकारी नहीं दी थी। बता दें कि होटलों के लिए अनिवार्य 'फॉर्म C' ऑनलाइन जमा करना जरूरी होता है, जिसके जरिए विदेशियों का रजिस्ट्रेशन किया जाता है।

पुलिस ने बताया कि अनंतनाग जिले के पहलगाम के देहवाटू इलाके में नियमित जांच के दौरान यह पता चला कि 19 ब्रिटिश नागरिकों सहित 23 विदेशी नागरिक 22 मार्च की शाम को 'होटल मिस्टी माउंटेन्स लद्दी' में आकर ठहरे थे। 

जानबूझकर छिपाई विदेशी नागरिकों के ठहरने की बात- पुलिस

पुलिस ने एक बयान में कहा, "होटल प्रबंधन ने जानबूझकर पहलगाम पुलिस स्टेशन से उनके ठहरने की बात छिपाई और अनिवार्य 'फॉर्म C' जमा नहीं किया। इस तरह उन्होंने 'विदेशियों और इमिग्रेशन एक्ट, 2025' के प्रावधानों का उल्लंघन किया और सुरक्षा से जुड़े तय नियमों से समझौता किया।" इसके चलते, कानून की संबंधित धाराओं के तहत पहलगाम पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने कानूनी नियमों का पालन करने की अपील की 

अनंतनाग पुलिस ने सभी होटल संचालकों से अपील की है कि वे विदेशी मेहमानों के ठहरने की जानकारी देने से जुड़े कानूनी नियमों का सख्ती से पालन करें।

छह मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार 

वहीं, उधमपुर और सांबा जिलों में पुलिस ने छह कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस जांच दल ने तीन आरोपियों को अलग-अलग इलाके से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी महनदीप सिंह को मजालता के मनवाल चौक, सुरेश कुमार को देविका के पास सर्कुलर रोड और विक्रम कुमार को गोला मेला से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि सिंह से 10.27 ग्राम, सुरेश से 1.54 ग्राम और विक्रम से 5.74 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।