जम्मू-कश्मीर के आर.एस. पुरा स्थित किशोर सुधार गृह से दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गए। फरार होने से पहले इन कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर हिरासत से फरार हो गए। ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कैसे हुई वारदात?
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, सुधार गृह में बंद तीनों कैदियों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनकी पहचान SPO विनय कुमार और हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। पुलिसकर्मियों को घायल करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
फरार आरोपियों की पहचान
फरार हुए तीनों आरोपियों में से दो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहने वाले हैं-
- अहसान अनवर: पुत्र मोहम्मद अनवर, निवासी ननकाना साहिब, पंजाब (पाकिस्तान)
- मोहम्मद सनाउल्लाह: पुत्र मोहम्मद जफर, निवासी बस्ती जावेवाला, मुजफ्फराबाद, पंजाब (पाकिस्तान)
- करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा: पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी दलेहर, आर.एस. पुरा (स्थानीय निवासी)
पूरे इलाके में नाकेबंदी और हाई अलर्ट
पाकिस्तानी नागरिकों के फरार होने की खबर मिलते ही जम्मू पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। जम्मू और आस-पास के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी कर दी है और वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, ताकि सीमा पार भागने से पहले उन्हें पकड़ा जा सके।
(रिपोर्ट- राही कपूर)
ये भी पढ़ें-
"बड़े नादान हैं कांग्रेसी", विपक्ष पर भड़के CM मोहन यादव, बोले- बजट का अभिभाषण आईना है
युवक के एकतरफा प्यार से तंग आ गई थी 2 बच्चों की मां, माता-पिता के साथ मिलकर की हत्या; खेत में गाड़ दिया