A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 36 साल बाद खुला श्रीनगर का प्राचीन रघुनाथ मंदिर, भक्तों ने भव्य समारोह में मनाई राम नवमी

36 साल बाद खुला श्रीनगर का प्राचीन रघुनाथ मंदिर, भक्तों ने भव्य समारोह में मनाई राम नवमी

श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में स्थित रघुनाथ मंदिर को 36 साल बाद भक्तों के लिए दोबारा खोला गया। मंदिर में राम नवमी के अवसर पर भव्य समारोह हुआ जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया।

Raghunath Temple Kashmir, Raghunath Temple Kashmir reopening, Srinagar temple news- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हब्बा कदल इलाके में स्थित रघुनाथ मंदिर।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में स्थित प्राचीन रघुनाथ मंदिर 36 साल बाद हिंदू भक्तों के लिए खोल दिया गया है। गुरुवार को राम नवमी के पावन अवसर पर मंदिर को फिर से भक्तों के लिए खोला गया, जिससे स्थानीय हिंदू परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंदिर समिति ने इस मौके पर भव्य समारोह का आयोजन किया। झेलम नदी के किनारे बसा यह मंदिर फूलों और रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया गया। घंटे-घड़ियाल बजाए गए, मंत्रों का उच्चारण हुआ और भजन-कीर्तन की गूंज पूरे मंदिर परिसर में फैल गई।

18वीं शताब्दी में बनवाया गया था रघुनाथ मंदिर

हिंदू भक्तों ने 36 साल बाद यहां राम नवमी का त्योहार धूमधाम से मनाया। बता दें कि यह मंदिर 18वीं शताब्दी में महाराजा गुलाब सिंह द्वारा बनवाया गया था। पहले राम नवमी पर यहां सबसे बड़ा आयोजन होता था और शोभायात्राएं निकाली जाती थीं। लेकिन 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन के बाद मंदिर बंद हो गया था और तब से यह बंद पड़ा था। अब मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिससे हिंदू समुदाय काफी प्रसन्न है। खास बात यह है कि मंदिर के नवीनीकरण में स्थानीय मुस्लिम परिवारों ने भी खूब मदद की। पुरानी परंपरा को निभाते हुए हवन-पूजन के लिए मुस्लिम घरों से लकड़ियां और चावल लाए गए।

जम्मू में भी निकाली गई भव्य शोभायात्रा

हिंदू परिवारों ने बताया कि भक्तों के लिए मंदिर खोले जाने के बाद उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब कश्मीरी पंडितों की वापसी भी जल्द शुरू हो जाएगी। बता दें कि इसी बीच जम्मू में राम नवमी के अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और त्योहार को धूमधाम से मनाया। चैत्र नवरात्रि के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा बेस कैंप पर भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, लगातार आने वाले तीर्थयात्रियों से कटरा बेस कैंप पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।