जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में गुरुवार को एक प्लेन से पक्षी टकरा गया। इसके बाद पूरे प्लेन को खाली करा दिया गया। यात्रियों को दूसरे प्लेन में बैठाकर रवाना किया गया और एहतियातन पूरे प्लेन की जांच की गई। इंडिगो की फ्लाइट श्रीनगर एयरपोर्ट से रवाना होने वाली थी। हालांकि, जब विमान एयरपोर्ट पर खड़ा था, तभी उससे एक पक्षी टकरा गया। इसके बाद फ्लाइट संख्या 6E2397 लेट कर दी गई। सभी यात्रियों को दूसरे प्लेन में शिफ्ट किया गया। इस घटना में अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे पहले पटना से दिल्ली आ रहा विमान भी पक्षी के टकराने के बाद पटना एयरपोर्ट रवाना हो गया था। इस विमान में 175 यात्री सवार थे। गनीमत थी कि इस घटना में भी किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।
175 यात्रियों को ले जा रहा विमान वापस लौटा
बुधवार को पटना से 175 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान से पक्षी टकरा गया था। इस घटना के बाद विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। ऐसे में पायलट ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्परता दिखाई और विमान को वापस लौटाकर पटना ले जाया गया। पटना से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान (उड़ान संख्या IGO5009) में बुधवार को सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद ही तकनीकी खराबी की समस्या सामने आई। इसके बाद विमान को वापस पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जाया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों का बयान
पटना एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया, "पटना से दिल्ली जाने वाले विमान के टेकऑफ करने के तुरंत बाद भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 42 मिनट पर विमान के पक्षी टकराने की सूचना सामने आई। जांच के दौरान रनवे पर टुकड़ों में एक मृत पक्षी मिला। एप्रोच कंट्रोल यूनिट के माध्यम से विमान को भी इसकी सूचना दी गई। एप्रोच कंट्रोल यूनिट से संदेश मिला कि एक इंजन में कंपन के कारण विमान को पटना वापस आने का अनुरोध किया गया था। स्थानीय स्टैंड-बाय घोषित किया गया और विमान भारतीय समयानुसार सुबह 9:03 बजे रनवे 7 पर सुरक्षित रूप से उतर गया।" एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में सवार सभी 175 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
यह भी पढ़ें-
अमरनाथ यात्रा काफिले की एक कार डिवाइडर से टकराई, ड्राइवर घायल; बाल-बाल बचे श्रद्धालु
अमरनाथ यात्रा : पहले छह दिन में 1 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन, बम-बम भोले के नारों से गुंजायमान है घाटी