1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुर्रियत के पूर्व प्रमुख के आवासों समेत कई जगह पर की छापेमारी; जानें वजह

जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हुर्रियत के पूर्व प्रमुख के आवासों समेत कई जगह पर की छापेमारी; जानें वजह

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हुर्रियत के पूर्व प्रमुख अब्दुल गनी भट के आवासों कई जगहों पर रेड की। जानकारी के अनुसार, भट के आवासों पर छापे मारे गए।

जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठनों को निशाना बनाकर घाटी में कई जगह पुलिस की छापेमारी (सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI(FILE) जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठनों को निशाना बनाकर घाटी में कई जगह पुलिस की छापेमारी (सांकेतिक फोटो)

जम्मू-कश्मीर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों की जांच के तहत हुर्रियत के पूर्व प्रमुख अब्दुल गनी भट के आवासों समेत कश्मीर घाटी में कई जगहों  पर छापेमारी की। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार,  श्रीनगर, बारामूला और अनंतनाग समेत कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर दो दिन छापे मारे गए। पुलिस ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज मामले बैन संगठनों से संबंधित हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर मुस्लिम कॉन्फ्रेंस (भट ग्रुप), जम्मू-कश्मीर मुस्लिम लीग (मसरत आलम ग्रुप) और जम्मू-कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी (शब्बीर शाह ग्रुप) शामिल हैं। 

अधिकारियों के मुताबिक भट के दो आवासों पर छापे मारे गए। इनमें से एक बारामूला में और दूसरा श्रीनगर के वजीर बाग में स्थित है। भट जम्मू-कश्मीर मुस्लिम कॉन्फ्रेंस (भट ग्रुप) का प्रमुख है, जो हुर्रियत कॉन्फ्रेंस का एक घटक है। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी के प्रमुख शब्बीर अहमद शाह के घर पर भी रेड मारी गई। 

क्यों की गई छापेमारी?

आधिकारिक बयान के मुताबिक, जिन अन्य नेताओं के ठिकानों पर छापे मारे गए उनमें तहरीक-ए-हुर्रियत प्रमुख मसरत आलम भट, गुलाम नबी सुंबजी, मुश्ताक अहमद भट (उर्फ गुग्गा), गुलाम नबी वागय, फिरोज अहमद खान और मोहम्मद नजीर खान, हकीम अब्दुल राशिद और जावेद अहमद मुंशी (उर्फ बिलपापा) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन बैन संगठनों के संदिग्ध सदस्यों के संबंध में और विभिन्न मामलों में की जांच के तहत छापेमारी की गई। 

हाल में आठ घर जलकर हो गए थे खाक 

बता दें कि जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में बीते शनिवार को करीब आठ घर जलकर खाक हो गए थे। इस घटना से 11 परिवार बेघर हो गए। अधिकारियों ने बताया था कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा था कि यह आग शहीदगंज इलाके के एक घर में आज सुबह लगी और यह आसपास के घरों में भी फैल गई। अधिकारियों के मुताबिक आग की चपेट में आने से आठ घर जलकर खाक हो गए थे। (इनपुट- भाषा)