जम्मू-कश्मीर की उमर अब्दुल्ला सरकार ने गरीब परिवारों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत आने वाले करीब 2.22 लाख परिवारों को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना पर काम तेज कर दिया है। इसके लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है।
तैयार की जा रही लिस्ट
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जो AAY श्रेणी में पंजीकृत हैं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में आते हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड का मिलान कर पात्र परिवारों की सूची तैयार करें, ताकि योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
बिजली खर्च के बोझ से मिलेगी राहत
प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों पर बिजली खर्च का बोझ कम करना और उन्हें राहत प्रदान करना है। पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र परिवारों को जल्द ही मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
क्या है AYY योजना
बता दें कि अंत्योदय अन्न योजना (AAY) भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है। इसका उद्देश्य सबसे गरीब परिवारों को सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है। यह योजना साल 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान शुरू की गई थी। इसका मकसद गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अत्यंत गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा देना है।